AC चलाकर सोने से स्किन हो जाती है ड्राई तो अपनाएं ये आसान तरीका, ड्राईनेस से राहत दिला सकती है यह टिप

अगर AC चलाकर सोने के बाद सुबह आपकी स्किन रूखी लगती है तो एक आसान घरेलू उपाय राहत दे सकता है.AC कमरे की नमी कम कर देता है जिससे त्वचा और आंखों में सूखापन बढ़ सकता है. ऐसे में कमरे में पानी से भरी बाल्टी या बर्तन रखने से हवा में थोड़ी नमी बनी रह सकती है.

AC कमरे की नमी कम कर देता है जिससे त्वचा और आंखों में सूखापन बढ़ सकता है. Image Credit: money9live

AC Dry Skin: गर्मी के मौसम में लोग पूरी रात AC चलाकर सोना पसंद करते हैं. लेकिन कई लोगों की शिकायत रहती है कि सुबह उठने पर उनकी स्किन रूखी और बेजान लगती है. डॉक्टरों का कहना है कि AC कमरे की नमी कम कर देता है, जिससे त्वचा की नमी भी कम होने लगती है. इसी परेशानी से राहत के लिए एक्सपर्ट्स ने एक आसान घरेलू तरीका बताया है. अगर आप AC वाले कमरे में एक बाल्टी या बर्तन में पानी रख दें तो इससे कमरे की नमी कुछ हद तक बनी रह सकती है. इससे स्किन ड्राईनेस और आंखों में सूखापन कम करने में मदद मिल सकती है.

AC क्यों करता है स्किन को ड्राई

जानकारों के मुताबिक, AC हवा को ठंडा करने के साथ कमरे से नमी भी खींच लेता है. जब हवा में नमी कम होती है तो उसका असर शरीर पर भी दिखता है. इससे स्किन रूखी हो सकती है. कई लोगों को आंखों में जलन या गले में सूखापन भी महसूस होता है. लंबे समय तक AC में रहने से यह परेशानी और बढ़ सकती है. इसलिए कमरे की नमी बनाए रखना जरूरी है.

पानी की बाल्टी रखने से कैसे मिलती है राहत

जानकारों का कहना है कि कमरे में पानी की बाल्टी या बर्तन रखने से पानी धीरे- धीरे हवा में भाप के रूप में मिल सकता है. इससे कमरे में थोड़ी नमी वापस आ सकती है. हालांकि यह किसी ह्यूमिडिफायर जितना असरदार नहीं होता. लेकिन छोटे कमरे या हल्के AC कूलिंग में यह तरीका राहत दे सकता है. अगर चौड़े बर्तन में पानी रखा जाए तो नमी और तेजी से फैल सकती है.

AC में सोते समय और क्या सावधानी रखें

जानकार सलाह देते हैं कि AC का तापमान बहुत कम न रखें. 22 से 26 डिग्री के बीच तापमान आरामदायक माना जाता है. रात में AC को 2 से 3 घंटे बाद बंद होने के लिए टाइमर पर लगाया जा सकता है. इससे शरीर लगातार ठंडी और सूखी हवा के संपर्क में नहीं रहता. दिन में कुछ समय खुली हवा में बिताना भी शरीर के लिए अच्छा माना जाता है.

यह भी पढ़ें- केदारनाथ जाने वालों के लिए जरूरी खबर, भारी बारिश के चलते यात्रा रोकी गई, जानें कब शुरू होगी

ड्राईनेस से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके

जानकारों के मुताबिक शरीर में पानी की कमी न होने देना बहुत जरूरी है. इसके लिए दिन भर पर्याप्त पानी पीना चाहिए. स्किन पर मॉइश्चराइजर लगाने से भी राहत मिल सकती है. अगर AC ज्यादा इस्तेमाल करते हैं तो ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसके अलावा कमरे के AC फिल्टर की सफाई भी जरूरी है ताकि धूल और एलर्जी की समस्या कम हो सके. इन आसान उपायों से AC की ठंडक का मजा भी लिया जा सकता है और त्वचा को सूखने से भी बचाया जा सकता है.