मुकेश अंबानी ने गिनाईं भारत की ताकत, कहा- अगले 10 साल में 80% कम होगा एनर्जी इम्पोर्ट; दिखेंगी रिलायंस जैसी 100 नई कंपनियां
JioBlackRock कार्यक्रम में मुकेश अंबानी ने भारत की आर्थिक ताकतों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भारत में लंबे समय तक डबल डिजिट ग्रोथ संभव है और अगले 10 वर्षों में एनर्जी इंपोर्ट पर निर्भरता 80 फीसदी तक कम हो सकती है. अंबानी ने हर गांव तक 5जी नेटवर्क की उपलब्धता और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को देश की बड़ी ताकत बताया.
Mukesh Ambani JioBlackRock Event: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बुधवार को भारत को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि भारत के लिए लंबे समय तक डबल डिजिट ग्रोथ हासिल करना पूरी तरह संभव है. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी देश की आर्थिक मजबूती और स्थिर विकास का आधार मजबूत और स्थिर आर्थिक नेतृत्व होता है. अंबानी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत को वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में गिना जा रहा है.
अगले 10 वर्षों में एनर्जी इंपोर्ट पर निर्भरता घटेगी
मुकेश अंबानी मुंबई में आयोजित JioBlackRock के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले दशक में भारत अपनी एनर्जी जरूरतों को लेकर बड़ा बदलाव देखने जा रहा है. अंबानी के मुताबिक, अगले 10 वर्षों में भारत अपनी 80 फीसदी एनर्जी जरूरतों के लिए इंपोर्ट पर निर्भर नहीं रहेगा.
हर गांव तक 5जी, दुनिया से बेहतर और सस्ता नेटवर्क
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि आज भारत के हर गांव में 5जी नेटवर्क मौजूद है. उन्होंने दावा किया कि यह नेटवर्क न केवल दुनिया के कई देशों से बेहतर है, बल्कि काफी सस्ता भी है. अंबानी ने कहा कि मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी से शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई गति मिलेगी, जो आने वाले वर्षों में आर्थिक विकास को और मजबूत बनाएगी.
भारत में खड़ी होंगी रिलायंस जैसी 100 कंपनियां
मुकेश अंबानी ने कहा कि किसी भी देश में 15 से 20 वर्षों तक कानून व्यवस्था की स्थिरता और सामाजिक सौहार्द बना रहना आर्थिक विकास के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारत में पॉलिसी कंटिन्यूटी और संतुलित फैसलों का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है. इसी भरोसे के साथ अंबानी ने कहा, “मैं साफ तौर पर देख सकता हूं कि भारत में 100 नई रिलायंस जैसी कंपनियां खड़ी होंगी.” उनके इस बयान को देश के स्टार्टअप सेक्टर के लिए बड़ा प्रोत्साहन माना जा रहा है.
“एरा ऑफ इंडिया” पर बोले ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक
ब्लैकरॉक के चेयरमैन और सीईओ लैरी फिंक ने इसी कार्यक्रम में भारत की लॉन्ग टर्म ग्रोथ पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर को सही मायनों में “एरा ऑफ इंडिया” कहा जा सकता है. लैरी फिंक ने कहा कि भारत की ग्रोथ को तिमाही या साल के नजरिये से नहीं, बल्कि 20 से 25 वर्षों के लंबे निवेश के तौर पर देखना चाहिए.
कैपिटल मार्केट्स से जुड़ेंगे निवेशक, तभी बनेगी मजबूत अर्थव्यवस्था
लैरी फिंक ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कैपिटल मार्केट्स से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे देश की ग्रोथ के साथ खुद भी आगे बढ़ सकें. उन्होंने निवेशकों से लंबी अवधि के नजरिये से भारत की बड़ी और मजबूत कंपनियों में निवेश करने की अपील की. वहीं, मुकेश अंबानी ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था आज ऐसे चरण में है, जहां ग्रोथ के फल साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं और स्टार्टअप सेक्टर उन्हें सबसे ज्यादा उत्साहित करता है.
यह भी पढ़ें: भारत की पहली AI कंपनी का आ गया IPO, Fractal Analytics में 9 तारीख से दांव का मौका, GMP भी दमदार
Latest Stories
एग्रीकल्चर और डेयरी सेक्टर रहेंगे सेफ, इंडिया- US ट्रेड डील से बढ़ेंगे नौकरी के अवसर, पीयूष गोयल ने गिनाए फायदे
सर्विस सेक्टर ने पकड़ी रफ्तार, जनवरी में PMI 58.5 पर पहुंचा, नए ऑर्डर और डिमांड से मिला बूस्ट
अब सोना-चांदी होगा सस्ता, सरकार ने घटाया बेस इंपोर्ट प्राइस, कस्टम ड्यूटी का बोझ होगा कम, जानें किसे मिलेगा फायदा
कितने तरह का होता है कच्चा तेल, रुस और वेनेजुएला के तेल में क्या अंतर; कौन है सस्ता
