Gold-Silver Price Today 27-02-2026: लगातार दूसरे दिन टूटी चांदी, लेकिन सोना हुआ महंगा; जानें ताजा भाव

Gold-Silver Rate Today 27-02-2026 Latest News Updates: राजधानी में सोना 1,800 रुपये की तेजी के साथ 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. ज्वैलर्स की खरीदारी और वैश्विक तनाव के बीच गोल्ड मजबूत हुआ, जबकि चांदी में करीब 1 फीसदी की गिरावट आई. अब बाजार की नजर US PPI डेटा और FOMC बयानों पर है.

सोना-चांदी के भाव. Image Credit: money9live

Gold and Silver New Rate: राजधानी में शुक्रवार, 27 फरवरी को सोने की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, ताजा खरीदारी के चलते सोना 1,800 रुपये महंगा होकर 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले गुरुवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. ज्वैलर्स और स्टॉकिस्ट की ओर से बढ़ी मांग ने घरेलू बाजार में दामों को सहारा दिया.

क्यों महंगा हुआ सोना?

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर कमोडिटी एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, वैश्विक संकेत मिले-जुले रहे, लेकिन अमेरिका की बढ़ती व्यापार संरक्षण नीतियों और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश विकल्प यानी गोल्ड की ओर आकर्षित किया. हालांकि डॉलर अपेक्षाकृत स्थिर रहा और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कमजोर पड़ीं, जिससे सोने की तेजी सीमित दायरे में रही.

चांदी में गिरावट जारी

दूसरी ओर, चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई. चांदी 2,500 टूटकर रुपये 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,70,500 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी. यानी करीब 1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

क्या है इंटरनेशनल मार्केट का हाल?

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो स्पॉट सिल्वर में मजबूती रही और यह 1.6 फीसदी बढ़कर 89.72 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं स्पॉट गोल्ड मामूली कमजोरी के साथ 5,172.17 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा. मीरा एसेट शेयरखान के कमोडिटीज और करेंसी हेड प्रवीण सिंह के मुताबिक, निवेशक अमेरिका-ईरान परमाणु समझौते से जुड़ी स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं, जिसके चलते सोना सीमित दायरे में स्थिर बना हुआ है.

अब बाजार की नजर अमेरिका के मैक्रो-इकोनॉमिक डेटा पर टिकी है. विशेष रूप से यूएस प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) के आंकड़े जारी होने वाले हैं, जो महंगाई के रुख का संकेत देंगे. यह डेटा फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है और डॉलर व बुलियन की चाल पर सीधा असर डाल सकता है.

अब कहां टिकी नजर?

इसके अलावा, फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) के कई सदस्यों के भाषण भी निवेशकों के लिए अहम रहेंगे. इन बयानों से ब्याज दरों को लेकर भविष्य की रणनीति के संकेत मिल सकते हैं, जो सोने और चांदी की कीमतों में नई दिशा तय कर सकते हैं. वैश्विक जियो पॉलिटिकल टेंशन और व्यापार से जुड़ी अनिश्चितता ने सोने को सहारा दिया है, जबकि डॉलर की स्थिरता और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चित रुख ने इसकी तेजी को सीमित रखा है. आने वाले आर्थिक आंकड़े और केंद्रीय बैंक के संकेत ही अब कीमती धातुओं की अगली चाल तय करेंगे.

ये भी पढ़ें- ऑलटाइम हाई के बाद फिसला विदेशी मुद्रा भंडार, 2.119 अरब डॉलर की हुई गिरावट; रुपया भी 8 पैसे टूटा