रडार से लेकर सॉफ्टवेयर तक, BEL को मिले 733 करोड़ रुपये के बड़े डिफेंस ऑर्डर; 2% तक उछला शेयर

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) को डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट के लिए 733 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं. कंपनी के शेयरों में इंट्रा डे 2 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली है. रडार, कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन और सिस्टम अपग्रेड जैसे ऑर्डर से बीईएल की ऑर्डर पाइपलाइन और रेवेन्यू विजिबिलिटी मजबूत हुई है.

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स Image Credit: AI/canva

Bharat Electronics Limited: भारत की प्रमुख एयरोस्पेस और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Bharat Electronics Limited (BEL) के शेयरों में बुधवार को हलचल देखने को मिली. कंपनी को डिफेंस और इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट के लिए कुल 733 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं. इस खबर के बाद इंट्रा डे लो से शेयरों में करीब 2 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई. मजबूत ऑर्डर फ्लो, बेहतर एग्जिक्यूशन विजिबिलिटी और स्थिर मार्जिन आउटलुक के चलते निवेशकों का भरोसा कंपनी पर बना हुआ है.

कैसा है ऑर्डर

कंपनी को मिले ताजा ऑर्डर डिफेंस और एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े कई प्रोडक्ट और सर्विस में फैले हुए हैं. इनमें टीआर मॉड्यूल, कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, एन्क्रिप्टर, रडार सिस्टम, जैमर, सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन, टेस्ट इक्विपमेंट, सिस्टम अपग्रेड, स्पेयर्स और संबंधित सर्विसेज शामिल हैं. इन ऑर्डर्स से बीईएल की ऑर्डर पाइपलाइन और रेवेन्यू और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है.

ऑर्डर बुक और वित्त वर्ष 26 का आउटलुक

बीईएल की ऑर्डर बुक पहले से ही मजबूत स्थिति में है. 1 जनवरी 2026 को कंपनी की ऑर्डर बुक 73,015 करोड़ रुपये थी, जो 28 जनवरी 2026 तक बढ़कर 73,450 करोड़ रुपये पहुंच गई. इसी अवधि में ऑर्डर इनफ्लो 19,300 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

वित्त वर्ष 26 के लिए कंपनी ने 15 फीसदी से अधिक रेवेन्यू ग्रोथ, 27 फीसदी से ऊपर ईबीआईटीडीए मार्जिन और 27,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के ऑर्डर इनफ्लो का अनुमान बरकरार रखा है. इसके अलावा रिसर्च एंड डेवलपमेंट में 1,700 करोड़ रुपये से अधिक निवेश और करीब 1,000 करोड़ रुपये का कैपेक्स प्रस्तावित है.

कैसा है शेयर का हाल

बुधवार को कंपनी का शेयर इंट्रा डे में करीब 2 फीसदी तक उछला. हालांकि बाद में शेयर 0.98 फीसदी की बढ़त के साथ 439.30 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में शेयर में 5.53 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है.

Q3FY26 का वित्तीय प्रदर्शन

कंपनी ने Q3FY26 में मजबूत वित्तीय नतीजे पेश किए हैं. इस तिमाही में रेवेन्यू सालाना आधार पर 24 फीसदी बढ़कर 7,153.85 करोड़ रुपये रहा, जबकि Q3FY25 में यह 5,770 करोड़ रुपये था. नेट प्रॉफिट भी 21 फीसदी की बढ़त के साथ 1,579 करोड़ रुपये पहुंच गया. कुल मिलाकर, नए ऑर्डर्स, मजबूत ऑर्डर बुक और स्थिर वित्तीय प्रदर्शन के चलते Bharat Electronics Limited पर निवेशकों की नजर बनी रहने वाली है.

यह भी पढ़ें: अनिल अंबानी का 3716 करोड़ का घर अटैच, ED ने बैंक फ्रॉड मामले में की बड़ी कार्रवाई

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.