दो भारतीय LPG टैंकरों ने पार किया होर्मुज स्ट्रेट, सप्लाई संकट के बीच मिली बड़ी राहत

मध्य पूर्व तनाव के बीच भारत के दो एलपीजी टैंकर BW TYR और BW ELM सुरक्षित रूप से हॉर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं. ईरान ने भारत समेत कुछ देशों को राहत दी है. हालांकि अब भी करीब 20 भारतीय जहाज फंसे हैं. इससे LPG सप्लाई पर दबाव बना हुआ है और स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है.

होर्मुज स्ट्रेट से दो भारतीय टैंकर को गुजरने की मंजूरी.

पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. भारत के दो LPG टैंकर सुरक्षित रूप से फारस की खाड़ी से निकलकर हॉर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, BW TYR और BW ELM नाम के ये दोनों जहाज भारत के लिए लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस लेकर आ रहे हैं. इस दौरान दोनों जहाजों ने अपने ट्रांसपोंडर चालू रखे, जिससे यह संकेत मिलता रहे हैं.

ईरान का बयान और राहत

इस घटनाक्रम से पहले ईरान ने संकेत दिया था कि वह कुछ दोस्त देशों के जहाजों को हॉर्मुज से सुरक्षित गुजरने देगा.
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा था कि भारत, चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान से जुड़े जहाजों को रास्ता दिया जाएगा. हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि दुश्मन देशों से जुड़े जहाजों पर अब भी पाबंदियां रह सकती हैं.

अभी भी बनी हुई है दिक्कत

हालांकि दो जहाजों के निकलने से राहत जरूर मिली है, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 5 भारतीय टैंकर, जो ज्यादातर कच्चा तेल लेकर आ रहे हैं, अभी भी संयुक्त अरब अमीरात के पास रुके हुए हैं. कुल मिलाकर लगभग 20 भारतीय जहाज अभी भी गल्फ क्षेत्र में फंसे हुए हैं.

भारत LPG आयात के लिए इस क्षेत्र पर काफी निर्भर है. ऐसे में जहाजों की आवाजाही बाधित होने से सप्लाई पर दबाव बना हुआ है. हाल के हफ्तों में बहुत कम भारतीय जहाज हॉर्मुज स्ट्रेट पार कर पाए हैं, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है.

तनाव की वजह

यह पूरी स्थिति अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और उसके जवाब में ईरान की कार्रवाई के बाद बनी है.
हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर प्रस्तावित हमलों को कुछ समय के लिए टाल दिया है. लेकिन इजरायल की ओर से हमले जारी हैं.

इसे भी पढ़ें- युद्ध से बाजार में सुनामी! भयंकर टूटे Microsoft- NVIDIA जैसे महारथी स्टॉक्स; 1.72 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप खाक