₹49000 की EMI और ₹3 लाख एक्सचेंज इंसेंटिव, भारत में सेल बढ़ाने के लिए Tesla ने चला नया दांव
Tesla ने भारत में कमजोर बिक्री को बढ़ावा देने के लिए नई स्कीमें पेश की हैं. Model Y अब ₹49,000 की EMI और ₹6 लाख डाउन पेमेंट पर उपलब्ध है. साथ ही ₹3 लाख का एक्सचेंज इंसेंटिव भी दिया जा रहा है. कंपनी का दावा है कि ईवी पर स्विच करने से मासिक खर्च में बड़ी बचत होगी.
इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट की अमेरिकी दिग्गज कंपनी Tesla ने भारत में कमजोर बिक्री को रफ्तार देने के लिए नई स्कीमें लॉन्च की हैं. कंपनी ने ग्राहकों के लिए ईएमआई विकल्प और एक्सचेंज इंसेंटिव की घोषणा की है ताकि पेट्रोल-डीजल कारों से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर शिफ्ट को आसान बनाया जा सके. आइये जानते हैं कि कंपनी ने क्या घोषणा की है.
₹49,000 प्रति माह की शुरुआती EMI
टेस्ला इंडिया ने बताया कि अब ग्राहक Tesla Model Y को ₹49,000 प्रति माह की शुरुआती ईएमआई पर खरीद सकते हैं. इसके लिए ₹6 लाख का डाउन पेमेंट रखा गया है, जिससे प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार का मालिक बनना पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा सुलभ हो गया है. कंपनी का कहना है कि यह कदम उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर उठाया गया है, जो ईवी खरीदना तो चाहते हैं, लेकिन ऊंची शुरुआती कीमत के कारण फैसला टाल देते हैं.
₹3 लाख तक का एक्सचेंज इंसेंटिव
इसके अलावा, Tesla India पेट्रोल और डीजल कार से ईवी में शिफ्ट करने वाले ग्राहकों को ₹3 लाख तक का एक्सचेंज इंसेंटिव भी दे रही है. कंपनी के मुताबिक, इस पहल का मकसद ग्राहकों के लिए अपफ्रंट कॉस्ट कम करना और इलेक्ट्रिक वाहनों को ज्यादा आकर्षक बनाना है.
₹20,000 प्रति माह तक की बचत
कंपनी ने यह भी दावा किया कि Tesla Model Y पर स्विच करने से ग्राहक ईंधन और मेंटेनेंस लागत में करीब ₹20,000 प्रति माह तक की बचत कर सकते हैं. इससे ईवी रखने का कुल खर्च (Total Cost of Ownership) पारंपरिक वाहनों की तुलना में काफी कम हो जाता है. टेस्ला का कहना है कि इन लाभों के चलते मिड-सेगमेंट एसयूवी और सेडान के ग्राहक Tesla Model Y में अपग्रेड कर सकते हैं जहां प्रभावी ओनरशिप कॉस्ट ₹29,000 प्रति माह से शुरू हो जाती है.
भारत में बिकीं कितनी टेस्ला
टेस्ला इंडिया ने सितंबर 2025 में Model Y की डिलीवरी शुरू की थी. FADA के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी ने पिछले साल भारत में 225 यूनिट्स की बिक्री की. हालांकि यह संख्या अभी सीमित है, लेकिन कंपनी को उम्मीद है कि नई स्कीमें बिक्री बढ़ाने में मदद करेंगी.
EV की बिक्री में तेजी
इंडस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश में इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स की रिटेल बिक्री पिछले साल बढ़कर 1,76,817 यूनिट्स हो गई, जो 2024 के 99,875 यूनिट्स के मुकाबले 77 प्रतिशत की मजबूत बढ़त को दिखती है. ऐसे में Tesla India की नई रणनीति को तेजी से बढ़ते ईवी बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.




