₹245 करोड़ के ऑर्डर से चमका आशीष कचोलिया वाला ये स्टॉक, 5 साल में 6400% चढ़ा भाव; कैसी है FY स्थिति?

इस पावर ट्रांसमिशन और एनर्जी सेक्टर की कंपनी को PGVCL से 245.33 करोड़ रुपये के पांच बड़े ऑर्डर मिले हैं. मजबूत ऑर्डर बुक और शानदार ग्रोथ के बावजूद शेयर में हालिया गिरावट देखने को मिली है. इस कंपनी में दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया की भी हिस्सेदारी है.

आशीष कचोलिया स्टॉक Image Credit: @Money9live

Ashish Kacholia Advait Energy Share: पावर ट्रांसमिशन और एनर्जी ट्रांजिशन सेक्टर में काम करने वाली स्मॉलकैप कंपनी Advait Energy Transitions Limited इन दिनों चर्चा में है. कंपनी को गुजरात की सरकारी डिस्कॉम Paschim Gujarat Vij Company Limited (PGVCL) से करीब 245.33 करोड़ रुपये के पांच बड़े ऑर्डर मिले हैं. इस खबर के बाद स्टॉक निवेशकों के रडार पर आ गया है, हालांकि हालिया ट्रेडिंग में इसमें गिरावट भी देखने को मिली.

शेयर का हाल?

करीब 1,844 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली इस कंपनी का शेयर 1,686.05 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 4.06 फीसदी की गिरावट दर्शाता है. दिलचस्प बात यह है कि हाल की कमजोरी के बावजूद, यह स्टॉक अपने 52-हफ्ते के हाई 2,419 रुपये से करीब 30 फीसदी नीचे ट्रेड कर रहा है, जबकि पिछले पांच सालों में इसने 6,400 फीसदी से ज्यादा का जबरदस्त रिटर्न दिया है.

कंपनी को मिले बड़े ऑर्डर

कंपनी को मिले ये ऑर्डर गुजरात के अलग-अलग जिलों में फैले हुए हैं. इनमें मोरबी (55.14 करोड़ रुपये), भावनगर (53.84 करोड़ रुपये), राजकोट ग्रामीण (54.08 करोड़ रुपये), अमरेली (44.48 करोड़ रुपये) और सुरेंद्रनगर (37.79 करोड़ रुपये) शामिल हैं. ये सभी प्रोजेक्ट RDSS (Revamped Distribution Sector Scheme) के तहत दिए गए हैं, जिसका उद्देश्य देश में बिजली वितरण ढांचे को मजबूत करना है.

क्या है काम?

इन प्रोजेक्ट्स के तहत कंपनी को 11 केवी मीडियम वोल्टेज कवरड कंडक्टर (MVCC) सिस्टम की सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का काम करना होगा. यह काम संबंधित क्षेत्रों में बिजली की क्वालिटी और विश्वसनीयता सुधारने में मदद करेगा. खास बात यह है कि सभी ऑर्डर्स को 9 महीने के भीतर पूरा करना है, जिससे कंपनी के लिए शॉर्ट-टर्म एग्जीक्यूशन और रेवेन्यू विजिबिलिटी मजबूत होगी.

कंपनी का बड़ा ऑर्डर बुक

ऑर्डर बुक की बात करें तो कंपनी ने इसमें शानदार ग्रोथ दिखाई है. 31 दिसंबर 2025 तक इसका ऑर्डर बुक करीब 1,048 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो एक साल पहले के मुकाबले 132 फीसदी की तेजी को दर्शाता है. इसमें लगभग 84 फीसदी योगदान पावर ट्रांसमिशन सॉल्यूशंस से आता है, जबकि 16 फीसदी हिस्सा न्यू और रिन्यूएबल एनर्जी सेगमेंट का है. पिछले कुछ सालों में कंपनी ने अपने ऑर्डर बुक को लगातार बढ़ाया है, जो FY22 के 70.9 करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 503.8 करोड़ रुपये तक पहुंच गया यानी करीब 31 फीसदी की CAGR ग्रोथ.

शेयरहोल्डिंग पैटर्न पर नजर

शेयरहोल्डिंग पैटर्न पर नजर डालें तो प्रमोटर्स के पास कंपनी में 66.04 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि पब्लिक की हिस्सेदारी 33.63 फीसदी है. इसके अलावा, मशहूर निवेशक आशीष कचोलिया भी इसमें 2.03 फीसदी हिस्सेदारी रखते हैं, जिसकी वैल्यू करीब 38 करोड़ रुपये है. उनकी मौजूदगी इस स्टॉक में निवेशकों का भरोसा बढ़ाने का एक अहम फैक्टर मानी जाती है.

कैसी है वित्तीय स्थिति?

वित्तीय प्रदर्शन भी कंपनी की ग्रोथ स्टोरी को मजबूत करता है. Q3 FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 98 करोड़ रुपये से बढ़कर 211 करोड़ रुपये हो गया, जो 115 फीसदी की वृद्धि है. वहीं, नेट प्रॉफिट 10 करोड़ रुपये से बढ़कर 17 करोड़ रुपये पहुंच गया, यानी 70 फीसदी की बढ़त. पिछले पांच सालों में कंपनी ने रेवेन्यू में 54.72 फीसदी और मुनाफे में 100 फीसदी की CAGR ग्रोथ दर्ज की है.

ये भी पढ़ें- इस कंपनी को मिला बड़ा ऑर्डर! शेयरों में हलचल, आशीष कचोलिया का भी लगा है पैसा; भाव ₹10 से कम

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.