एक साल में 200% तक की छलांग, अब 1 के बदले 3 बोनस शेयर देगी कंपनी; रिकॉर्ड डेट भी तय
इस कंपनी ने निवेशकों के लिए 1:3 बोनस शेयर का ऐलान किया है. इसके लिए कंपनी ने रिकॉर्ड डेट भी तय कर दी है. इससे इतर, कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन भी साल भर के दौरान काफी दमदार रहा है. जानें कैसी है वित्तीय स्थिति और अलॉटमेंट डिटेल्स.

Avax Apparels and Oranaments Bonus Share: स्मॉलकैप स्पेस में तेजी से उभर रही कंपनी Avax Apparels and Ornaments एक बार फिर निवेशकों के फोकस में आ गई है. शेयर ने जहां पिछले एक साल में जबरदस्त रिटर्न देकर निवेशकों को चौंकाया है, वहीं अब कंपनी ने बोनस शेयर का ऐलान कर दिया है, जिससे शेयरहोल्डर्स को अतिरिक्त फायदा मिलने वाला है. कंपनी ने अपने निवेशकों को 1:3 के रेशियो में बोनस शेयर देने का फैसला किया है. यानी अगर किसी निवेशक के पास कंपनी का 1 शेयर है, तो उसे 3 अतिरिक्त शेयर मुफ्त में मिलेंगे. इस तरह निवेशकों की होल्डिंग में बड़ा इजाफा देखने को मिलेगा.
रिकॉर्ड डेट और अलॉटमेंट की डिटेल
कंपनी ने बोनस शेयर के लिए मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. इसका मतलब यह है कि इस तारीख तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रिकॉर्ड में शेयरधारक के रूप में दर्ज होंगे, वही इस बोनस इश्यू का लाभ उठा पाएंगे. बोनस शेयरों का अलॉटमेंट बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को किया जाएगा. कंपनी के शेयर की मौजूदा फेस वैल्यू 5 रुपये है जो हाल ही में हुए स्टॉक स्प्लिट के बाद लागू हुई है.
हाल ही में हुआ स्टॉक स्प्लिट
दिलचस्प बात यह है कि कंपनी ने बोनस से पहले अपने शेयर का स्प्लिट भी किया था. पहले एक शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये थी, जिसे घटाकर 5 रुपये कर दिया गया. यानी हर एक शेयर दो हिस्सों में बंट गया. इस कदम का मकसद शेयर को ज्यादा किफायती बनाना और रिटेल निवेशकों की भागीदारी बढ़ाना माना जा रहा है.
शेयर का प्रदर्शन: तेजी से बना मल्टीबैगर
Avax Apparels and Ornaments का शेयर प्रदर्शन हाल के समय में बेहद मजबूत रहा है. पिछले 1 साल में स्टॉक ने तकरीबन 200 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले 6 महीनों में शेयर की कीमत 153 फीसदी तक बढ़ी है. फिलहाल BSE पर कंपनी का शेयर करीब 168 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है. कंपनी का मार्केट कैप लगभग 35 करोड़ रुपये है, जिससे यह एक स्मॉलकैप/SME कंपनी की कैटेगरी में आती है.
IPO और कंपनी प्रोफाइल
कंपनी ने जनवरी 2025 में BSE SME प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग की थी. इसका IPO साइज करीब 1.92 करोड़ रुपये था, जो अपेक्षाकृत छोटा माना जाता है. कंपनी के प्रमोटर्स हरिंदरपाल सिंह सोढ़ी और हरीश कुमार हैं, जो इसके बिजनेस ऑपरेशंस को लीड कर रहे हैं.
वित्तीय प्रदर्शन भी स्थिर
वित्त वर्ष 2025 के आंकड़ों पर नजर डालें तो कंपनी का कुल रेवेन्यू 34.36 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. वहीं, कंपनी को 1.63 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट भी हुआ है. हालांकि मुनाफा सीमित है, लेकिन कंपनी की ग्रोथ और मार्केट मूवमेंट इसे निवेशकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहे हैं.
ये भी पढ़ें- चीन पर सख्ती से बदला CCTV मार्केट का खेल! इस कंपनी के लिए खुला बड़ा मौका, क्या बनेगी सबसे बड़ी विजेता?
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.