EPFO ने दी बड़ी चेतावनी, एक क्लिक से खाली हो सकता है अकाउंट

EPFO ने PF खाताधारकों को फर्जी लिंक, SMS, ईमेल और वेबसाइट से सावधान रहने को कहा है. UAN, OTP, आधार, PAN और बैंक डिटेल किसी अनजान वेबसाइट पर साझा न करें. छोटी सी लापरवाही से बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है.

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन

Highlights

  • EPFO ने फर्जी लिंक से सावधान रहने को कहा
  • UAN, OTP और बैंक डिटेल साझा न करें
  • लिंक खोलने से पहले URL जरूर जांचें

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने अपने सभी सदस्यों को PF से जुड़ी सेवाओं का इस्तेमाल करते समय सावधान रहने की सलाह दी है. EPFO ने कहा है कि फर्जी लिंक, मैसेज और ईमेल से सावधान रहें, क्योंकि इनके जरिए आपकी निजी और वित्तीय जानकारी चोरी की जा सकती है.

हाल ही में EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर लोगों को चेताया कि किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले सोचें. EPFO ने कहा कि ऑनलाइन रहते समय सतर्क रहें, फर्जी लिंक से बचें, वेबसाइट का URL जरूर जांचें और अपनी निजी जानकारी को हमेशा सुरक्षित रखें.

किसी भी वेब लिंक को पहले जांचें

EPFO की यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब लोग तेजी से डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं. EPF से जुड़ी कई सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं और सदस्य इनका इस्तेमाल मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए करते हैं.

इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों को फंसाने की कोशिश करते हैं. ठग ऐसी फर्जी वेबसाइट और लिंक बना सकते हैं, जो देखने में बिल्कुल EPFO की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लगती हैं. इनका मकसद लोगों से उनकी जरूरी और संवेदनशील जानकारी हासिल करना होता है.

इसलिए किसी भी लिंक पर क्लिक करने या अपनी निजी अथवा अकाउंट से जुड़ी जानकारी दर्ज करने से पहले वेबसाइट का पता और दूसरी जानकारियां ध्यान से जांच लें.

अगर कोई लिंक अनजान SMS, ईमेल या किसी ऐसे स्रोत से आया है, जिसकी पुष्टि नहीं हुई है, तो उस पर क्लिक करने से बचें. खासकर ऐसे लिंक से सावधान रहें, जिनमें ATM PIN, OTP या दूसरी निजी जानकारी मांगी जा रही हो.

किसी वेबसाइट की सही पहचान करने के बाद ही उस पर आगे बढ़ें. इससे फिशिंग और ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने का खतरा काफी कम हो सकता है.

EPFO ने अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए क्या कहा?

EPFO ने अपने सदस्यों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है.

  1. सिर्फ आधिकारिक EPFO वेबसाइट का इस्तेमाल करें : EPFO की सेवाओं के लिए हमेशा उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर ही जाएं. किसी अनजान लिंक या SMS, ईमेल अथवा मैसेज में मिले लिंक से EPFO की वेबसाइट खोलने से बचें. ठग आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट बना सकते हैं.
  2. बिना जांचे किसी लिंक पर क्लिक न करें : SMS, सोशल मीडिया या ईमेल के जरिए मिले किसी भी अनजान या बिना जांचे लिंक पर क्लिक न करें. पहले यह पता करें कि लिंक वास्तव में EPFO की आधिकारिक वेबसाइट का ही है या नहीं.
  3. निजी जानकारी किसी दूसरी वेबसाइट पर न डालें : अपना UAN, पासवर्ड, आधार नंबर, PAN, बैंक अकाउंट की जानकारी या OTP आधिकारिक EPFO वेबसाइट के अलावा किसी दूसरी वेबसाइट पर दर्ज न करें. अगर आप यह जानकारी ठगों के साथ साझा कर देते हैं, तो इसका इस्तेमाल आपके साथ आर्थिक धोखाधड़ी करने के लिए किया जा सकता है.
  4. URL को ध्यान से जांचें : लॉगिन करने से पहले वेबसाइट का URL अच्छी तरह जांच लें. कई बार फर्जी वेबसाइट के नाम में एक-दो अक्षर बदलकर उसे असली वेबसाइट जैसा दिखाया जाता है. अगर वेबसाइट के नाम की स्पेलिंग अलग है या डोमेन अजीब नजर आ रहा है, तो उस पर भरोसा न करें.
  5. शक होने पर तुरंत शिकायत करें : अगर आपको किसी लिंक, वेबसाइट, मैसेज या ईमेल पर शक है, तो उसे नजरअंदाज न करें. इसकी जानकारी EPFO की आधिकारिक हेल्पलाइन या संबंधित आधिकारिक माध्यम से तुरंत दें.
  6. EPFO कभी OTP या लॉगिन जानकारी नहीं मांगता : EPFO ने एक बेहद जरूरी बात साफ की है. EPFO कभी भी अपने सदस्यों से फोन कॉल, SMS, WhatsApp, सोशल मीडिया, ईमेल या किसी अन्य माध्यम से OTP, निजी जानकारी या लॉगिन डिटेल साझा करने के लिए नहीं कहता.

इसलिए अगर कोई व्यक्ति EPFO का अधिकारी बनकर आपसे OTP, UAN, पासवर्ड, बैंक डिटेल या दूसरी निजी जानकारी मांगता है, तो ऐसी जानकारी बिल्कुल साझा न करें.

एक छोटी सी गलती पड़ सकती है भारी

EPF अकाउंट में आपकी नौकरी से जुड़ी बचत जमा होती है. इसलिए इसकी जानकारी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है. किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना या OTP और बैंक डिटेल किसी के साथ साझा करना आपके लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है.

यह भी पढ़ें- EMI मिस हुई तो भी राहत! RBI ने रोक दी फोन-लैपटॉप लॉक करने की मनमानी