1 हफ्ते में 25% उछला 100 साल पुरानी कंपनी का शेयर, कुवैत से मिले मेगा ऑर्डर..अभी और भरेगी रफ्तार?
100 साल पुरानी वॉटर टेक्नोलॉजी कंपनी के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. पिछले एक हफ्ते में स्टॉक करीब 25% उछलकर 52-वीक हाई के करीब पहुंच गया है. कुवैत और यूएई से मिले बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर, 17200 करोड़ रुपये के मजबूत ऑर्डर बुक और स्थिर कैश फ्लो की वजह से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच एक ऐसी कंपनी है जिसके शेयर रॉकेट की रफ्तार से भाग रहे हैं. बात हो रही है वॉटर टेक्नोलॉजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी VA Tech Wabag की. पिछले 6 दिनों से इस शेयर में लगातार तेजी का सिलसिला जारी है और इस दौरान इसने निवेशकों को करीब 25% का बंपर रिटर्न दिया है. शुक्रवार को कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 9 फीसदी की बढ़त के साथ नए 52-वीक हाई पर पहुंच गया.
इस तेजी ने न सिर्फ निवेशकों को गदगद किया है, बल्कि इसने बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स को भी बड़े अंतर से पछाड़ दिया है. बीते एक महीने में जहां सेंसेक्स सिर्फ 3% बढ़ा, वहीं इस शेयर ने 38% की छलांग लगाई है.
क्यों निवेशकों का बढ़ रहा है भरोसा?
इस ताबड़तोड़ तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह कंपनी को कुवैत सरकार से मिला एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है. वीए टेक वबाग को कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MEWRE) से ‘दोहा SWRO डिसेलिनेशन प्लांट’ का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. कंपनी ₹1,000 करोड़ से बड़े प्रोजेक्ट्स को ‘मेगा’ प्रोजेक्ट की कैटेगरी में रखती है. कुवैत के बाजार में कंपनी की यह पहली एंट्री है, जिसने मिडिल ईस्ट (GCC क्षेत्र) में उसकी पकड़ को बेहद मजबूत कर दिया है.
इसके अलावा, हाल ही में 9 जून को कंपनी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अजमान से भी ₹250 करोड़ से ₹600 करोड़ की रेंज का एक बड़ा सीवेज बायोरिफाइनरी प्लांट का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. एक के बाद एक मिल रहे इन बड़े इंटरनेशनल ऑर्डर्स ने निवेशकों का भरोसा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
17,200 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक
भविष्य में कंपनी की कमाई कैसी रहेगी, इसका अंदाजा इसके मजबूत ऑर्डर बुक से लगाया जा सकता है. मई 2026 के अंत तक कंपनी के पास ₹17,200 करोड़ से ज्यादा का ऑर्डर बैकलॉग था. ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक, यह ऑर्डर बुक कंपनी के मौजूदा सालाना रेवेन्यू से 4 गुना से भी ज्यादा है.
सबसे अच्छी बात यह है कि इस ऑर्डर बुक का 38% हिस्सा लॉन्ग-टर्म ‘ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस’ (O&M) कॉन्ट्रैक्ट्स का है. इसका मतलब है कि कंपनी को अगले कई सालों तक लगातार और तय कमाई होती रहेगी. साथ ही, इन प्रोजेक्ट्स को सरकारी और बहुपक्षीय एजेंसियों (जैसे भारत सरकार के नमामि गंगे, अमृत और जल जीवन मिशन) से फंडिंग मिली हुई है, जिससे पेमेंट डूबने का खतरा न के बराबर है.
यह भी पढ़ें: Sun Pharma का बड़ा दांव! ₹271 करोड़ में खरीदेगी Innovcare Lifesciences, सोमवार को स्टॉक पर रखें नजर
क्या अभी भी बाकी है तेजी?
ग्लोबल वॉटर ट्रीटमेंट और डिसेलिनेशन मार्केट में वीए टेक वबाग दुनिया के टॉप 3 प्राइवेट प्लेयर्स में शामिल है. 25 से ज्यादा देशों में फैले कारोबार और 4 गुना से बड़े ऑर्डर बुक को देखते हुए एक्सपर्ट्स इस शेयर पर काफी भरोसा जता रहे हैं. ब्रोकरेज हाउस का मानना है कि कंपनी के पास अगले कई सालों की मजबूत रेवेन्यू विजिबिलिटी है. बढ़ती हुई कैश फ्लो स्टेबिलिटी और मार्जिन में सुधार को देखते हुए जानकारों का मानना है कि ऑल-टाइम हाई को पार करने के बाद भी इस शेयर में आगे अच्छी बढ़त देखने को मिल सकती है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
Multibagger : KOEL को मिला 192MW का बड़ा ऑर्डर, डेटा सेंटर सेक्टर में बढ़ेगी कंपनी की ताकत
Sun Pharma का बड़ा दांव! ₹271 करोड़ में खरीदेगी Innovcare Lifesciences, सोमवार को स्टॉक पर रखें नजर
FD जैसी रेगुलर कमाई, 4.7% डिविडेंड यील्ड और मजबूत कैश रिजर्व; रडार पर आया ये स्टॉक, रखें नजर
