पैसा रखें तैयार…इस महीने खुल रहे ये 7 IPO, ₹14000 करोड़ जुटाने का प्लान, GMP दे रहा 19% तक मुनाफे का संकेत
देश के प्राइमरी मार्केट में एक बार फिर रौनक लौटने के संकेत मिल रहे हैं. फरवरी के अंत तक सात कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर सकती हैं, जिनके जरिए करीब ₹14,000 करोड़ जुटाने की योजना है. हाल की बाजार सुस्ती के बाद ये इश्यू निवेशकों की दिलचस्पी दोबारा बढ़ा सकते हैं.
Upcoming IPO: प्राइमरी मार्केट में एक बार फिर हलचल तेज होने वाली है. फरवरी के अंत तक सात कंपनियां अपने इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च कर सकती हैं. इन कंपनियों का लक्ष्य कुल मिलाकर करीब ₹14,000 करोड़ जुटाने का है. मार्केट में हाल की सुस्ती के बाद निवेशकों के लिए यह एक बड़ा मौका माना जा रहा है.
Fractal Analytics और Aye Finance से होगी शुरुआत
IPO लाइन-अप में सबसे पहले Fractal Analytics का इश्यू आ रहा है, जो 9 फरवरी को खुलेगा और 11 फरवरी को बंद होगा. कंपनी करीब ₹1,023 करोड़ का फ्रेश इश्यू लाएगी, जबकि ऑफर-फॉर-सेल (OFS) का साइज लगभग ₹1,810 करोड़ होगा. इसका प्राइस बैंड ₹857 से ₹900 प्रति शेयर तय की गई है. Fractal Analytics डेटा एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करती है और दुनियाभर की कंपनियों को डिजिटल फैसले लेने में मदद करती है. इसका GMP 19 फीसदी प्रीमियम की ओर संकेत दे रहा है. 4 फरवरी को 1 बजकर 53 मिनट पर इसका जीएमपी 170 रुपये था. मौजूता जीएमपी आधार पर एक लॉट पर निवेशकों को 2720 रुपये का मुनाफा हो सकता है.
इसी दौरान Aye Finance भी 9 फरवरी से 11 फरवरी तक अपना IPO लाने जा रही है. कंपनी लगभग ₹1,000 करोड़ जुटाने की योजना में है. इसका प्राइस बैंड ₹122–129 प्रति शेयर है.
यह भी पढ़ें: जल्द खत्म होगा NSE IPO का इंतजार, मार्च आखिर तक DRHP फाइल होने की उम्मीद, OFS से बेची जाएगी 4.5% हिस्सेदारी
ये होंगे सबसे बड़े इश्यू
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, इस IPO सीरीज में सबसे बड़ा इश्यू Indo MIM का हो सकता है, जिसका साइज करीब ₹5,500 करोड़ बताया जा रहा है. इसके बाद Clean Max Enviro Energy Solutions का IPO आने की संभावना है, जो लगभग ₹3,600 करोड़ जुटाने की तैयारी में है. ये दोनों इश्यू साइज के लिहाज से निवेशकों का खास ध्यान खींच सकते हैं.
सुस्ती के बीच IPO से लौट सकती है रफ्तार
बाकी कंपनियों में Gaja Alternative Asset Management (₹656 करोड़), Skyways Air Services (₹650 करोड़) और PNGS Reva Diamond (₹360 करोड़) शामिल हैं. ट्रेड से जुड़ी अनिश्चितता कम होने से निवेशकों का भरोसा धीरे-धीरे लौट सकता है.जनवरी में अब तक सिर्फ तीन IPO आए हैं, जो दिखाता है कि बाजार में कितनी सुस्ती रही है. 2025 में रिकॉर्ड ₹1.76 लाख करोड़ IPO के जरिए जुटाए गए थे, लेकिन 2026 की शुरुआत अभी तक फीकी रही है. ऐसे में फरवरी के ये IPO प्राइमरी मार्केट को नई रफ्तार दे सकते हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.




