फ्लोर मैट से बिगड़ सकता है गाड़ी का कंट्रोल, छोटी लापरवाही से बढ़ेगा खतरा! जानें सही तरीका

गाड़ी में इस्तेमाल होने वाला फ्लोर मैट छोटी चीज लग सकता है, लेकिन यह आपकी सुरक्षा पर बड़ा असर डालता है. गलत या बिना फिटिंग वाला फ्लोर मैट ब्रेक पेडल के नीचे फंसकर इमरजेंसी में गाड़ी रोकने में बाधा बन सकता है. इसके अलावा यह क्लच और गियर सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाता है और एक्सीलरेटर फंसने का खतरा बढ़ा देता है. ऐसे में सही फिटिंग और एंटी-स्लिप फ्लोर मैट का चुनाव बेहद जरूरी है.

फ्लोर मैट Image Credit: AI/canva

Car Floor Mat Safety: सड़क पर गाड़ी चलाते समय हम अक्सर इंजन, ब्रेक, टायर और माइलेज जैसी बड़ी चीजों पर ध्यान देते हैं, लेकिन कई बार छोटी-सी चीज भी बड़े खतरे का कारण बन जाती है. ऐसी ही एक अनदेखी चीज है गाड़ी का फ्लोर मैट. दिखने में साधारण लगने वाला यह पायदान आपकी सुरक्षा, गाड़ी की परफॉर्मेंस और आपकी जेब, तीनों पर भारी पड़ सकता है. खासकर जब आप परिवार के साथ सफर कर रहे हों, तब एक छोटी-सी गलती भी बड़ा हादसा बन सकती है. गलत फ्लोर मैट के कारण कई बार गाड़ी का कंट्रोल बिगड़ जाता है और दुर्घटनाएं हो जाती हैं. इसलिए सुरक्षा के लिहाज से सही फ्लोर मैट का चुनाव बेहद जरूरी है.

इमरजेंसी में ब्रेक फेल होने का खतरा

अक्सर लोग गाड़ी में सस्ते या बिना फिटिंग वाले यूनिवर्सल फ्लोर मैट का इस्तेमाल कर लेते हैं. ये मैट गाड़ी के फर्श पर ठीक से सेट नहीं होते और चलते-चलते खिसक जाते हैं. जब अचानक ब्रेक लगाने की जरूरत पड़ती है, तो यही मैट ब्रेक पेडल के नीचे फंस सकते हैं.

ऐसी स्थिति में पेडल पूरी तरह से दब नहीं पाता और गाड़ी समय पर रुक नहीं पाती. एक्सपर्ट के मुताबिक, यह समस्या कई सड़क हादसों की वजह बन चुकी है. इसलिए हमेशा ऐसे फ्लोर मैट का इस्तेमाल करना चाहिए, जो गाड़ी के मॉडल के अनुसार सटीक फिटिंग में हों और फिसलें नहीं.

क्लच और गियर पर पड़ता है बुरा असर

गलत फ्लोर मैट का असर सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह गाड़ी के मैकेनिकल पार्ट्स को भी नुकसान पहुंचाता है. यदि मैट सही फिट नहीं है, तो क्लच पेडल पूरी तरह से दब नहीं पाता. इससे हाफ क्लच की स्थिति बनती है, जो क्लच प्लेट को तेजी से घिस देती है. नतीजतन, गियर शिफ्टिंग में दिक्कत आती है और गाड़ी की परफॉर्मेंस गिरने लगती है. लंबे समय में यह समस्या आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है, क्योंकि क्लच और गियर की मरम्मत या बदलाव में अच्छा-खासा खर्च आता है.

एक्सीलरेटर फंसने का जोखिम

गलत या ढीले फ्लोर मैट का एक और बड़ा खतरा एक्सीलरेटर पेडल से जुड़ा है. कई बार मैट इस तरह खिसक जाता है कि वह एक्सीलरेटर पेडल को दबाकर रख देता है. ऐसी स्थिति में गाड़ी अचानक तेज हो सकती है और ड्राइवर का नियंत्रण छूट सकता है. यह स्थिति बेहद खतरनाक होती है, खासकर ट्रैफिक या हाईवे पर. इसलिए यह जरूरी है कि मैट की क्वालिटी अच्छी हो और वह पेडल के रास्ते में बिल्कुल न आए.

सुरक्षा को दें प्राथमिकता, दिखावे को नहीं

अक्सर लोग गाड़ी के इंटीरियर को आकर्षक बनाने के लिए स्टाइलिश लेकिन खराब फ्लोर मैट खरीद लेते हैं. लेकिन याद रखें कि गाड़ी का असली मकसद सुरक्षित सफर है, न कि सिर्फ दिखावा. सही फिटिंग वाले, एंटी-स्लिप और मजबूत फ्लोर मैट आपकी गाड़ी की उम्र बढ़ाने के साथ-साथ आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं.

यह भी पढ़ें: 31 जुलाई तक बढ़ी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की सब्सिडी, सरकार ने टारगेट भी बढ़ाया