नए सैलरी नियम लागू, 30 लाख CTC पर कितनी घटेगी आपकी इन हैंड सैलरी; जानें पूरा कैलकुलेशन

अप्रैल 2026 से नए सैलरी नियम लागू होने के बाद नौकरीपेशा लोगों की इन हैंड सैलरी पर असर दिखेगा. सरकार ने वेतन की नई परिभाषा में बेसिक सैलरी को कम से कम पचास प्रतिशत करना अनिवार्य किया है. इससे PF में योगदान बढ़ेगा और हर महीने हाथ में आने वाली सैलरी थोड़ी घटेगी.

नए सैलरी नियम लागू होने के बाद नौकरीपेशा लोगों की इन हैंड सैलरी पर असर दिखेगा. Image Credit: FREE PIK

Salary Rules 2026: अप्रैल 2026 से देश में सैलरी से जुड़े नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर नौकरीपेशा लोगों की इन हैंड सैलरी पर दिखेगा. सरकार ने वेतन की नई परिभाषा तय की है जिससे सैलरी का स्ट्रक्चर बदल गया है. इसका मतलब है कि अब हर महीने मिलने वाली सैलरी थोड़ी कम हो सकती है. हालांकि इस बदलाव का मकसद कर्मचारियों की रिटायरमेंट सेविंग को मजबूत बनाना है. यानी अभी थोड़ी कटौती होगी लेकिन भविष्य में ज्यादा फायदा मिलेगा. आइए समझते हैं कि नया नियम क्या है और 30 लाख CTC पर कितना असर पड़ेगा.

नया सैलरी नियम क्या है

सरकार ने वेतन की एक समान परिभाषा लागू की है जिसमें बेसिक पे, DA और रिटेनिंग अलाउंस को मिलाकर कुल सैलरी का कम से कम आधा हिस्सा रखना जरूरी है. इसके अलावा HRA, बोनस और अन्य अलाउंस को अलग कैटेगरी में रखा गया है. अगर ये अलाउंस 50 फीसदी से ज्यादा होते हैं तो अतिरिक्त हिस्से को वेतन में जोड़ दिया जाएगा. इससे बेसिक सैलरी अपने आप बढ़ जाती है. यही बदलाव पूरे सैलरी स्ट्रक्चर को प्रभावित कर रहा है.

इन हैंड सैलरी पर क्या होगा असर

नए नियम लागू होने के बाद कर्मचारियों की इन हैंड सैलरी में थोड़ी कमी आ सकती है. इसका कारण यह है कि बेसिक सैलरी बढ़ने से PF जैसी कटौती भी बढ़ जाती है. इससे हर महीने हाथ में आने वाली रकम कम हो जाती है. हालांकि कुल सैलरी में कोई बदलाव नहीं होता है. यह बदलाव सभी सैलरीड कर्मचारियों पर लागू होगा और धीरे-धीरे इसका असर दिखेगा.

30 लाख CTC पर कितना होगा फर्क

अगर किसी कर्मचारी का CTC 30 लाख रुपये है तो पहले हर महीने करीब 1.91 लाख रुपये इन हैंड मिलते थे. नए नियम के बाद यह घटकर करीब 1.87 हजार रुपये रह जाएंगे. यानी हर महीने लगभग 4 हजार से ज्यादा की कमी आएगी. यह कैलकुलेशन टैक्स से पहले की है इसलिए असली रकम टैक्स के बाद थोड़ी अलग हो सकती है.

घटकपहले (₹ प्रति माह)बाद में (₹ प्रति माह)बदलाव (₹ प्रति माह)
बेसिक सैलरी69,4441,04,167+34,723
एचआरए41,66741,667कोई बदलाव नहीं
स्पेशल अलाउंस88,88954,166−34,723
कुल ग्रॉस सैलरी2,00,0002,00,000कोई बदलाव नहीं
ईपीएफ कटौती (कर्मचारी)8,33312,500+4,167
ईपीएफ योगदान (नियोक्ता 12 प्रतिशत)8,33312,500+4,167
प्रोफेशनल टैक्स200200कोई बदलाव नहीं
इन हैंड सैलरी1,91,4671,87,300−4,167

PF और रिटायरमेंट सेविंग में फायदा

हालांकि इन हैंड सैलरी कम होती दिख रही है लेकिन PF में जमा होने वाली रकम बढ़ जाएगी. इससे हर साल करीब 1 लाख रुपये ज्यादा सेविंग हो सकती है. साथ ही ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं भी बढ़ेंगी. यानी नौकरी छोड़ने या रिटायर होने पर ज्यादा पैसा मिलेगा. यह बदलाव लंबे समय में आर्थिक सुरक्षा को मजबूत बनाता है.

ये भी पढ़ें – FD-RD छोड़िए… 8.2% तक रिटर्न दे रही ये 6 सरकारी योजनाएं, ₹1.5 लाख तक मिलती है टैक्स छूट, एक क्लिक में समझें पूरा गणित

सरकार का क्या है मकसद

सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों को भविष्य के लिए सुरक्षित बनाना है. ज्यादा PF और ग्रेच्युटी के जरिए रिटायरमेंट के बाद आर्थिक परेशानी कम होगी. हालांकि शुरुआत में यह बदलाव थोड़ा भारी लग सकता है लेकिन लंबे समय में यह फायदेमंद साबित होगा. यही कारण है कि इसे एक बड़े सुधार के रूप में देखा जा रहा है.