सोना, चांदी और बिटकॉइन अब नहीं खरीदेंगे रॉबर्ट कियोसाकी! निवेश पर लगाया ब्रेक, जानिए कब करेंगे खरीदारी
कीमती धातुओं और क्रिप्टो बाजार में तेज उतार-चढ़ाव के बीच एक मशहूर निवेशक का रुख चर्चा में है. जहां बाजार में घबराहट दिख रही है, वहीं उनका नजरिया धैर्य, सही समय और अनुशासन पर टिका है. उनका मानना है कि असली फायदा जल्दबाजी में नहीं, बल्कि सोच-समझकर उठाए गए कदमों से मिलता है.
सोना, चांदी और क्रिप्टो बाजार में हालिया तेज गिरावट ने निवेशकों की बेचैनी बढ़ा दी है. जहां कई निवेशक इस उतार-चढ़ाव में मौके तलाशने की जल्दी में दिख रहे हैं, वहीं ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने बिल्कुल उलटा रुख अपनाया है. कियोसाकी का साफ कहना है कि वह जल्दबाजी में किसी भी कीमत पर खरीदारी नहीं करेंगे. उनके मुताबिक, असली मुनाफा बेचने के वक्त नहीं, बल्कि सही दाम पर खरीदने से बनता है. इसी सोच के साथ उन्होंने बाजार के और नीचे जाने का इंतजार करने का संकेत दिया है.
गिर रहे हैं दाम पर खरीदारी की जल्दबाजी नहीं
सोना और चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट के बाद कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी रणनीति साझा की. उन्होंने बताया कि वह सोना, चांदी और बिटकॉइन में नई खरीदारी तभी करेंगे जब इन एसेट्स में “फ्रेश बॉटम” बन जाएगा. कियोसाकी का मानना है कि मौजूदा अस्थिरता में धैर्य सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने यह भी बताया कि वह काफी पहले ही इन एसेट्स में खरीदारी रोक चुके थे.
पहले कहां रोकी थी खरीदारी
कियोसाकी के अनुसार, उन्होंने चांदी की खरीद $60 पर, सोने की $300 पर और बिटकॉइन की $6,000 के आसपास रोक दी थी. उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कुछ बिटकॉइन और सोना बेचा है, लेकिन उन्हें एसेट बेचने से खास लगाव नहीं है. इसकी एक बड़ी वजह कैपिटल गेन टैक्स है. इसलिए उनका फोकस खरीद और होल्ड की रणनीति पर ही रहता है.
तेज रैली के दौरान निवेशकों को सावधान करते हुए कियोसाकी ने कहा, “सूअर मोटे होते हैं, लेकिन लालची सूअर काट दिए जाते हैं.” उनका इशारा इस बात की ओर था कि ज्यादा आत्मविश्वास और लालच अक्सर नुकसान की वजह बनता है. उनका मानना है कि बाजार में संयम और अनुशासन ही निवेशक को बचाता है.
कियोसाकी ने यह भी साफ किया कि वह किस स्तर पर दोबारा खरीदारी करेंगे. उनके मुताबिक, वह चांदी $74 पर और सोना $4,000 के स्तर पर और खरीदेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल उनके पास एथेरियम की होल्डिंग पर्याप्त है.
आगे किन स्तरों पर खरीदारी
एसेट्स के अलावा कियोसाकी ने अमेरिका के बढ़ते कर्ज पर भी चिंता जताई. उनका कहना है कि अगर सोशल सिक्योरिटी और मेडिकेयर जैसी जिम्मेदारियों को जोड़ दिया जाए, तो लोगों पर कर्ज आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा है. फेडरल रिजर्व, राजनीति और बैंकिंग सिस्टम पर घटते भरोसे को वह लंबी अनिश्चितता की बड़ी वजह मानते हैं.
यह भी पढ़ें: आलू-टमाटर नहीं सोना-चांदी बना RBI का नया मीटर, जानें कैसे पड़ेगा आपकी जेब पर असर
सोने, चांदी और बिटकॉइन की कीमत
आज की बात करें तो चांदी अपने ऊपरी स्तर से करीब 50% टूट चुकी है, जबकि सोना लगभग 23% नीचे है. COMEX पर चांदी 9% से ज्यादा गिरकर $63.90 पर और सोना करीब 3% फिसलकर $4,670 पर आ गया. बिटकॉइन भी $65,000 के नीचे चला गया है, जो अक्टूबर 2025 के $126,000 के शिखर से बड़ी गिरावट को दिखाता है.




