टेक ऑफ करते ही गिरा स्पाइसजेट Q400 के विमान का पहिया, मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग; 75 यात्री थे सवार

स्पाइसजेट Q400 विमान को कांडला हवाई अड्डे से उड़ान भरते समय टेक्निकल खराबी आ गई विमान का एक बाहरी पहिया गिर गया है. इस विमान में 75 यात्री सवार थे और यह मुंबई के लिए उड़ान भरने वाला था. विमान सुरक्षित रूप से मुंबई में उतर गया है और किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है.

स्लाइस जेट

SpiceJet wheel falls off: गुजरात के कांडला एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद स्पाइसजेट के Q400 विमान का एक पहिया गिर गया. यह घटना शुक्रवार यानी 12 सितंबर को हुई. कांडला से मुंबई जा रहे विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया. इसके बावजूद विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की.

मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के एक अधिकारी ने बताया कि कांडला ATC ने विमान के उड़ान भरते ही वस्तु गिरते हुए देखी और तुरंत पायलट को इसकी जानकारी दी. इसके बाद ATC की जीप को रनवे पर भेजा गया, जहां से गिरे हुए टायर और मेटल रिंग्स को बरामद किया गया. मुंबई एयरपोर्ट पर फायर टेंडर और रेस्क्यू टीमें हाई अलर्ट पर रखी गईं. विमान ने शाम 4 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की.

क्या है विमान की खासियत?

विमान बॉम्बार्डियर DHC8-400 है और यह SG-2906 उड़ान संख्या पर ऑपरेट कर रहा था. इस विमान में ट्राइसाइकिल लैंडिंग गियर सिस्टम होता है, जिसमें आगे की तरफ दो पहिए और हर मेन लैंडिंग गियर पर दो मुख्य पहिए लगे होते हैं. Q400 विमान में कुल छह टायर होते हैं. DGCA के अधिकारी ने बताया कि एक पहिया निकलना गंभीर घटना है, लेकिन चूंकि व्हील असेंबली में दो यूनिट होती हैं और एक यूनिट अब भी जुड़ी रही, इसलिए स्थिति कंट्रोल में रही. उन्होंने यह भी कहा कि अगर दूसरा पहिया भी निकल जाता तो और बड़ी समस्या हो सकती थी.

स्पाइसजेट की तरफ से बयान

स्पाइसजेट ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा, 12 सितंबर को कांडला से मुंबई जा रहे स्पाइसजेट Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया. विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और मुंबई में सुरक्षित रूप से उतरा. सुरक्षित लैंडिंग के बाद, विमान अपने आप टर्मिनल तक गया और सभी यात्री सामान्य रूप से उतर गए.

इसे भी पढ़ें- विजय सिंह ने टाटा संस के बोर्ड से दिया इस्तीफा, IPO से पहले कंपनी को झटका; जानें क्यों हुआ हाईप्रोफाइल एग्जिट