IPO मार्केट में एंट्री करेगी Acko, ₹2100 करोड़ जुटाने का प्लान, बिना एजेंट के देती है बीमा, कनाडा से मिलता है सपोर्ट
बिना एजेंट वाला डिजिटल बीमा मॉडल लेकर उभरी Acko अब IPO के जरिए $250 मिलियन जुटाने की तैयारी में है. $2-2.5 बिलियन वैल्यूएशन के साथ कंपनी तेजी से घाटा कम कर रही है, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है.

Upcomig IPO: बेंगलुरु स्थित न्यू-एज इंश्योरेंस स्टार्टअप ‘एको’ (Acko) अब शेयर बाजार में कदम रखने की बड़ी तैयारी कर रहा है. बिना किसी एजेंट या बिचौलिए के सीधे ग्राहकों तक बीमा पहुंचाने वाली यह कंपनी जल्द ही अपना आईपीओ (IPO) लाने वाली है. ET ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया है, कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए करीब $250 मिलियन (लगभग 2,100 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना बना रही है.
वैल्यूएशन और बैंकर्स की नियुक्ति
बाजार के जानकारों का कहना है कि इस आईपीओ के जरिए एको की वैल्यूएशन $2 बिलियन से $2.5 बिलियन (लगभग 2.25 लाख करोड़ रुपये) के बीच आंकी जा सकती है. कंपनी ने इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए मॉर्गन स्टेनली, कोटक सिक्योरिटीज और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज को बुक-रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया है. कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी जून के अंत तक अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर देगी.
तेजी से घट रहा है घाटा
एको के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी ने अपने घाटे को कम करने में बड़ी सफलता हासिल की है. वित्त वर्ष 2024 (FY24) में कंपनी को 670 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था, जो वित्त वर्ष 2025 (FY25) में घटकर 424 करोड़ रुपये रह गया है. इस दौरान कंपनी का कुल राजस्व 2,887 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. मुनाफे की ओर बढ़ते कंपनी के ये कदम निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत हैं.
बिजनेस मॉडल और पोर्टफोलियो
वरुण दुआ द्वारा स्थापित ‘एको’ ने 2017 में लाइसेंस मिलने के बाद 2018 में ऑपरेशन शुरू किया था. कंपनी मुख्य रूप से मोटर, हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस सेगमेंट में सक्रिय है. वित्त वर्ष 2026 के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी ने मोटर इंश्योरेंस में 1,186 करोड़ रुपये और हेल्थ इंश्योरेंस में 1,235 करोड़ रुपये का प्रीमियम अंडरराइट किया है.
यह भी पढ़ें: बड़े मुनाफे की छोटी कंपनियां! ये 4 माइक्रोकैप स्टॉक्स दिखा रहे हैं दम, विदेशों में बिजनेस, 3 साल में 1127% तक रिटर्न
दिग्गज निवेशकों का भरोसा
एको के पीछे जनरल अटलांटिक, एक्सेल पार्टनर्स, एलीवेशन कैपिटल और कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड (CPPIB) जैसे बड़े नाम खड़े हैं. इन निवेशकों ने अब तक कंपनी में कुल $583 मिलियन से अधिक का निवेश किया है.
बिना एजेंट वाले अपने अनूठे मॉडल और तकनीक के दम पर एको ने बीमा क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है. अब देखना यह होगा कि शेयर बाजार में इसकी एंट्री निवेशकों को कितनी आकर्षित करती है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.