लैपटॉप चार्जर की इस छोटी काली गांठ में छिपा है बड़ा साइंस! 90% लोग नहीं जानते होंगे इसका असली काम

क्या आपने कभी लैपटॉप चार्जर की केबल पर लगी काली ‘गांठ’ पर ध्यान दिया है? यह सिर्फ डिजाइन नहीं, बल्कि आपके लैपटॉप को इलेक्ट्रॉनिक शोर, वोल्टेज फ्लक्चुएशन और मदरबोर्ड डैमेज से बचाने वाली अहम तकनीक है. जानिए Ferrite Bead का पूरा विज्ञान और क्यों यह हर ओरिजिनल चार्जर में जरूरी होती है.

Laptop Charger Image Credit: Money9 Live

अगर आप लैपटॉप का इस्तेमाल करते हैं, तो आपने उसके चार्जर की केबल पर एक छोटी सी काली गांठ या बेलनाकार (Cylindrical) हिस्सा जरूर देखा होगा. अक्सर लोग इसे केवल डिजाइन या केबल को बांधने वाली कोई चीज समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्लास्टिक की यह छोटी सी ‘गांठ’ आपके महंगे लैपटॉप की सबसे बड़ी रक्षक है? अगर यह न हो, तो आपका लैपटॉप न सिर्फ खराब हो सकता है, बल्कि आपके घर के अन्य बिजली उपकरण भी गड़बड़ हो सकते हैं. आइए समझते हैं इस गांठ के पीछे का विज्ञान.

क्या है यह और इसे क्या कहते हैं?

इंजीनियरिंग की भाषा में इसे ‘फेराइट बीड’ (Ferrite Bead) या ‘फेराइट चोक’ कहा जाता है. यह कोई साधारण प्लास्टिक का टुकड़ा नहीं है. इसके अंदर ‘फेराइट’ नाम के एक चुंबकीय पदार्थ का इस्तेमाल किया जाता है, जो आयरन ऑक्साइड और अन्य धातुओं के मिश्रण से बना होता है. यह चार्जर के जरिए लैपटॉप तक पहुंचने वाली बिजली को ‘फिल्टर’ करने का काम करता है.

यह क्यों जरूरी है?

जब बिजली केबल के माध्यम से बहती है, तो वह एक रेडियो एंटीना की तरह काम करने लगती है. इससे ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंटरफेरेंस’ (EMI) या इलेक्ट्रॉनिक शोर पैदा होता है.

  • सटीक सिग्नल: यह गांठ उस अनावश्यक शोर या हाई-फ्रीक्वेंसी सिग्नल को सोख लेती है.
  • पड़ोसियों का बचाव: अगर यह न हो, तो आपके चार्जर से निकलने वाली रेडियो तरंगें आपके पास रखे टीवी, रेडियो या वाई-फाई के सिग्नल में बाधा डाल सकती हैं.
  • मदरबोर्ड की सुरक्षा: सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह वोल्टेज के उतार-चढ़ाव को नियंत्रित कर लैपटॉप के संवेदनशील मदरबोर्ड को जलने से बचाती है.

यह भी पढ़ें: टीवी रिमोट के 5 नंबर पर डॉट क्यों होता है? पीछे छिपी है ऐसी साइंस, जिसे जानकर आप भी कहेंगे- कमाल है!

क्या होगा अगर इसे हटा दिया जाए?

अगर आप अपने चार्जर से इस फेराइट बीड को हटा देते हैं, तो आपका लैपटॉप शायद तुरंत खराब न हो, लेकिन लंबे समय में यह उसके इंटरनल कंपोनेंट्स को नुकसान पहुंचाएगा. मॉनिटर की स्क्रीन झिलमिला सकती है या कीबोर्ड-माउस के काम करने में रुकावट आ सकती है.