TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

ईरान और ईजराइल के बीच सीजफायर, तेहरान बोला फिर हमला हुआ तो मिलेगा कड़ा जवाब

ईरान ने इजराइल के साथ हालिया तनाव के बीच अपने आक्रामक सैन्य अभियानों को रोकने की घोषणा की है. ईरानी सेना के संयुक्त कमांड ने कहा कि फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकी जा रही है, लेकिन यदि इजराइल या उसके सहयोगी किसी भी तरह की नई आक्रामक गतिविधि करते हैं तो पहले से अधिक कड़ा जवाब दिया जाएगा. हालिया हमलों के बाद पश्चिम एशिया में फिर से बड़े युद्ध की आशंका बढ़ गई थी, जिसके बीच यह बयान सामने आया है.

ईरान ने इजराइल के साथ हालिया तनाव के बीच अपने आक्रामक सैन्य अभियानों को रोकने की घोषणा की है. Image Credit: @AI

Iran Israel War: ईरान और ईजराइल के बीच एक बार फिर सीजफायर लागू हो गया है. इसकी जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने दी. इसके बाद ईरानी सेना के ज्वाइंट कमांड ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि ईरान ने फिलहाल अपने आक्रामक सैन्य अभियान रोक दिए हैं. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच फिर से हमले हुए थे. इन घटनाओं ने पश्चिम एशिया में व्यापक युद्ध की आशंकाओं को बढ़ा दिया था. हालांकि ईरान ने साफ कहा है कि यदि उस पर दोबारा हमला किया गया तो उसका जवाब पहले से कहीं अधिक कड़ा होगा.

ईरानी सेना ने रोका अभियान

ईरानी सेना के संयुक्त कमांड ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि वह अपने आक्रामक सैन्य अभियानों को फिलहाल रोक रही है. यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा था. ईरान का कहना है कि वह हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने के लिए तैयार है.

हालिया हमलों से बढ़ा था तनाव

हाल के दिनों में इजराइल और ईरान ने एक दूसरे पर हमला किया था. यह घटनाक्रम उस युद्धविराम के बाद हुआ, जिसे दो महीने पहले अमेरिका की मध्यस्थता से लागू किया गया था. इन हमलों ने पश्चिम एशिया में फिर से बड़े संघर्ष की आशंका पैदा कर दी थी.

इजराइल को दी सख्त चेतावनी

ईरान ने अपने बयान में कहा कि यदि इजराइल या उसके समर्थक किसी भी प्रकार की नई आक्रामक कार्रवाई करते हैं तो उसका जवाब पहले से कहीं अधिक कठोर होगा. ईरानी सेना ने कहा कि किसी भी दुश्मनी भरे कदम को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.

दक्षिणी लेबनान का भी किया जिक्र

ईरानी सेना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दक्षिणी लेबनान में भी कोई सैन्य कार्रवाई या तनाव बढ़ाने वाला कदम उठाया गया तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं. ईरान ने संकेत दिया कि वह क्षेत्रीय घटनाओं पर भी करीबी नजर रखे हुए है.

यह भी पढ़ें- दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था संकट में! 39 ट्रिलियन डॉलर के कर्ज में डूबा अमेरिका, रिकॉर्ड पर बॉन्ड यील्ड

पश्चिम एशिया में फिर बढ़ी युद्ध की आशंका

हालिया घटनाएं पश्चिम एशिया को एक बार फिर बड़े संघर्ष की ओर धकेल सकती हैं. हालांकि ईरान द्वारा सैन्य अभियान रोकने की घोषणा को तनाव कम करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है, लेकिन क्षेत्र की स्थिति अभी भी संवेदनशील बनी हुई है. इसका असर कल शेयर मार्केट और कच्चे तेल की कीमतों पर देखने को मिल सकती हैं.