Rupee vs Dollar: रुपया 3 पैसे फिसलकर 95.74 पर बंद, महंगा क्रूड और US-Iran तनाव का दिखा असर

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 पैसे कमजोर होकर 95.74 के स्तर पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान रुपया 95.64 के उच्च स्तर और 95.75 के निचले स्तर तक गया. मजबूत डॉलर, कच्चे तेल की कीमत और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी से रुपये पर दबाव रहा. अमेरिका ईरान तनाव ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई.

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 पैसे कमजोर होकर 95.74 के स्तर पर बंद हुआ. Image Credit: money9live.com

भारतीय रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 पैसे कमजोर होकर 95.74 के स्तर पर बंद हुआ. शुरुआती कारोबार में रुपये ने मजबूती दिखाई, लेकिन बाद में यह बढ़त कायम नहीं रख सका. मजबूत डॉलर, महंगा कच्चा तेल और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी का दबाव रुपये पर रहा. इसके अलावा ईरान पर अमेरिका की नई पाबंदियों को लेकर बनी अनिश्चितता ने भी मार्केट के सेंटिमेंट को प्रभावित किया. शुक्रवार को रुपया 95.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.

95.64 से 95.75 के बीच रहा रुपया

इंटरबैंक फॉरेन करेंसी मार्केट में रुपया 95.65 प्रति डॉलर पर खुला. कारोबार के दौरान रुपये ने 95.64 का ऊपरी स्तर और 95.75 का निचला स्तर छुआ. अंत में यह 95.74 के स्तर पर बंद हुआ. इस तरह पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले रुपये में 3 पैसे की गिरावट दर्ज की गई. बाजार में डॉलर की मांग और आयातकों की ओर से खरीदारी के कारण रुपये पर दबाव बना रहा.

महंगा कच्चा तेल बना दबाव

विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें रुपये के लिए चिंता का कारण बनी हुई हैं. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल का आयात करता है. ऐसे में तेल महंगा होने पर डॉलर की मांग बढ़ सकती है. इसके अलावा ईरान पर अमेरिका की नई पाबंदियों को लेकर अनिश्चितता ने भी बाजार के कारोबार को प्रभावित किया. इससे रुपये पर आगे भी दबाव बने रहने की आशंका है.

डॉलर इंडेक्स में तेजी

छह प्रमुख करेंसी के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति बताने वाला डॉलर इंडेक्स सोमवार को 98.98 पर रहा. इसमें 0.18 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. वहीं, ब्रेंट क्रूड वायदा 1.62 फीसदी गिरकर 92.86 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच रुपये के कारोबार पर दबाव बना रहा.

शेयर बाजार में भी रही कमजोरी

घरेलू शेयर बाजार में भी सोमवार को गिरावट रही. सेंसेक्स 171.72 अंक गिरकर 77,369.11 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 32.95 अंक की गिरावट के साथ 24,219.05 पर बंद हुआ. विदेशी निवेशकों ने भी बाजार से पैसा निकाला. शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 542.71 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की थी.

ये भी पढ़ें- जापान का पैसा और टेक्नोलॉजी, भारत का बाजार और मैन्युफैक्चरिंग ताकत, बढ़ती नजदीकियां क्या दे रही संकेत?

विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में भी मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई है. भारतीय रिजर्व बैंक के मुताबिक, 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.905 अरब डॉलर बढ़कर 716.907 अरब डॉलर हो गया. विदेशी मुद्रा भंडार का मजबूत स्तर रुपये को बाहरी दबाव से निपटने में मदद कर सकता है. हालांकि, आगे रुपये की दिशा में कच्चे तेल की कीमत, डॉलर की चाल और वैश्विक घटनाक्रम की अहम भूमिका रहेगी.