लौटेगी IPO बाजार की हरियाली! SEBI ने 8 कंपनियों को दी मंजूरी; रियल एस्टेट से लेकर टेक और एनर्जी सेक्टर तक शामिल
शेयर बाजार के निवेशकों के लिए नए अवसर खुलने वाले हैं. सेबी ने रियल एस्टेट, टेक्नोलॉजी, एग्रोकेमिकल और रिन्यूएबल एनर्जी समेत अलग-अलग सेक्टर्स की 8 कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी दे दी है. इन कंपनियों ने सितंबर-अक्टूबर 2025 में DRHP दाखिल किया था और अब जल्द ही इनके पब्लिक इश्यू आने की उम्मीद है.
SEBI Approves IPO of 8 Companies: शेयर बाजार में निवेशकों के लिए आने वाले समय में कई नए मौके खुलने जा रहे हैं. बाजार नियामक SEBI ने आठ कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी दे दी है. इन कंपनियों में रियल एस्टेट, पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी, एग्रोकेमिकल और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे कई अहम सेक्टर्स शामिल हैं. सेबी की वेबसाइट पर शुक्रवार, 30 जनवरी को जारी अपडेट के मुताबिक, इन कंपनियों को जनवरी के आखिरी सप्ताह में रेगुलेटरी क्लीयरेंस मिला है.
सितंबर-अक्टूबर में दाखिल किए थे IPO के कागजात
पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन 8 कंपनियों ने सितंबर से अक्टूबर 2025 के बीच सेबी के पास अपने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किए थे. इसके बाद सेबी ने 28 से 30 जनवरी 2026 के बीच इन कंपनियों को अपनी ‘ऑब्जर्वेशन’ दे दी. रेगुलेटरी भाषा में सेबी की ऑब्जर्वेशन मिलना आईपीओ लॉन्च करने की मंजूरी के बराबर माना जाता है.
किन कंपनियों को मिली मंजूरी?
सेबी से जिन आठ कंपनियों को आईपीओ की हरी झंडी मिली है, उनमें शामिल हैं-
- Eldeco Infrastructure and Properties Ltd
- Associated Power Structures Ltd
- HD Fire Protect Ltd
- Xtranet Technologies
- Parijat Industries (India) Ltd
- Rotomag Enertec
- CSM Technologies
- AITMC Ventures Ltd
Eldeco का 1,000 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू
हरियाणा स्थित रियल एस्टेट कंपनी Eldeco Infrastructure and Properties Ltd का आईपीओ कुल 1,000 करोड़ रुपये का होगा. इसमें:
- 800 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू
- 200 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS), जो प्रमोटर्स की ओर से होगा
कंपनी फ्रेश इश्यू से जुटाए गए 600 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी सब्सिडियरी Eldeco Infracon Realtors Ltd के कर्ज चुकाने में करेगी. बाकी रकम जनरल कॉरपोरेट जरूरतों में लगाई जाएगी.
Associated Power Structures का 400 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू
Associated Power Structures Ltd का प्रस्तावित आईपीओ भी फ्रेश इश्यू और OFS का मिक्सचर होगा. इसमें 400 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू शामिल है. प्रमोटर्स की ओर से करीब 71.43 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल है.
HD Fire Protect का पूरा IPO OFS के जरिए
मुंबई की HD Fire Protect Ltd, जो फायर फाइटिंग प्रोडक्ट्स का निर्माण और सप्लाई करती है, उसका आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा. इस इश्यू में प्रमोटर्स कुल 2.62 करोड़ से ज्यादा इक्विटी शेयर बेचेंगे.
Parijat Industries का फोकस कर्ज चुकाने पर
एग्रोकेमिकल सेक्टर की कंपनी Parijat Industries (India) Ltd का आईपीओ-
- 160 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू
- 2.04 करोड़ शेयरों का OFS
कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 121.6 करोड़ रुपये की रकम कर्ज चुकाने में लगाएगी, जबकि शेष राशि सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल होगी.
Rotomag Enertec का 500 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू
गुजरात की Rotomag Enertec, जो इंडस्ट्रियल ड्राइव सॉल्यूशंस और रिन्यूएबल एनर्जी प्रोडक्ट्स बनाती है, का आईपीओ:
- 500 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू
- प्रमोटर्स द्वारा करीब 2.4 करोड़ शेयरों का OFS
CSM Technologies का IPO पूरी तरह फ्रेश इश्यू
भुवनेश्वर की टेक कंपनी CSM Technologies का प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा. इसमें कंपनी 1.29 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करेगी. इस रकम का इस्तेमाल:
- बिजनेस ग्रोथ
- टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने
- कर्ज चुकाने
- और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा.
निवेशकों के लिए क्या मायने?
सेबी से मिली यह मंजूरी संकेत देती है कि आने वाले महीनों में आईपीओ मार्केट में अच्छी हलचल देखने को मिल सकती है. अलग-अलग सेक्टर्स की कंपनियों के बाजार में आने से निवेशकों को डाइवर्सिफिकेशन और नए निवेश विकल्प मिलेंगे. अब अगला कदम इन कंपनियों की ओर से आईपीओ की तारीख और प्राइस बैंड की घोषणा का होगा.
ये भी पढ़ें- मेनबोर्ड शांत, लेकिन SME सेगमेंट में अगले हफ्ते दिखेगी हलचल, 3 IPO देंगे दस्तक, 6 की होगी लिस्टिंग
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




