TCS से Tech Mahindra तक… IT सेक्टर में नौकरियों पर ब्रेक! FY26 में टॉप कंपनियों की भर्ती घटी, फ्रेशर्स के लिए मुश्किल वक्त

कंपनियां अब तेजी से भर्ती करने के बजाय सावधानी से फैसले ले रही हैं. इसकी बड़ी वजह है वैश्विक अनिश्चितता, खर्च में कटौती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का बढ़ता इस्तेमाल. पहले जहां IT सेक्टर में हर साल हजारों नौकरियां निकलती थीं, अब कंपनियां जरूरत के हिसाब से ही लोगों को रख रही हैं.

छंटनी Image Credit:

IT Industry: भारत की IT इंडस्ट्री अब धीमी पड़ती दिख रही है. FY26 में देश की टॉप 5 IT कंपनियों में भर्ती घट गई है. इसका सीधा असर नए इंजीनियरों और नौकरी तलाश रहे युवाओं पर पड़ रहा है. कंपनियां अब तेजी से भर्ती करने के बजाय सावधानी से फैसले ले रही हैं. इसकी बड़ी वजह है वैश्विक अनिश्चितता, खर्च में कटौती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का बढ़ता इस्तेमाल. पहले जहां IT सेक्टर में हर साल हजारों नौकरियां निकलती थीं, अब कंपनियां जरूरत के हिसाब से ही लोगों को रख रही हैं. ऐसे में IT सेक्टर में करियर बनाने वालों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

भर्ती में आई गिरावट

FY26 में टॉप IT कंपनियों के कुल कर्मचारियों की संख्या करीब 6,981 घट गई. पिछले साल जहां कंपनियों ने 12,718 लोगों को जोड़ा था, वहीं इस साल उल्टा ट्रेंड देखने को मिला. इस गिरावट में सबसे बड़ा योगदान TCS का रहा, जिसने 23,000 से ज्यादा कर्मचारियों की संख्या कम की. इसके अलावा Tech Mahindra में भी कमी आई. हालांकि Infosys, Wipro और HCL में थोड़ी बढ़त देखी गई, लेकिन कुल मिलाकर सेक्टर में भर्ती कमजोर रही.

कंपनीFY23FY24FY25FY26
TCS+22,600-13,249+6,433-23,460
Infosys+29,219-25,994+6,338+5,016
Wipro+13,793-24,516+732+1,537
HCL+17,067-4,061+3,761+1,227
Tech Mahindra+3,276-6,945-1,108
सोर्स: Business Standard

Q4 FY26 में इन कंपनियों में दिखा असर

  • Q4FY26 के दौरान Infosys में कर्मचारियों की संख्या इस तिमाही में 8,440 घट गई है.
  • इसके साथ ही Infosys में काम करने वाले कुल कर्मचारियों की संख्या जनवरी-मार्च 2026 अवधि के अंत तक 3,28,594 रह गई है.
  • वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने Q4 में 2,356 कर्मचारियों की बढ़ोतरी दर्ज की.
  • HCL Tech ने 802 कर्मचारी जोड़े और विप्रो में 135 कर्मचारियों की मामूली बढ़ोतरी हुई.
  • दूसरी ओर टेक महिंद्रा में करीब 1,993 कर्मचारियों की कमी आई.

नई भर्ती पर असर

कंपनियां अब नए इंजीनियरों को बड़ी संख्या में भर्ती करने से बच रही हैं. TCS ने FY27 के लिए 25,000 फ्रेशर्स को भर्ती करने का लक्ष्य रखा है, जो पहले के मुकाबले कम है. Infosys ने करीब 20,000 फ्रेशर्स को जोड़ने की बात कही है. बाकी कंपनियों ने स्पष्ट संख्या नहीं दी है और कहा है कि भर्ती पूरी तरह जरूरत पर निर्भर करेगी.

क्यों आई यह स्थिति

इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह है वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता. दुनियाभर में कंपनियां खर्च कम कर रही हैं. नए प्रोजेक्ट्स में देरी हो रही है. इससे IT कंपनियों को कम काम मिल रहा है. इसके अलावा AI और ऑटोमेशन भी बड़ी वजह है. अब कई काम मशीन और सॉफ्टवेयर से हो रहे हैं, जिससे कम लोगों की जरूरत पड़ रही है.

अब IT कंपनियां तेजी से विस्तार करने के बजाय संतुलित तरीके से आगे बढ़ रही हैं. कंपनियों का कहना है कि भर्ती अब सीधे बिजनेस डिमांड पर निर्भर होगी. यानी जितना काम होगा, उतनी ही भर्ती होगी.

यह भी पढ़ें: Nifty Outlook April 24: डेली चार्ट पर बनी नेगेटिव कैंडल, क्या तेज हो सकता है गिरावट का मोमेंटम?