Bank Holiday Alert! अगले हफ्ते 2 दिन बंद रहेंगे बैंक, 1 मई से पहले निपटा लें जरूरी काम, अगले महीने 13 छुट्टियां

मई की शुरुआत में बैंक से जुड़े काम हैं तो पहले ये खबर पढ़ लें. 1 मई और 3 मई को देशभर में बैंक बंद रहेंगे. जानिए पूरी छुट्टियों की लिस्ट और क्या सेवाएं रहेंगी चालू. इसमें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अवकाश शामिल हैं.

किस दिन बंद रहेंगे बैंक Image Credit: FreePik

Bank holidays May 2026: अप्रैल के आखिरी हफ्ते और मई की शुरुआत में अगर आप बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. अगले हफ्ते देशभर में बैंकों की छुट्टियों का असर देखने को मिलेगा. खासतौर पर 1 मई और 3 मई को बैंक बंद रहेंगे, जिससे नकद लेनदेन या चेक से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं. हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी, जिससे ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी.

किन तारीखों पर रहेंगे बैंक बंद

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार, 1 मई 2026 को देश के अधिकांश राज्यों में बैंक बंद रहेंगे. इस दिन महाराष्ट्र दिवस, बुद्ध पूर्णिमा, मजदूर दिवस (लेबर डे) और पंडित रघुनाथ मुर्मू की जयंती जैसे कई अवसरों के चलते अवकाश रहेगा. इसके अलावा 3 मई को रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे.

ध्यान देने वाली बात यह है कि 2 मई को शनिवार है, लेकिन उस दिन बैंक खुले रहेंगे क्योंकि यह महीने का पहला शनिवार है. RBI के नियमों के अनुसार, बैंक केवल दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं, जबकि पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को कामकाज सामान्य रहता है.

छुट्टियों में क्या रहेगा चालू

बैंक बंद होने के बावजूद ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी. ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी. आप पैसे ट्रांसफर, बिल भुगतान या बैलेंस चेक जैसे काम आसानी से कर सकेंगे. इसके अलावा एटीएम से नकद निकासी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.

हालांकि चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट या अन्य कागजी लेनदेन से जुड़े काम इन छुट्टियों के दौरान नहीं हो पाएंगे, क्योंकि ये सेवाएं नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत आती हैं.

मई में कुल कितनी रहेंगी छुट्टियां

मई 2026 में बैंकों के लिए कुल 13 छुट्टियां तय की गई हैं. इसमें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अवकाश शामिल हैं. प्रमुख छुट्टियों में 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर जयंती, 16 मई को स्टेट डे, 26 मई को काजी नजरुल इस्लाम जयंती और 27-28 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) शामिल हैं.

इसके अलावा मई में पांच रविवार (3, 10, 17, 24 और 31 मई) और दूसरे व चौथे शनिवार (9 और 23 मई) को भी बैंक बंद रहेंगे.

यह भी पढ़ें: गर्मियों की छुट्टियों में घर जाना होगा आसान, भारतीय रेलवे चलाएगा 18 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेन; जानें पूरी डिटेल

ग्राहकों के लिए सलाह

चूंकि अलग-अलग राज्यों में छुट्टियां अलग हो सकती हैं, इसलिए किसी भी जरूरी काम से पहले अपने स्थानीय बैंक शाखा की छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें. बेहतर होगा कि आप अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें, ताकि बाद में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.