यूपी, पंजाब समेत कई राज्यों में फिर शीतलहर का अलर्ट, दिल्ली-NCR में छाएगा कोहरा; दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव

फरवरी के पहले हफ्ते में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की दोहरी चुनौती देखने को मिल सकती है. पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण जनजीवन और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

मौसम का हाल Image Credit: gettyimage

IMD Weather Update: फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के एक्टिव होने से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक मौसम की यह स्थिति बनी रह सकती है. IMD के अनुसार, दो अलग-अलग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 05 और 06 फरवरी तथा 09 और 10 फरवरी को बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में इसका सीधा असर देखने को मिल सकता है.

घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट

05 से 06 फरवरी, 2026 तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाके और पश्चिमी मध्य प्रदेश में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है. उत्तर प्रदेश में 07 फरवरी तक अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा रहने का अनुमान है.वहीं अगर पिछले 24 घंटे में मौसम के मिजाज के बारें में बात करें तो, आज सुबह 08:30 बजे IST तक दर्ज आंकड़ों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाखऔर हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस हिसार, हरियाणा में रिकॉर्ड किया गया.

तापमान में सामान्य से ज्यादा बढ़ोत्तरी

इसके अलावा आने वाले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और बिहार में सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की उम्मीद है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, ओडिशा, तेलंगाना, असम, केरल और दूसरे कुछ राज्यों में यह बढ़ोतरी 1 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

मौसम सिस्टम की स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार, एक ताजा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मध्य क्षोभमंडल में 45 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास एक्टिव है. इसके अलावा, सबट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम पूर्वोत्तर भारत के ऊपर 140 नॉट्स की रफ्तार से बह रही है. दक्षिण केरल में निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण और केरल-कर्नाटक तट के साथ ट्रफ भी सक्रिय है. उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 7 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि उत्तर प्रदेश में अगले 2 से 3 दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है. मध्य और पूर्वी भारत में भी हल्की गिरावट के बाद तापमान स्थिर रहने का अनुमान है.

दिल्ली एनसीआर में क्या है मौसम का हाल?

05 फरवरी को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 08 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
06 और 07 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दिन के समय 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन दिनों अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 09 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

इसे भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: इस भारतीय के हाथ में अमेरिकी टीम की कमान, दिल्ली-गुजरात से लेकर पंजाब के हैं ये 9 खिलाड़ी