भारत की पहली यूनिकॉर्न InMobi की IPO तैयारी हुई तेज, 8 इनवेस्टमेंट बैंकों से चल रही है बातचीत; $500 मिलियन जुटाने का टारगेट
भारत की पहली यूनिकॉर्न कंपनी InMobi ने IPO के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. कंपनी 500 मिलियन डॉलर से ज्यादा जुटाने के लक्ष्य के साथ शेयर बाजार में उतरने की योजना पर काम कर रही है. प्रस्तावित IPO के लिए 4 अरब डॉलर से 5 अरब डॉलर के बीच वैल्यूएशन को टारगेट किया गया है.
InMobi IPO: भारतीय IPO मार्केट में कई कंपनियां दस्तक देने वाली हैं. इसी कड़ी में भारत की पहली यूनिकॉर्न कंपनी InMobi ने शेयर बाजार में बड़ी एंट्री की तैयारी शुरू कर दी है. एडटेक और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी से जुड़ी यह कंपनी करीब 500 मिलियन डॉलर से अधिक के IPO की योजना पर काम कर रही है. इस प्रस्तावित IPO के लिए कंपनी 4 अरब डॉलर से 5 अरब डॉलर के बीच वैल्यूएशन को टारगेट कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, InMobi ने इस प्रक्रिया के लिए आठ इनवेस्टमेंट बैंकों को सलाहकार के तौर पर चुना है.
आठ इनवेस्टमेंट बैंकों से चल रही है बातचीत
मनीकंट्रोल ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि InMobi अब आठ इनवेस्टमेंट बैंकों के साथ एडवांस स्तर की चर्चा कर रही है. इनमें कोटक महिंद्रा कैपिटल, एक्सिस कैपिटल, जेफरीज, जेपी मॉर्गन, मोतीलाल ओसवाल, आईआईएफएल कैपिटल, बीओएफए सिक्योरिटीज और यूबीएस के नाम शामिल हैं. हालांकि, आगे इसमें बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.
IPO से पहले प्री-IPO राउंड
रिपोर्ट के मुताबिक, लिस्टिंग से पहले InMobi एक प्री-IPO फंडिंग राउंड भी करेगी. इसके साथ ही कंपनी का रिवर्स फ्लिप, यानी सिंगापुर से भारत में रीडोमिसाइलिंग की प्रक्रिया भी फिलहाल चल रही है. यह कदम ऐसे समय पर उठाया जा रहा है, जब कई भारतीय टेक कंपनियां विदेशी जूरिसडिक्शन से वापस भारत आ रही हैं.
सॉफ्टबैंक से बायबैक के बाद फाउंडर्स की मजबूत पकड़
InMobi के IPO प्लान से जुड़े एक अन्य अहम पहलू में प्रमोटर स्ट्रक्चर शामिल है. निवेशक सॉफ्टबैंक से हुए बायबैक के बाद अब कंपनी के फाउंडर्स के पास मेजोरिटी हिस्सेदारी आ चुकी है. इससे प्रमोटर कंट्रोल मजबूत हुआ है, जिसे संभावित निवेशक भी सकारात्मक संकेत के तौर पर देख रहे हैं.
बाजार हालात के अनुसार बदल सकता है साइज और वैल्यूएशन
सूत्रों का कहना है कि यह डील अभी शुरुआती चरण में है. IPO का साइज और वैल्यूएशन फिलहाल फाइनल नहीं हुआ है और बाजार की स्थितियों को देखते हुए इसमें आगे बदलाव संभव है. कंपनी और इनवेस्टमेंट बैंकों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
निवेशक, बिजनेस मॉडल और ग्लोबल पहुंच
सॉफ्टबैंक के अलावा InMobi को शेरपालो वेंचर्स और क्लाइनर पर्किन्स जैसे निवेशकों का समर्थन प्राप्त है. 2007 में स्थापित यह कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डिजिटल एडवरटाइजिंग और कंज्यूमर प्लेटफॉर्म्स पर काम करती है. InMobi का एडवरटाइजिंग प्लेटफॉर्म 150 से अधिक देशों में 30,000 से ज्यादा ब्रांड्स को सर्विस देता है, जबकि इसका कंज्यूमर बिजनेस ग्लांस के जरिए करोड़ों यूजर्स तक पहुंच है.




