TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

‘अपने देश पर भरोसा रखें’: इंडिया-अमेरिका ट्रेड डील की टाइमलाइन को लेकर लोगों से बोले पीयूष गोयल

इंडिया–यूएस ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लोगों से देश पर भरोसा रखने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि इस मुद्दे पर सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है. एक दिन पहले विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि दोनों देशों में बातचीत जारी है और ट्रेड डील अब भी जीवित है.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील Image Credit: @x/piyush goyal

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर बातचीत पिछले काफी समय से जारी है, लेकिन अब तक इसे लेकर कोई आधिकारिक टाइमलाइन सामने नहीं आई है. इसी अनिश्चितता के बीच सेन्ट्रल कॉमर्स एंड इंडस्ट्री मिनिस्टर पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेल डील को लेकर लोगों से ‘अपने देश पर भरोसा रखने’ की अपील की है. फिलहाल भारत के अमेरिका को निर्यात पर 50% टैरिफ लगता है, जो एशिया में सबसे ज्यादा है. आइये जानते हैं कि गोयल ने और क्या कहा और ट्रेड डील को लेकर लेटेस्ट अपडेट क्या है?

सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है: गोयल

एक निजी न्यूज ने बातचीत के दौरान जब उनसे भारत-अमेरिका ट्रेड डील की प्रगति को लेकर पूछा तो गोयल ने कहा कि इस तरह की बातचीत हमेशा बंद दरवाजों के पीछे होती है और जनता को धैर्य व विश्वास बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि देशहित से जुड़े ऐसे मुद्दों पर सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है.

क्या है ट्रेड डील की लेटेस्ट अपडेट

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर नई बयानबाजी सामने आई है. अमेरिकी वाणिज्य सचिव हावर्ड लुटनिक ने दावा किया कि पिछले साल मई-जुलाई में समझौता तय होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन न करने से डील अटक गई. हालांकि भारत सरकार ने इस दावे को गलत बताते हुए कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच पिछले साल आठ बार फोन पर बातचीत हुई थी. विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि ट्रेड डील पर बातचीत अब भी जारी है और समझौता पूरी तरह जीवित है भले ही भारत को अमेरिका की ओर से ऊंचे टैरिफ का सामना करना पड़ रहा हो.

बृहन्मुंबई नगर निगम चुनाव को लेकर आयोजित इवेंट में पहुंचे थे गोयल

पीयूष गोयल ने यह बयान NDTV के एक इवेंट के दौरान दिया, जो बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों से पहले आयोजित किया गया था. इस मौके पर उन्होंने महाराष्ट्र की सियासत पर भी खुलकर बात की. गोयल ने दावा किया कि आगामी बीएमसी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना गठबंधन को भारी बहुमत मिलेगा और यह गठबंधन 227 में से 200 से ज्यादा सीटें जीतने में कामयाब रहेगा. मुंबई की राजनीति में अक्सर उठने वाले “मराठी मानूस” के मुद्दे पर बोलते हुए गोयल ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नैरेटिव को सीधे तौर पर खारिज किया. उन्होंने कहा कि मुंबई का दिल बड़ा है और यहां कोई भी बाहरी नहीं है. उन्होंने कहा, “यह शहर उन सभी लोगों का है जो इसके विकास में योगदान देते हैं.” पीयूष गोयल के ये बयान ऐसे समय पर आए हैं, जब महाराष्ट्र की राजनीति में चुनावी माहौल गर्म है. ‘महायुति’ गठबंधन, जिसमें बीजेपी, शिंदे गुट की शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं, मुंबई में अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की कोशिश कर रहा है. बीएमसी चुनावों को राज्य की राजधानी में महायुति सरकार की लोकप्रियता की अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है.