CMR Green Technologies IPO ने मचाया धमाल, निवेशकों ने लगाया 127 गुना पैसा; जानें क्या है GMP का हाल
CMR Green Technologies का 631 करोड़ रुपये का IPO निवेशकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुआ. इश्यू को कुल 127 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि योग्य इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की कैटेगरी 270.46 गुना और गैर इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की कैटगरी 172.35 गुना सब्सक्राइब हुई.

CMR Green Technologies IPO: शेयर बाजार में इस सप्ताह कमजोरी के माहौल के बावजूद CMR Green Technologies के IPO को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला है. 631 करोड़ रुपये के इस IPO को बोली के अंतिम दिन कुल 127 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. कंपनी के शेयरों के लिए सभी कैटेगरी के निवेशकों ने बढ़-चढ़ कर आवेदन किया. खासतौर पर इंस्टीट्यूशनल निवेशकों और गैर इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की ओर से शानदार मांग देखने को मिली. इससे यह IPO हाल के समय के सबसे चर्चित पब्लिक इश्यू में शामिल हो गया है. कंपनी का शेयर 10 जून को शेयर बाजार में लिस्ट हो सकता है.
127 गुना सब्सक्राइब हुआ IPO
NSE के आंकड़ों के मुताबिक, CMR Green Technologies के IPO को कुल 2.92 अरब से अधिक शेयरों के लिए बोलियां मिलीं. कंपनी ने 2.30 करोड़ से अधिक शेयर निवेशकों के लिए पेश किए थे. इसके मुकाबले निवेशकों ने 127 गुना ज्यादा आवेदन किए. यह दिखाता है कि बाजार में कंपनी के कारोबार और भविष्य की संभावनाओं को लेकर मजबूत भरोसा बना हुआ है.
इंस्टीट्यूशनल निवेशकों ने दिखाया उत्साह
IPO में सबसे ज्यादा रुचि योग्य इंस्टीट्यूशनल खरीदारों यानी QIBs ने दिखाई. इस कैटेगरी का हिस्सा 270.46 गुना सब्सक्राइब हुआ. वहीं गैर इंस्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए रिजर्व कोटा 172.35 गुना भरा गया. रिटेल निवेशकों की कैटेगरी में भी मजबूत मांग देखने को मिली और यह हिस्सा 27.03 गुना सब्सक्राइब हुआ. इससे साफ है कि निवेशकों के हर वर्ग ने इस इश्यू में दिलचस्पी दिखाई.
एंकर निवेशकों का क्या हाल
IPO खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 188.44 करोड़ रुपये जुटाए थे. इससे निवेशकों के बीच पॉजिटिव माहौल बना था. कंपनी ने IPO के लिए 182 रुपये से 192 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था. एंकर निवेशकों की मजबूत भागीदारी ने भी अन्य निवेशकों का भरोसा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई.
क्या है GMP का हाल
CMR Green Technologies IPO का GMP 5 जून 2026 की शाम 6:55 बजे तक 71 रुपये पर पहुंच गया था. कंपनी के 192 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत 263 रुपये आंकी जा रही है. इससे निवेशकों को प्रति शेयर करीब 36.98 फीसदी का संभावित लिस्टिंग गेन मिल सकता है. पिछले 9 कारोबारी सत्रों के ग्रे मार्केट रुझानों के आधार पर IPO के मजबूत लिस्टिंग प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है. इस दौरान GMP का न्यूनतम स्तर 24 रुपये और अधिकतम स्तर 71 रुपये रहा है.
पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है IPO
CMR Green Technologies का यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS पर आधारित है. इसके तहत प्रमोटर्स और एक निवेशक शेयरधारक ने 3.28 करोड़ इक्विटी शेयर बिक्री के लिए पेश किए हैं. चूंकि यह OFS है, इसलिए IPO से मिलने वाली राशि सीधे कंपनी के पास नहीं जाएगी बल्कि शेयर बेचने वाले निवेशकों को प्राप्त होगी.
यह भी पढ़ें- 6 राज्यों में 8 अस्पताल, 2211 बेड… अब ₹1800 करोड़ जुटाने के लिए IPO लाने की तैयारी, SEBI के पास पहुंचा DRHP
क्या करती है CMR Green Technologies
फरीदाबाद स्थित CMR Green Technologies नॉन फेरस मेटल रीसाइक्लिंग सेक्टर की प्रमुख कंपनी है. कंपनी एल्यूमिनियम अलॉय, जिंक अलॉय और स्टेनलेस स्टील, कॉपर, ब्रास, लेड तथा मैग्नीशियम जैसे मेटल स्क्रैप का प्रोसेस और मैन्यूफैक्चिरिंग करती है. देशभर में कंपनी की 13 रीसाइक्लिंग इकाइयां हैं और इसका नेटवर्क एशिया, अफ्रीका, मध्य पूर्व, यूरोप तथा अमेरिका तक फैला हुआ है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.