ट्रंप ने फिर दी धमकी, कहा- एक रात में खत्म हो सकता है ईरान… और शायद ऐसा कल ही हो
ट्रंप ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत ईरान में मार गिराए गए F-15 फाइटर जेट में सवार दो अमेरिकी सैनिकों को बचाने के मिशन पर चर्चा करते हुए की. अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि मौजूदा चरण में ईरान ऑपरेशन के पहले दिन से लेकर अब तक के सबसे बड़े पैमाने पर हमले देखने को मिलेंगे.

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरान को एक बार फिर तबाह करने की धमकी दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान को ‘एक ही रात में खत्म किया जा सकता है. साथ ही यह भी जोड़ा कि ऐसा मंगलवार रात तक हो सकता है.
उन्होंने यह भी बताया कि ईरान के भीतर बचाव अभियान के दौरान अमेरिकी सैन्य कर्मियों को बहुत करीब से गोलीबारी का सामना करना पड़ा.
एक रात में तबाह हो सकता है ईरान
ट्रंप ने ईरान के ‘पूरे देश’ को तबाह करने की धमकी दी. ट्रंप ने कहा, ‘पूरे देश को एक ही रात में तबाह किया जा सकता है और वह रात शायद कल रात हो.
ट्रंप ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत ईरान में मार गिराए गए F-15 फाइटर जेट में सवार दो अमेरिकी सैनिकों को बचाने के मिशन पर चर्चा करते हुए की. उन्होंने कहा कि यह एक बहुत ही ऐतिहासिक बचाव अभियान है.
ट्रंप ने उस ऑपरेशन के पैमाने के बारे में बताया जो अमेरिका ने दुर्घटनाग्रस्त विमान से दूसरे एयरमैन को बचाने के लिए चलाया था, जिसमें 155 विमान शामिल थे.
ट्रंप ने कहा कि और ज्यादा विस्तार से बताएं तो, इसमें चार बॉम्बर, 64 फाइटर, 48 रीफ्यूलिंग टैंकर, 13 बचाव विमान और अन्य विमान शामिल थे.
उन्होंने आगे कहा कि इसका ज्यादातर हिस्सा ईरानियों को गुमराह करने की एक कोशिश थी, जो लापता क्रू सदस्य की तलाश में थे. ट्रंप ने कहा, ‘हम उन सभी को वहां ला रहे थे और इसका एक बड़ा हिस्सा एक चाल थी. हम चाहते थे कि उन्हें लगे कि वह किसी दूसरी जगह पर हैं.’
सैन्य कार्रवाई में विस्तार के संकेत
अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि मौजूदा चरण में ईरान ऑपरेशन के पहले दिन से लेकर अब तक के सबसे बड़े पैमाने पर हमले देखने को मिलेंगे, जो चल रही सैन्य कार्रवाई में एक बड़े विस्तार का संकेत है.
ट्रंप ने लीक करने वाले की पहचान मांगी
ट्रंप ने कहा कि वह एक मीडिया ऑर्गनाइजेशन से उस व्यक्ति की पहचान बताने के लिए कहेंगे जिसने ईरान रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी लीक की थी, उन्होंने नेशनल सिक्योरिटी की चिंताओं का हवाला दिया. उन्होंने ऑपरेशन पर रिपोर्टिंग करने वाले व्यक्ति को जेल की सजा की चेतावनी दी.
ट्रंप ने कहा कि हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते. हमने सत्ता परिवर्तन किया. वे ज्यादा समझदार, अधिक तेज और कहीं कम कट्टर हैं. लेकिन हमने यह सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं किया.
अब ताकतवर नहीं रहा ईरान
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले व्हाइट हाउस में ईस्टर एग रोल समारोह के दौरान देश को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘हमने शेयर बाजार में हर रिकॉर्ड तोड़ दिया है. हमने सेना के क्षेत्र में भी हर रिकॉर्ड तोड़ दिया है. कल जो बचाव अभियान हुआ, उसके बारे में क्या कहेंगे? ऐसा नजारा आपको शायद ही कभी देखने को मिलता है. हमारे काबिल लड़ाके बहुत ही मजबूत लोग हैं. जब दुश्मन कमजोर हो, तो आपको कोई दिक्कत नहीं होती. लेकिन जब दुश्मन ताकतवर हो, हालांकि अब वे (ईरान) उतने ताकतवर नहीं रहे जितने एक महीने पहले थे, तो मुझे आपको बताना होगा कि अब वे बिल्कुल भी ताकतवर नहीं हैं.
पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने पूरी दुनिया की इकोनॉमी को हिला दिया है, क्योंकि ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद तेहरान ने होर्मूज स्ट्रेट को बंद कर दिया, यह समुद्री रूट तेल की सप्लाई के लिए काफी अहम है. सप्लाई में आई बाधा से ग्लोबल मार्केट में तेल की कीमतें खौल रही हैं. ऐसे में सभी इस संघर्ष के खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं.