India-US ट्रेड डील पर जल्द आएगा जॉइंट स्टेटमेंट, पीयूष गोयल ने बताया टैरिफ कट का ऐलान ट्रंप ने क्यों किया

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने साफ किया है कि समझौते की पूरी और आधिकारिक जानकारी जल्द एक जॉइंट स्टेटमेंट के जरिए जारी की जाएगी. उन्होंने कहा कि इससे सेक्टर-वाइज फैसलों, शर्तों और सुरक्षा प्रावधानों पर बनी अनिश्चितता पूरी तरह खत्म हो जाएगी.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीयूण गोयल Image Credit: @Money9live

India-US Trade Deal Joint Statement: भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील हो चुका है. अमेरिका ने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. लेकिन जब से यह बात सामने आई है तभी से लोगों के मन में ये सवाल है कि इस डील का असर किस सेक्टर पर ज्यादा पड़ने वाला है. अटकलों के गर्म होते बाजार के बाद अब केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मीडिया को संबोधित करते हुए साफ किया कि इस समझौते से जुड़ी पूरी और आधिकारिक जानकारी बहुत जल्द एक जॉइंट स्टेटमेंट के जरिए साझा की जाएगी.

ट्रंप ने क्यों किया टैरिफ कट का ऐलान?

उन्होंने कहा कि अभी जो बातें सामने आई हैं, वे शुरुआती संकेत हैं, जबकि डील के सभी प्रावधान, सेक्टर-वाइज फैसले और शर्तें संयुक्त बयान में स्पष्ट की जाएंगी. गोयल के इस बयान से यह साफ हो गया है कि सरकार डील के हर पहलू पर ट्रांसपेरेंसी रखना चाहती है और किसी भी तरह की अटकलों पर जल्द विराम लगेगा. इससे इतर, गोयल ने यह भी बताया कि टैरिफ कट की घोषणा ट्रंप ने क्यों की. गोयल के मुताबिक, US ने ही रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था, इसलिए कटौती की घोषणा भी राष्ट्रपति ट्रंप ने की.

जॉइंट स्टेटमेंट से होगी तस्वीर साफ

पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील को अंतिम रूप दिए जाने के बाद अब अगला कदम दोनों देशों की ओर से साझा बयान जारी करना है. इस जॉइंट स्टेटमेंट में यह साफ किया जाएगा कि किन सेक्टरों को कितनी राहत मिली है, कहां सुरक्षा कवच रखा गया है और किन क्षेत्रों में आगे बातचीत की गुंजाइश बनी रहेगी. उन्होंने संकेत दिया कि सरकार राष्ट्रीय हित से जुड़े हर मुद्दे को इस बयान के जरिए सामने रखेगी.

पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरी हुई डील

गोयल ने इस समझौते का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा कि लंबे समय से जिस ट्रेड डील का इंतजार किया जा रहा था, वह अब राष्ट्रीय हित को सबसे ऊपर रखते हुए पूरी हुई है. उन्होंने कहा कि यह सौदा देश के 140 करोड़ लोगों के लिए फायदेमंद होगा, जिसमें गरीब, किसान, मछुआरे, युवा और महिलाएं सभी शामिल हैं. उनके मुताबिक यह डील सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति की दिशा में एक बड़ा कदम है.

ये भी पढ़ें- डॉलर के मुकाबले 8 साल बाद रुपये में आई एक दिन की सबसे बड़ी तेजी, 90.25 पर हुआ बंद; US-India ट्रेड डील का दिखा असर

कृषि और डेयरी सेक्टर सुरक्षित

मंत्री ने यह भी साफ किया कि अमेरिका के साथ हुए इस ट्रेड समझौते में भारत के संवेदनशील सेक्टरों से कोई समझौता नहीं किया गया है. गोयल के मुताबिक कृषि और डेयरी सेक्टर को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है, जिससे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के हित प्रभावित नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि सरकार ने हर फैसले में ‘नेशनल इंटरेस्ट फर्स्ट’ की नीति अपनाई है.

कंपटेटिव देशों से बेहतर सौदा

पीयूष गोयल ने दावा किया कि भारत-अमेरिका के बीच हुआ यह ट्रेड डील उन सभी देशों से बेहतर है, जो अमेरिका के साथ व्यापारिक प्रतिस्पर्धा में हैं. उनके अनुसार भारत को जो शर्तें मिली हैं, वे कई पड़ोसी देशों और अन्य प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं से ज्यादा अनुकूल हैं. इससे भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में मजबूत बढ़त मिलेगी.

ये भी पढ़ें- US-India Trade Deal में टैरिफ घटा, लेकिन अब भी बने हैं ये सवाल; रूसी तेल खरीद से लेकर एग्री तक पर सवालिया निशान