55% मार्जिन, 44% सिल्वर से मुनाफा… फिर क्यों Hindustan Zinc के शेयर से पीछा छुड़ा रहे निवेशक
रिकॉर्ड कमाई, मजबूत मार्जिन और शानदार कैश फ्लो के बावजूद हिंद जिंक का शेयर तेजी से फिसल रहा है. क्या इसके पीछे सिर्फ बाजार की कमजोरी है या कहानी में कुछ बड़ा बदल रहा है? गिरावट के इस ट्रेंड में आगे क्या संकेत छिपे हैं, यही समझना जरूरी है.
Hindustan Zinc Crash: मेटल और माइनिंग सेक्टर की कहानी अक्सर सीधी नहीं होती, कभी तेज उछाल, तो कभी अचानक गिरावट. पिछले कुछ महीनों में Hindustan Zinc के शेयर ने भी यही उतार-चढ़ाव दिखाया है. कुछ महीनों पहले जिंक और सिल्वर की कीमतों में तेजी और कंपनी के मजबूत प्रदर्शन ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया था. लेकिन अब तस्वीर थोड़ी बदली है. शेयर अपने उच्च स्तर से फिसल चुका है.
शेयर में गिरावट का ट्रेंड
जनवरी 2026 में हिंदुस्तान जिंक का शेयर करीब 727 रुपये के स्तर तक पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद लगातार बिकवाली देखने को मिली. मार्च के तीसरे हफ्ते तक यह गिरकर करीब 490 रुपये के आसपास आ गया. यानी गिरावट 32 फीसदी से ज्यादा है. इस गिरावट के पीछे सिर्फ बाजार की कमजोरी नहीं, बल्कि कुछ बुनियादी कारण भी हैं, जिन पर निवेशकों की नजर है. कंपनी का 52 वीक लो 388 रुपये है.

वित्तीय प्रदर्शन: आंकड़े क्या कहते हैं?
कंपनी का Q3 FY26 का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा, जो यह दिखाता है कि ऑपरेशनल स्तर पर कंपनी अभी भी मजबूत स्थिति में है.
- Revenue: Rs 109.80 bn (↑ 27.47% YoY)
- Operating Profit: Rs 60.54 bn (↑ 34.56% YoY)
- Operating Margin: 55.14% (मार्जिन बढ़ा)
- Net Profit: Rs 39.16 bn (↑ 46.23% YoY)
- Net Profit Margin: 35.66% (मार्जिन बढ़ा)
इन आंकड़ों से साफ है कि कंपनी ने रिकॉर्ड स्तर पर मुनाफा कमाया है. खास तौर पर मार्जिन में सुधार यह दिखाता है कि लागत नियंत्रण और बेहतर कीमतों का फायदा मिला है.
गिरावट के पीछे के बड़े कारण
हिंद जिंक का बिजनेस कमोडिटी साइकिल पर काफी निर्भर है. यही इसकी ताकत भी है और कमजोरी भी.
- कमोडिटी कीमतों पर निर्भरता
कंपनी की कमाई का बड़ा हिस्सा जिंक और सिल्वर की कीमतों पर निर्भर करता है. Q3 में जिंक करीब 3,300 डॉलर प्रति टन और सिल्वर की ऊंची कीमतों ने मुनाफा बढ़ाया. लेकिन अगर ये कीमतें गिरती हैं, तो सीधा असर कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे पर पड़ेगा.
- बढ़ती लागत का दबाव
जैसे-जैसे खदानें गहरी होती जा रही हैं, लागत बढ़ने का खतरा भी बढ़ रहा है. ज्यादा गहराई का मतलब ज्यादा लॉजिस्टिक्स खर्च, ज्यादा ऊर्जा खपत और धीरे-धीरे घटती ग्रेड क्वालिटी. अभी लागत नियंत्रण में है, लेकिन लंबे समय में दबाव बढ़ सकता है.
- कैपेक्स और विस्तार का जोखिम
कंपनी बड़े विस्तार प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है, जिसमें 250 ktpa स्मेल्टर और अन्य योजनाएं शामिल हैं. इससे भविष्य में ग्रोथ मिलेगी, लेकिन फिलहाल यह फ्री कैश फ्लो पर दबाव डाल सकता है. अगर प्रोजेक्ट में देरी या लागत बढ़ी, तो असर दिख सकता है.
- सिल्वर पर बढ़ती निर्भरता
अब कंपनी के मुनाफे का करीब 44% हिस्सा सिल्वर से आ रहा है. सिल्वर की कीमतें काफी अस्थिर होती हैं और कई बार निवेश डिमांड से प्रभावित होती हैं. इससे कमाई में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है.
कंपनी के मजबूत पहलू
जहां एक तरफ जोखिम हैं, वहीं हिंद जिंक के पास कुछ मजबूत आधार भी हैं जो इसे बाकी कंपनियों से अलग बनाते हैं.
- लागत में लीडरशिप
कंपनी दुनिया के सबसे कम लागत वाले उत्पादकों में शामिल है. Q3 FY26 में उत्पादन लागत 5 साल के निचले स्तर पर रही. यह किसी भी कमोडिटी कंपनी के लिए बड़ा फायदा है, क्योंकि गिरावट के दौर में भी मुनाफा बनाए रखा जा सकता है.
- ग्रोथ की रणनीति
इक्विटी मास्टर की रिपोर्ट के मुताबिक, हिंद जिंक अपनी क्षमता को दोगुना करने की योजना पर काम कर रही है. नए प्रोजेक्ट्स और डिबॉटलनेकिंग से उत्पादन बढ़ेगा, जिससे भविष्य में ग्रोथ का रास्ता साफ दिखता है.
- मजबूत बैलेंस शीट
कंपनी के पास नेट कैश पोजीशन है, यानी उस पर कर्ज का दबाव नहीं है. इससे वह बिना ज्यादा वित्तीय जोखिम के विस्तार कर सकती है.
- कैश फ्लो और डिविडेंड
Q3 में कंपनी ने करीब 34 अरब रुपये का फ्री कैश फ्लो जनरेट किया. हिंद जिंक लंबे समय से अच्छे डिविडेंड के लिए जानी जाती है, जो निवेशकों के लिए बड़ा आकर्षण है.
Q4 के लिए क्या संकेत हैं?
मैनेजमेंट का कहना है कि Q4 आमतौर पर कंपनी के लिए मजबूत रहता है. बेहतर ऑपरेशनल कंडीशन और ज्यादा उत्पादन की वजह से Q3 से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है, खासकर सिल्वर आउटपुट में.
हिंदुस्तान जिंक एक मजबूत कंपनी जरूर है, लेकिन इसका प्रदर्शन काफी हद तक बाहरी फैक्टर्स पर निर्भर है. यही कारण है कि निवेशक फैसला लेते समय सतर्क रुख अपना रहे हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
सेंसेक्स में 1800 अंकों की गिरावट के बावजूद इन 25 शेयरों में लगा अपर सर्किट, 52 वीक हाई पर पहुंचे स्टॉक, निवेशक हुए मालामाल
₹100 अरब के मार्केट में तेजी से बढ़ रही ये पेंट कंपनी, 31% बढ़ा नेट प्रॉफिट, 5 साल में 150% रिटर्न, रखें नजर
मेटल बाजार में कुछ बड़ा होने वाला है, सोने- चांदी से 3 घंटे में ₹187830800000000 साफ; एक्सपर्ट ने दिए 3 बड़े संकेत
