AI सेक्टर की इन दो कंपनियों पर रखें नजर, न के बराबर कर्ज, 500% तक रिटर्न; IT सेक्टर में बिकवाली से जगी उम्मीद
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने शेयर बाजार में हलचल मचा दी है. आईटी और सॉफ्टवेयर सेक्टर के शेयरों में भारी गिरावट आई है और कुछ ही दिनों में लाखों करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू घट गई. AI से जुड़ी खबरों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह तकनीक कई कंपनियों के बिजनेस मॉडल को तेजी से बदल रही है. इसी बीच एआई सेक्टर की कंपनियों में निवेशकों की रुचि बढ़ सकती है.
AI Stocks: इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सबसे गहरा असर आईटी और सॉफ्टवेयर शेयरों पर देखने को मिल रहा है. बीते कुछ कारोबारी दिनों में ही आईटी सेक्टर के शेयरों को 7 से 8 लाख करोड़ रुपये का झटका लगा है. बाजार में आईटी स्टॉक्स धराशायी हो गए हैं. इसकी शुरुआत उस खबर से हुई, जब Anthropic से जुड़ी घटनाओं के बाद निवेशकों और टेक दिग्गजों को यह आशंका होने लगी कि AI के कारण आईटी कंपनियों में भारी छंटनी हो सकती है.
इसी बीच टेक्नोलॉजी और डेटा सेंटर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी आई है, लेकिन निवेशकों को यह भी समझ में आ रहा है कि यह राह आसान नहीं है. AI कई उद्योगों के बिजनेस मॉडल को बदल रहा है. यहां दो ऐसी कंपनियों के बारे में बताया गया है, जो AI इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं.
AI की रैली
हाल के वर्षों में AI को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है. टेक कंपनियों के शेयरों में तेजी आई और निवेशकों को उम्मीद है कि 2026 से AI कंपनियों की कमाई बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएगा. हालांकि, AI के कारण सॉफ्टवेयर, लीगल सर्विसेज और वेल्थ मैनेजमेंट जैसे सेक्टरों में अनिश्चितता भी बढ़ी है. नई तकनीक से पुराने बिजनेस मॉडल प्रभावित हो रहे हैं. उदाहरण के तौर पर, फरवरी 2026 में Anthropic द्वारा Claude Cowork एजेंट के लिए प्लग-इन लॉन्च करने के बाद सॉफ्टवेयर शेयरों में बिकवाली देखी गई थी. यह संकेत था कि AI बदलाव की रफ्तार तेज है.
Persistent Systems
Persistent Systems देश की एक प्रमुख आईटी सर्विसेज कंपनी है, जो डिजिटल इंजीनियरिंग, क्लाउड, डेटा एनालिटिक्स और सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट इंजीनियरिंग में काम करती है. कंपनी अपने 35वें साल में प्रवेश करते हुए AI को अपनी विकास रणनीति का मुख्य आधार बना रही है. कंपनी ने दो स्तरों पर AI रणनीति अपनाई है. वे हैं AI for Technology और AI for Business. टेक्नोलॉजी स्तर पर कंपनी ने SASVA नाम का AI-पावर्ड डिजिटल इंजीनियरिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो सॉफ्टवेयर लाइफ साइकिल के हर स्टेज में जेनरेटिव और एजेंटिक AI का इस्तेमाल करता है.
बिजनेस स्तर पर कंपनी iAURA और GenAI Hub के जरिए ग्राहकों को लागत घटाने, तेज निर्णय लेने और बेहतर ग्राहक अनुभव देने में मदद कर रही है. Microsoft और Google Cloud के साथ रणनीतिक साझेदारी के जरिए कंपनी वैश्विक बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. बाजार में इसके शेयर की कीमत 5479 रुपये है और इसने बीत पांच साल में 500% से अधिक का रिटर्न दिया है.
यह भी पढ़ें: अगले हफ्ते निवेशकों की मौज, Apollo Hospitals समेत ये 19 कंपनियां देने जा रही डिविडेंड, जानें रिकॉर्ड डेट
मजबूत वित्तीय प्रदर्शन से मिला सहारा
Persistent Systems की पिछले पांच वर्षों में आय 27.3% की CAGR से बढ़ी है, जबकि मुनाफा 32.7% की CAGR से बढ़ा है. कंपनी का पांच साल का औसत ROE 21.8% और ROCE 29% है. सबसे खास बात यह है कि कंपनी का बैलेंस शीट कर्ज मुक्त है, जो उसे भविष्य के निवेश के लिए मजबूत स्थिति में रखता है. हालांकि बीते एक सप्ताह में यह 6% से अधिक टूटा है.
KPIT Technologies
KPIT Technologies मोबिलिटी सेक्टर में सॉफ्टवेयर और इंटीग्रेशन सॉल्यूशन देने वाली कंपनी है. कंपनी 25 साल से अधिक समय से ऑटोमोटिव इंडस्ट्री के साथ काम कर रही है और अब AI-डिफाइंड व्हीकल्स की दिशा में आगे बढ़ रही है. CES 2026 में कंपनी ने अपनी नई Agentic AI सॉल्यूशन पेश की, जो वाहन सॉफ्टवेयर के विकास और परीक्षण की प्रक्रिया को तेज और अधिक कुशल बनाती है. Microsoft ने KPIT को AI के क्षेत्र में Frontier Firm के रूप में मान्यता भी दी है.
पिछले पांच वर्षों में कंपनी की आय 22.1% CAGR और मुनाफा 41.6% CAGR से बढ़ा है. इसका औसत ROE 23.1% और ROCE 31.8% है, और कंपनी पूरी तरह कर्ज मुक्त है. बाजार में इसके शेयर 861 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं और बीते पांच साल में इसने 500% से अधिक का रिटर्न दिया है. यानी निवेशकों का पैसा 5 गुना हुआ है. हालांकि बीते एक सप्ताह में यह 10% से अधिक टूटा है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
