गर्मी में AC बन सकता है ‘टाइम बम’! जानें किन गलतियों से होता ब्लास्ट और कैसे करें बचाव

हाल के दिनों में एसी के ब्लास्ट होने की कई खबरें सुनने को मिली हैं. ऐसे में, जब इस साल गर्मी तेजी से बढ़ रही है, तो हमें अपने एसी का ध्यान किस तरह रखना चाहिए ताकि इसे ब्लास्ट होने से बचाया जा सके. आइए जानते हैं वे कौन-कौन से तरीके हैं, जिनकी मदद से हम इस तरह की घटनाओं को कम कर सकते हैं.

एसी ब्लास्ट

AC Safety Tips: इस साल की भीषण गर्मी में एयर कंडीशनर (AC) हर घर की जरूरत बन गया है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा खतरा भी जुड़ता जा रहा है. हाल के मामलों ने यह साबित कर दिया है कि AC ब्लास्ट भले ही कम होते हों, लेकिन जब होते हैं तो बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं क्यों फट जाते हैं एयर कंडीशनर और इससे कैसे बचें.

क्यों फट जाते हैं एयर कंडीशनर?

AC ब्लास्ट का सबसे बड़ा कारण होता है कंप्रेसर के अंदर प्रेशर का बढ़ जाना. जब सिस्टम में खराबी, ओवरहीटिंग या एयरफ्लो ब्लॉक हो जाता है, तो अंदर दबाव बहुत ज्यादा बढ़ जाता है और अंत में विस्फोट हो सकता है. इसके अलावा अगर रेफ्रिजरेंट गैस लीक हो जाए और वह किसी स्पार्क के संपर्क में आए, तो आग या ब्लास्ट हो सकता है.

रेफ्रिजरेंट गैस भी बन सकती है खतरा

आजकल कई AC में इस्तेमाल होने वाली गैसें जैसे R290 (प्रोपेन) और R32 काफी ज्वलनशील होती हैं. अगर ये गैस लीक होकर कमरे में फैल जाए और किसी स्पार्क से संपर्क में आए, तो विस्फोट या आग लग सकती है.

गलत इंस्टॉलेशन और खराब मेंटेनेंस की भूमिका

खराब इंस्टॉलेशन या समय पर सर्विस न करवाना भी बड़ा कारण है. अगर AC के अंदर हवा या नमी चली जाए, तो यह सिस्टम को अंदर से कमजोर कर देता है. गंदे फिल्टर, गलत गैस लेवल या इलेक्ट्रिकल खराबी धीरे-धीरे कंप्रेसर पर दबाव बढ़ाते हैं, जिससे ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है.

कैसे बचें AC ब्लास्ट से?

कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इस खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

  • AC की सर्विस हर 6 महीने में जरूर कराएं.
  • रिपेयर के दौरान कभी भी AC चालू न करें.
  • गैस लीकेज और वायरिंग की जांच करवाते रहें.
  • फिल्टर और कॉइल साफ रखें.
  • हमेशा प्रशिक्षित टेक्नीशियन से ही काम करवाएं.

इसके अलावा ज्यादातर हादसे गलत सर्विसिंग और लापरवाही के कारण भी होते हैं. अगर सही तरीके से वैक्यूमिंग न की जाए, तो नमी एसिड बना देती है जो धातु को कमजोर कर देती है और अंत में विस्फोट हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- पहलगाम हमले के 1 साल बाद कितना बदला कश्मीर, टूरिज्म पर क्या पड़ा असर? जानें अब तक के आंकड़े