सुपर-8 में अगर बारिश बिगाड़ दे खेल, तो कैंसिल मैच पर कैसे मिलते हैं अंक? जान लें ICC का नियम

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया. ICC नियमों के अनुसार सुपर-8 में रिजर्व डे नहीं होता. मैच का नतीजा निकालने के लिए 5-5 ओवर जरूरी हैं. ऐसा न होने पर दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलते हैं. रद्द मैच सेमीफाइनल की दौड़ और अंक तालिका को प्रभावित कर सकते हैं.

सुपर 8 में हुआ बारिश तो क्या होगा Image Credit:

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अहम चरण सुपर-8 में पहुंच चुका है. इस दौर में हर मुकाबला सेमीफाइनल की दिशा तय करता है. भारत, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया है. आठों टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है, जिससे कंपटीशन और भी रोमांचक हो गई है. ऐसे में अगर इस मजे को बारिश बिगाड़ दे तब क्या होगा चलिए जानते हैं इसे लेकर क्या कहता है ICC का नियम.

बारिश की भेंट चढ़ा सुपर-8 मुकाबला

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाने वाला पहला सुपर-8 मैच बारिश के कारण कैंसिल हो गया. शनिवार शाम 6:30 बजे पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. हालांकि, मैच शुरू होने से पहले ही बारिश आ गई. करीब ढाई घंटे तक इंतजार के बाद मैच रेफरी ने मुकाबला रद्द घोषित कर दिया.

ऐसे में बारिश से मैच रद्द होने के बाद क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है. ICC के नियमों के अनुसार, सुपर-8 चरण के मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है यानी मैच उसी दिन पूरा होना जरूरी होता है.

ICC का नियम क्या कहता है?

ICC के नियम के मुताबिक, टी20 मैच का आधिकारिक नतीजा निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर खेलने होते हैं. अगर बारिश या किसी दूसरे कारण से 5-5 ओवर का खेल भी संभव नहीं हो पाता, तो मैच कैंसिल कर दिया जाता है. ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को 1-1 अंक दे दिए जाते हैं.

सुपर-8 में अंक का गणित क्यों अहम है

सुपर-8 फॉर्मेट में हर ग्रुप में चार टीमें हैं. प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से एक-एक मुकाबला खेलती है. इस तरह सभी टीमें तीन-तीन मैच खेलती हैं. ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करती हैं. ऐसे में एक भी मैच का रद्द होना अंक तालिका और क्वालीफिकेशन की तस्वीर पर सीधा असर डाल सकता है.

साफ है कि सुपर-8 जैसे निर्णायक चरण में मौसम की भूमिका बेहद अहम हो सकती है. बारिश सिर्फ मैच नहीं रोकती, बल्कि पूरे टूर्नामेंट के समीकरण बदल सकती है.

इसे भी पढ़ें- अहमदाबाद में भारत–दक्षिण अफ्रीका की टक्कर; किसका पलड़ा भारी? जानें क्या कहते हैं आंकड़े