AC खरीदने जा रहे हैं? जानिए ड्यूल इन्वर्टर और सिंगल इन्वर्टर में कौन देगा ज्यादा फायदा
गर्मी के मौसम में AC खरीदते समय अधिकांश लोग सिंगल इन्वर्टर और ड्यूल इन्वर्टर मॉडल के बीच उलझन में पड़ जाते हैं. दोनों तकनीकें बिजली बचत और बेहतर कूलिंग का दावा करती हैं, लेकिन इनके काम करने के तरीके और प्रदर्शन में बड़ा अंतर है. ऐसे में सही विकल्प चुनने से पहले यह जानना जरूरी है कि कौन-सा AC आपकी जरूरत और बजट के लिए बेहतर रहेगा.

Dual Inverter vs Single Inverter AC : चढ़ते पारे और तपती धरती के बीच AC अब लग्जरी नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है. ऐसे में AC खरीदते समय लोगों के मन में कई सवाल आते हैं, जैसे – AC हर महीने कितनी बिजली खाएगा? 3-स्टार और 5-स्टार AC में कौन बेहतर है? क्या AC ब्लास्ट हो सकता है? और सिंगल इन्वर्टर व ड्यूल इन्वर्टर AC में क्या फर्क है?
बाजार में सिंगल इन्वर्टर और ड्यूल इन्वर्टर AC के कई विकल्प मौजूद हैं, जिससे ग्राहकों के लिए सही चुनाव करना आसान नहीं रह गया है. दोनों तकनीकों के अपने-अपने फायदे हैं, लेकिन बिजली की बचत, शोर और लंबे समय तक इस्तेमाल के लिहाज से इनके बीच बड़ा अंतर देखने को मिलता है.
सिंगल और ड्यूल इन्वर्टर AC कैसे करते हैं काम?
सिंगल इन्वर्टर AC में एक रोटरी सिलेंडर वाला कंप्रेसर होता है, जो जरूरत के अनुसार अपनी स्पीड कम या ज्यादा करता है. वहीं ड्यूल इन्वर्टर AC में दो रोटरी सिलेंडर लगे होते हैं, जो कंप्रेशन का भार आपस में बांटते हैं. इससे कंप्रेसर अधिक बैलेंस तरीके से काम करता है और उसकी कार्यक्षमता बढ़ जाती है.
बिजली बचत में कौन है आगे?
ड्यूल इन्वर्टर AC का कंप्रेसर ज्यादा व्यापक स्पीड रेंज पर काम कर सकता है. कमरे के ठंडा होने के बाद यह अपनी गति काफी कम कर देता है, जिससे बिजली की खपत घटती है. यही वजह है कि ड्यूल इन्वर्टर मॉडल अक्सर बेहतर ISEER रेटिंग और हाई BEE स्टार रेटिंग के साथ आते हैं. जो लोग रोजाना कई घंटों तक AC चलाते हैं, उन्हें इससे अच्छी बिजली बचत मिल सकती है.
शोर और कूलिंग में भी दिखता है फर्क
ड्यूल इन्वर्टर AC का आउटडोर यूनिट अपेक्षाकृत कम आवाज करता है क्योंकि इसके दोनों सिलेंडर कंपन को संतुलित कर देते हैं. इसके अलावा यह कमरे को तेजी से ठंडा करता है और तापमान को अधिक स्थिर बनाए रखता है. हालांकि सिंगल इन्वर्टर AC भी पारंपरिक नॉन-इन्वर्टर मॉडल की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन करता है.
खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
अगर आपका AC रोजाना पांच घंटे या उससे अधिक चलता है, तो ड्यूल इन्वर्टर AC बेहतर साबित हो सकता है. वहीं तीन से चार घंटे के सीमित उपयोग के लिए सिंगल इन्वर्टर AC भी अच्छा विकल्प है. AC खरीदते समय केवल इन्वर्टर तकनीक ही नहीं, बल्कि BEE स्टार रेटिंग और ISEER स्कोर पर भी ध्यान देना चाहिए. कई बार पांच-स्टार सिंगल इन्वर्टर AC, तीन-स्टार ड्यूल इन्वर्टर मॉडल से कम बिजली खर्च करता है.
यह भी पढ़ें : AC चलाकर सोने से स्किन हो जाती है ड्राई तो अपनाएं ये आसान तरीका, ड्राईनेस से राहत दिला सकती है यह टिप