Gold-Silver Price Today 28-02-2026: सोने में लगातार 7वें महीने तेजी जारी, इन फैक्टर्स से मिला सपोर्ट, MCX पर लुढ़के भाव
वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता के चलते सोने में लगातार सातवें महीने मजबूती का रुख बना हुआ है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोना ऊंचे स्तर पर बना रहा, हालांकि घरेलू वायदा बाजार में सत्र के अंत में हल्की गिरावट देखने को मिली है.
Gold-Silver Rate Today: वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट के बीच सोना करीब एक महीने के हाई पर पहुंच गया है. लगातार सातवें महीने सोने में तेजी जारी है. ग्लोबल मार्केट के अलावा भारतीय बाजार में देखें तो MCX यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में भी सोने-चांदी में 27 फरवरी को शुरुआती कारोबार में बढ़त देखने को मिली थी. हालांकि बाद में ये हल्की गिरावट के साथ बंद हुए.
एमसीएक्स पर सोना का वायदा भाव (2 अप्रैल 2026 का कॉन्ट्रैक्ट) 133 रुपये गिरकर 1,61,971 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, चांदी 609 रुपये घटकर 2,74,389 रुपये (5 मार्च 2026 का कॉन्ट्रैक्ट) किलो पर बंद हुई.
हालांकि अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक राजधानी में 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत बढ़कर 1,64,700 रुपये हो गई. यह कीमत पिछले कारोबारी दिन 1,62,900 रुपये थी. जबकि दिल्ली में चांदी टूटकर 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही.
इन कारणों से आई तेजी
अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता आगे बढ़ने के बावजूद ठोस समाधान न निकलने से बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं. जिसके चलते सोना और चांदी उछल गए हैं.
स्पॉट गोल्ड 0.8% चढ़कर 5,230 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया और सत्र के दौरान जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर छू लिया. फरवरी में अब तक सोना करीब 7.6% मजबूत हो चुका है. अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 1% की बढ़त के साथ बंद हुए.
यह भी पढ़ें: AI के डर से थर्राया IT सेक्टर, सोमवार को Infosys, Wipro समेत इन स्टॉक्स में दिख सकती है हलचल
जानकारों की राय
सीएनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक ब्लू लाइन फ्यूचर्स के रणनीतिकार फिलिप स्ट्राइबल के अनुसार बाजार में सैन्य कार्रवाई की आशंका और बढ़ते तनाव के कारण ‘रिस्क-ऑफ’ माहौल बना हुआ है, जिससे निवेशक सुरक्षित ठिकाने के रूप में सोना खरीद रहे हैं.
अमेरिकी दूतावास ने येरुशलम में गैर-आपातकालीन स्टाफ और परिवारों को अस्थायी रूप से निकलने की अनुमति दी है, जिससे तनाव और बढ़ा है. इस बीच अमेरिका की 10 वर्षीय ट्रेजरी यील्ड तीन महीने के निचले स्तर पर फिसल गई है, जिससे सोना ज्यादा आकर्षक हो गया है.
विश्लेषकों का मानना है कि सोने का अगला संभावित लक्ष्य 5,450 डॉलर हो सकता है, जबकि 5,120 डॉलर के आसपास मजबूत सपोर्ट दिख रहा है.
