सुपरकार लवर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! भारत में फरारी ₹3 करोड़ हो जाएंगी सस्ती, जानें किस मॉडल पर कितनी बचत
भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच होने वाले मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का बड़ा फायदा अब सुपरकार खरीदारों को मिलने वाला है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Ferrari अपनी कारों की कीमतों में भारत में करीब 30% तक कटौती कर सकती है.
Ferrari price cut India: अगर आप भी सुपरकार के शौकीन हैं या गैरेज में ‘फरारी’ खड़ी करने का सपना देखते हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है. भारत में फरारी कारों की कीमतों में इतनी भारी कटौती होने जा रही है, जितनी कई लग्जरी कारों की कुल कीमत भी नहीं होती. ऑटोकार इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच होने वाले ‘मुक्त व्यापार समझौते’ (FTA) के चलते इतालवी ऑटोमेकर फरारी (Ferrari) अपनी नई कारों की कीमतों में करीब 30% तक की कटौती करने जा रही है. इसका मतलब है कि कुछ मॉडल्स पर सीधे ₹3 करोड़ तक की बचत होगी.
दिलचस्प बात यह है कि डीलरों ने अभी से ही घटी हुई कीमतों (FTA रेट्स) पर नए ऑर्डर्स लेने शुरू कर दिए हैं.
क्यों और कैसे सस्ते हो रहे हैं दाम?
भारत में अभी विदेशों से पूरी तरह बनकर आने वाली (CBU) कारों पर 110% की भारी-भरकम इंपोर्ट ड्यूटी लगती है. लेकिन भारत-ईयू एफटीए (India-EU FTA) लागू होने के बाद इसे किस्तों में घटाया जाएगा:
- पहले साल कारों पर लगने वाला टैक्स 110% से घटकर सीधे 30% से 35% पर आ जाएगा.
- पांचवें साल तक यह ड्यूटी घटकर महज 10% रह जाएगी.
- समझौते के तहत इंजन और कीमत के हिसाब से कोटा तय किया गया है. पहले साल कुल 1,00,000 गाड़ियों के इम्पोर्ट का कोटा होगा, जो 10वें साल तक बढ़कर 1,60,000 यूनिट हो जाएगा.
चूंकि भारत-ईयू एफटीए समझौता 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत तक लागू होने की उम्मीद है और फरारी कार की डिलीवरी में 6 महीने से ज्यादा का वक्त लगता है, इसलिए कंपनी ने पहले ही बुकिंग्स पर डिस्काउंट देना शुरू कर दिया है.
जानिए किस मॉडल पर कितना बचेगा पैसा?
इस ऐतिहासिक फैसले के बाद फरारी के पेट्रोल-संचालित मॉडल्स की अनुमानित एक्स-शोरूम कीमतें कुछ इस तरह से बदल जाएंगी:
- Ferrari Purosangue: इस लग्जरी एसयूवी की मौजूदा कीमत ₹10.50 करोड़ है. दाम गिरने के बाद यह करीब ₹7.35 करोड़ से ₹7.59 करोड़ के बीच मिलेगी. यानी सीधे ₹2.91 करोड़ से ₹3.15 करोड़ तक की महा-बचत.
- Ferrari 12Cilindri Spider: इसकी कीमत ₹9.15 करोड़ से घटकर करीब ₹6.38 करोड़ (करीब ₹2.75 करोड़ की बचत) होने की उम्मीद है.
- Ferrari 12Cilindri Coupe: इसका दाम ₹8.50 करोड़ से घटकर ₹5.89 करोड़ के आसपास आ जाएगा (करीब ₹2.60 करोड़ की छूट).
- Ferrari Amalfi: भारत में आने वाली इस नई कार की संभावित कीमत ₹5.59 करोड़ से घटकर करीब ₹3.91 करोड़ से ₹4.08 करोड़ के दायरे में आ जाएगी.
यह भी पढ़ें: नई टेक्नोलॉजी और प्रीमियम लुक के साथ लौटेंगी ये कारें! Honda, Tata और Maruti की बड़ी तैयारी; जल्द आएगा फेसलिफ्ट वर्जन
इन दो शर्तों को जानना है बेहद जरूरी
इस समझौते में अभी हाइब्रिड (जैसे Ferrari 296 GTB) और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EVs) के टैक्स को लेकर पूरी स्पष्टता नहीं है, इसलिए घटे हुए दाम केवल शुद्ध पेट्रोल कारों पर ही मिलेंगे. भारतीय ईवी मार्केट की सुरक्षा के लिए शुरुआत में सस्ते ईवी को इस दायरे से बाहर रखा गया है.
अगर कोई ग्राहक आज गाड़ी बुक करता है लेकिन उसकी डिलीवरी समझौता लागू होने (कानूनी रूप से पास होने) से पहले हो जाती है, तो उसे पुरानी यानी महंगी कीमत ही चुकानी होगी. यह ऑफर केवल उन्हीं डिलीवरीज पर है जो एफटीए लागू होने के बाद की जाएंगी.
Latest Stories
लॉन्च से पहले दिखी 2026 Bajaj Pulsar 125, मिलेगा TFT डिस्प्ले
3.1 सेकंड में पकड़ लेती है 100 की रफ्तार! पेश हुई Aston Martin की सबसे पावरफुल कार Valen
रियर मसाज सीट, 360 डिग्री कैमरा और Gemini AI, Skoda Slavia Facelift से उठा पर्दा
