इस लाइफ इंश्योरेंस कंपनी को बड़ा झटका, मिला ₹4.80 करोड़ का GST डिमांड नोटिस; फोकस में रहेंगे शेयर

Canara HSBC Life Insurance को लखनऊ जीएसटी विभाग से 4.80 करोड़ रुपये का डिमांड ऑर्डर मिला है. कंपनी ने ITC से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए फैसले को चुनौती देने की बात कही है. जानें क्या है शेयरों का हाल.

जीएसटी डिमांड नोटिस Image Credit: @Money9live

Canara HSBC Life Insurance GST Demand: Canara HSBC Life Insurance को टैक्स विभाग से एक बड़ा झटका लगा है. उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित डिप्टी कमिश्नर, सेक्टर-20 की ओर से कंपनी को GST से जुड़ा डिमांड ऑर्डर जारी किया गया है. यह आदेश 30 मार्च 2026 को प्राप्त हुआ, जिसमें वित्त वर्ष 2019-20 से संबंधित कथित अनियमितताओं को आधार बनाते हुए टैक्स, ब्याज और पेनल्टी की मांग की गई है. यह कार्रवाई पहले जारी किए गए शो कॉज नोटिस (SCN) के आधार पर की गई है.

रेगुलेटरी में कंपनी ने क्या कहा?

रेगुलेटरी जानकारी के मुताबिक, यह आदेश UPGST और CGST एक्ट, 2017 की धारा 74 के तहत जारी किया गया है. विभाग ने कंपनी पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के दावे में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. मुख्य रूप से दो बिंदुओं पर सवाल उठाए गए हैं- पहला, कंपनी द्वारा लिया गया ITC CGST एक्ट की धारा 16 और 17 के प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाया गया. दूसरा, कंपनी ने अपने जीएसटी रिटर्न (GSTR-3B) में जितना ITC क्लेम किया, वह जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों (GSTR-9 के टेबल 8A) से अधिक है.

@NSE

कितने रुपये की है डिमांड नोटिस?

इन आरोपों के आधार पर विभाग ने कुल 4.80 करोड़ रुपये से ज्यादा की मांग की है. इसमें 1.50 करोड़ रुपये टैक्स, 1.78 करोड़ रुपये ब्याज और 1.50 करोड़ रुपये पेनल्टी शामिल है. यह राशि कंपनी के लिए एक बड़ा वित्तीय दावा जरूर है, लेकिन कंपनी ने इस पर सख्त रुख अपनाया है.

कंपनी देगी चुनौती?

कंपनी का कहना है कि विभाग द्वारा लगाया गया यह डिमांड टिकाऊ नहीं है और इसे कानूनी रूप से चुनौती दी जाएगी. कंपनी जल्द ही सक्षम अथॉरिटी या अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष अपील दायर करेगी. प्रबंधन का मानना है कि इस पूरे मामले में उनका पक्ष मजबूत है और अंतिम परिणाम कंपनी के पक्ष में आ सकता है. अहम बात यह है कि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस डिमांड का उसके वित्तीय प्रदर्शन, संचालन या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर फिलहाल कोई ठोस प्रभाव पड़ने की उम्मीद नहीं है. यानी कंपनी अपने बिजनेस ऑपरेशंस को सामान्य रूप से जारी रखेगी और इस कानूनी प्रक्रिया को अलग से हैंडल करेगी.

क्या है शेयरों का हाल?

Canara HSBC Life Insurance Company के शेयर सोमवार, 30 मार्च को 0.71 फीसदी की गिरावट के साथ 140.65 रुपये पर बंद हुए. महीने भर के दौरान इसमें 3.33 फीसदी की तेजी देखी जा चुकी है. वहीं, 6 महीने के दौरान इसमें तकरीबन 33 फीसदी की तेजी आ चुकी है. कंपनी का मार्केट कैप 13,338 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें- क्वालिटी वॉल्स में मैग्नम ने खरीदी 61.9% हिस्सेदारी, प्रमोटर स्ट्रक्चर में भी बड़ा बदलाव; स्टॉक पर रहेगी नजर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.