जल्द खत्म होगा NSE IPO का इंतजार, मार्च आखिर तक DRHP फाइल होने की उम्मीद, OFS से बेची जाएगी 4.5% हिस्सेदारी
NSE अपना लंबित IPO फिर शुरू करने जा रहा है और मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक DRHP फाइल करने की तैयारी है. करीब 4.5% हिस्सेदारी OFS के जरिए बेची जाएगी. करीब 10 साल बाद यह मेगा इश्यू भारतीय शेयर बाजार में दस्तक देगा. इसके लिए कंपनी ने कमर कस ली है.
NSE IPO: देश के सबसे बड़े शेयर बाजार ऑपरेटर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE अब अपने लंबे समय से अटके IPO को फिर से लॉन्च करने की तैयारी में है. जल्द ही इसका इंतजार खत्म होगा. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड यानी सेबी से मंजूरी मिलने के बाद एक्सचेंज का बोर्ड शुक्रवार की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगा सकता है.
जानें कब फाइल होगी DRHP
रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड एक खास IPO कमेटी बनाएगा, जिसमें ज्यादातर स्वतंत्र निदेशक शामिल होंगे. यही कमेटी लिस्टिंग की पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी और मर्चेंट बैंकर व लीगल एडवाइजर की नियुक्ति से लेकर ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस यानी DRHP तैयार करेगी. NSE का लक्ष्य मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक DRHP फाइल करना है.
ओएफएस की होगी पेशकश
IPO को ऑफर फॉर सेल यानी OFS के रूप में लाया जाएगा, जिसमें करीब 4.5% हिस्सेदारी बेची जा सकती है. अनलिस्टेड बाजार में शेयर की कीमत लगभग ₹2,000 मानी जाए तो इश्यू का साइज करीब ₹23,000 करोड़ तक पहुंच सकता है. जरूरत पड़ने पर फ्रेश इश्यू का विकल्प भी खुला रखा गया है.
2016 में हुई थी लिस्टिंग की कोशिश
इससे पहले NSE ने 2016 में भी लिस्टिंग की कोशिश की थी, लेकिन नियामकीय जांच और कानूनी विवादों के कारण योजना टालनी पड़ी थी. हाल ही में को-लोकेशन और डार्क फाइबर मामलों में लगभग ₹1,400 करोड़ के सेटलमेंट पर सहमति के बाद IPO का रास्ता साफ होता दिख रहा है. अगर सब कुछ तय समय पर हुआ, तो NSE का यह इश्यू 10साल बाद वापसी करेगा. यह शेयर बाजार इतिहास के सबसे बड़े और चर्चित IPO में से एक साबित हो सकता है, जिस पर घरेलू और विदेशी निवेशकों की खास नजर रहेगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




