उत्तर भारत में बढ़ेगा गर्मी का सितम! दिल्ली-यूपी-बिहार में हीटवेव का अलर्ट; 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

दिल्ली, यूपी और बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी अब चरम पर पहुंचने वाली है. आने वाले दिनों में हीटवेव और गर्म रातें लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. ऐसे में जरूरी है कि लोग धूप से बचें, पानी ज्यादा पिएं और स्वास्थ्य का खास ध्यान रखें.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Vipin Kumar/HT via Getty Images

IMD Weather Alert: उत्तर भारत में गर्मी ने अब खतरनाक रूप लेना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, आने वाले 4 से 5 दिनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई उत्तर भारतीय राज्यों में हीटवेव की स्थिति बनने वाली है. ऐसे में तापमान लगातार बढ़ रहा है और लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.

राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 22 अप्रैल से लेकर 25 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा और गर्मी लगातार बढ़ेगी. पारा 39 डिग्री से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है. इसके अलावा 24 और 25 अप्रैल को खासतौर पर हीटवेव का असर देखने को भी मिलेगा. रात में भी राहत नहीं मिलेगी, क्योंकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री से 26 डिग्री के बीच रहेगा, जो सामान्य से ज्यादा है.

इसे भी पढ़ें- गर्मी में AC बन सकता है ‘टाइम बम’! जानें किन गलतियों से होता ब्लास्ट और कैसे करें बचाव



यूपी और बिहार में भी अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार में पहले से ही तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 26 अप्रैल तक हीटवेव चल सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 और 25 अप्रैल को लू का असर रहेगा. वहीं बिहार में भी 22 और 23 अप्रैल को हीटवेव की स्थिति बन सकती है. इन राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा चल रहा है, जिससे हालात और ज्यादा गंभीर हो सकते हैं.

क्यों बढ़ रही है गर्मी

IMD के अनुसार, उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. इसके पीछे कई मौसमी सिस्टम जिम्मेदार हैं, जिनकी वजह से गर्म हवाएं चल रही हैं और बारिश की संभावना कम है.

इसे भी पढ़ें- पहलगाम हमले के 1 साल बाद कितना बदला कश्मीर, टूरिज्म पर क्या पड़ा असर? जानें अब तक के आंकड़े