अपने रिकॉर्ड हाई लेवल को तोड़ेगा कच्चा तेल! WTI 98 डॉलर पर, तो ब्रेंट 112 डॉलर के पार
पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध और तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल जारी है. होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के कारण वैश्विक सप्लाई पर खतरा गहराता ही जा रहा है. इसी बीच अमेरिका ने रूस और ईरान के तेल पर 30 दिनों की छूट देकर बाजार को अस्थायी राहत देने की कोशिश की है, लेकिन तेल की कीमतों में कोई गिरावट देखने को नहीं मिल रही है.
Crude Oil Price Today: पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध का असर अब पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है. अमेरिकी बेंचमार्क इंडेक्स (WTI) और ब्रेंट (Brent) की कीमतों में तेज उछाल देखा गया है. इसका सबसे बड़ा कारण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के बंद होने की आशंका है. इसी बीच अमेरिका ने तेल संकट को कम करने के लिए रूस और ईरान के तेल पर 30 दिनों के लिए कुछ प्रतिबंधों में ढील दी है, जिससे वैश्विक बाजार को अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है. इस ऐलान के बाद भी कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग थमने का नाम नहीं ले रहा है.
कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल
Trading Economics के आंकड़ों के अनुसार कच्चे तेल की कीमत लगभग 98 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट 112 डॉलर के पार पहुंच गया है. यह तेजी केवल मांग की वजह से नहीं, बल्कि युद्ध और सप्लाई में अनिश्चितता के कारण है. निवेशक भविष्य को लेकर चिंतित हैं, जिससे बाजार में अस्थिरता बढ़ी है. Wall Street Journal की एक रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब का मानन है कि अगर युद्ध अप्रैल के अंत तक चलता रहा तो तेल की कीमत 180 डॉलर प्रति बैरल तक भी पहुंच सकता है. हालांकि उससे पहले 150 डॉलर के स्तर को पार करना होगा.

होर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व
तेल की कीमतों में उछाल की एक वजह होर्मुज जलडमरूमध्य का बंद होना है. ईरान ने मार्च के शुरुआत में ही इस समुद्री रास्ते को बंद कर दिया. हालांकि भारत-चीन समेत कुछ देशों को यहां से गुजरने की छूट है. होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है, जहां से करीब 20% वैश्विक तेल सप्लाई गुजरती है. अगर यह रास्ता युद्ध के कारण बंद रहता है, तो तेल की कीमतों में तेजी आगे भी जारी रह सकता है.
अमेरिका का बड़ा फैसला: 30 दिन की राहत
तेल की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए अमेरिका ने रूस और ईरान के तेल पर लगे कुछ प्रतिबंधों को 30 दिनों के लिए ढीला कर दिया है. इस फैसले से लगभग 130–140 मिलियन बैरल तेल वैश्विक बाजार में आ सकता है, जिससे सप्लाई बढ़ेगी और कीमतों को स्थिर करने में मदद मिल सकती है. हालांकि यह राहत केवल अस्थायी है और मुख्य रूप से पहले से जहाजों में मौजूद तेल के लिए लागू की गई है.
पश्चिम एशिया का युद्ध और वैश्विक असर
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने तेल उत्पादन और सप्लाई को गंभीर रूप से प्रभावित किया है. हमलों और तनाव के कारण तेल टैंकरों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है. अगर हालात और बिगड़ते हैं, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है. तेल की कीमत बढ़ने से पेट्रोल-डीजल महंगे हो जाते हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की चीजों की कीमतें बढ़ती हैं. महंगाई बढ़ने से आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ता है और उद्योगों की लागत भी बढ़ जाती है. पश्चिम एशिया का यह संकट अब वैश्विक आर्थिक चुनौती बन चुका है. होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति और युद्ध के हालात आने वाले समय में तेल बाजार की दिशा तय करेंगे. अमेरिका द्वारा दी गई 30 दिन की राहत कुछ समय के लिए मदद कर सकती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए शांति और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ना जरूरी होगा.
Latest Stories
RCB की रेस में नया ट्विस्ट! अचानक बिड़ला-ब्लिट्जर ने मारी एंट्री, अब करोड़ों की इस डील में कौन मारेगा बाजी?
हवाई सफर हो सकता है महंगा, सरकार ने घरेलू उड़ानों पर से हटाई किराये की कैपिंग, इंडिगो संकट के समय किया था लागू
क्रिप्टो दुनिया में हड़कंप, CoinDCX के को-फाउंडर्स गिरफ्तार, कंपनी ने बताया फर्जीवाड़े की बड़ी साजिश
