दिल्ली-UP-बिहार समेत कई राज्यों में बिगड़ा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
अप्रैल की शुरुआत में ही मौसम का यह बदला हुआ मिजाज लोगों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आया है. जहां एक तरफ गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज हवाएं, ओले और बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ गया है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है.

IMD WEATHER ALERT: मार्च का महीना जहां गर्मी के लिए जाना गया, वहीं अप्रैल की शुरुआत में मौसम ने करवट बदल ली है. देश के कई हिस्सों में लगातार मौसम बदल रहा है. 8 से 10 अप्रैल के बीच कई राज्यों में बारिश, ओले और तेज तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में तेज बारिश और ओले की संभावना बनी हुई है.
IMD के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे या सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. इसके बाद धीरे-धीरे तापमान फिर बढ़ सकता है.
यूपी में अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह गिरावट 24 घंटे बाद देखने को मिलेगी. इसके बाद तापमान फिर धीरे-धीरे बढ़ेगा.
मौसम में इस तरह के बदलाव की क्या वजह है?
मौसम में इस बड़े बदलाव के पीछे कई सिस्टम एक साथ एक्टिव हैं. सबसे अहम वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जो उत्तर पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर भी चक्रवाती सिस्टम बने हुए हैं.
साथ ही एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक फैली हुई है, जो मौसम को और अस्थिर बना रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा.
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है. ओडिशा में कुछ स्थानों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हुई है. वहीं हिमाचल प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई है.
कई राज्यों में ओले पड़ने की भी जानकारी है, जिनमें उत्तराखंड, असम, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश शामिल हैं. इसके अलावा 30 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान भी कई राज्यों में दर्ज किया गया है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
आज यानी 8 अप्रैल को दिल्ली-NCR में मौसम फिर करवट लेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और शाम या रात के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 50 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं.
9 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा और आसमान ज्यादातर साफ नजर आएगा. हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से नीचे रहेगा. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रह सकता है. सुबह के समय हल्की हवाएं चलेंगी, लेकिन शाम तक हवा की रफ्तार 20 किमी प्रति घंटे से ज्यादा हो सकती है.
10 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा, लेकिन दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री तक पहुंच सकता है.
11 अप्रैल तक दिल्ली-NCR में गर्मी फिर से लौटने लगेगी. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. दिन में तेज हवाएं चलेंगी, लेकिन मौसम साफ रहेगा.
इसे भी पढ़ें- अडानी ग्रुप को मिला डबल बूस्टर डोज, एक दिन में ₹96000 करोड़ बढ़ा मार्केट कैप, सभी शेयरों में हरियाली, जानें तेजी की वजह