₹7.93 लाख करोड़ के निवेश का फायदा उठा सकती हैं ये 2 कंपनियां, निवेशक रखें नजर; जानें शेयरों का हाल

भारत के पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में आने वाले वर्षों में बड़े निवेश की उम्मीद है. नुवामा ने सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस और थरमैक्स को अपनी टॉप पसंद बताया है. ब्रोकरेज के अनुसार, ट्रांसमिशन सेक्टर में 7.93 लाख करोड़ रुपये के संभावित निवेश से इन कंपनियों को बड़ा फायदा मिल सकता है.

पावर स्टॉक Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Power Stocks: भारत का पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर आने वाले वर्षों में बड़े निवेश की ओर बढ़ रहा है. रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता बढ़ाने और ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बीच इंजीनियरिंग और कैपिटल गुड्स कंपनियों के लिए बड़े अवसर बन रहे हैं. ऐसे माहौल में ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने दो ऐसे शेयरों की पहचान की है, जो लंबी अवधि में निवेशकों को बेहतर रिटर्न दे सकते हैं. ब्रोकरेज ने सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस और थरमैक्स को अपनी टॉप पसंद बताया है.

ट्रांसमिशन कारोबार से मिल रहा बड़ा सपोर्ट

नुवामा की रिपोर्ट के अनुसार, पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी कंपनियां फिलहाल इंजीनियरिंग सेक्टर का सबसे मजबूत हिस्सा बनी हुई हैं. भारत ने वित्त वर्ष 2036 तक करीब 900 गीगावाट नॉन फॉसिल फ्यूल आधारित बिजली क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य रखा है. इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना होगा.

ब्रोकरेज का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में ट्रांसमिशन क्षेत्र में लगभग 7.93 लाख करोड़ रुपये का कैपिटल निवेश हो सकता है. इसका सीधा लाभ ट्रांसफॉर्मर, एचवीडीसी सिस्टम, जीआईएस उपकरण और हाई-वोल्टेज ईपीसी कारोबार से जुड़ी कंपनियों को मिलने की संभावना है.

CG Power पर क्यों भरोसा जता रहा है ब्रोकरेज

नुवामा का मानना है कि सीजी पावर के पास एक साथ कई ग्रोथ ड्राइवर मौजूद हैं. कंपनी गैस इंसुलेटेड स्विचगियर (जीआईएस) कारोबार का विस्तार कर रही है. इसके अलावा, एक्सपोर्ट ऑर्डर बुक लगातार मजबूत हो रही है. सेमीकंडक्टर निवेश, रेलवे कारोबार और पावर उपकरणों की बढ़ती मांग भी कंपनी की कमाई को सहारा दे रही है.

कंपनी का डायवर्सिफाइड कारोबार मॉडल इसे किसी एक सेक्टर पर निर्भर नहीं रहने देता. ट्रेडब्रेन्स की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की कंसोलिडेटेड बिक्री बढ़कर 12,418 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि नेट प्रॉफिट 1,199 करोड़ रुपये रहा. पिछले वित्त वर्ष की तुलना में कंपनी ने रेवेन्यू और प्रॉफिट, दोनों में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.45 फीसदी बढ़कर 914.45 रुपये पर पहुंच गया.

Thermax में भी दिख रहा दम

ब्रोकरेज ने थरमैक्स को भी लंबी अवधि के लिए आकर्षक विकल्प माना है. कंपनी एनर्जी, पर्यावरण और केमिकल्स से जुड़े सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है. स्टील, सीमेंट, फार्मास्यूटिकल्स और पावर जैसे कई उद्योगों में इसकी मजबूत मौजूदगी है.

नुवामा के अनुसार, कंपनी के पुराने कम-मार्जिन वाले प्रोजेक्ट धीरे-धीरे पूरे हो रहे हैं. इससे आने वाले समय में ऑपरेशनल मार्जिन में सुधार देखने को मिल सकता है. साथ ही, एक्सपोर्ट कारोबार में बढ़ोतरी कंपनी की ऑर्डर बुक को मजबूती प्रदान कर रही है.

वित्त वर्ष 2026 में थरमैक्स की कंसोलिडेटेड बिक्री 10,694 करोड़ रुपये रही, जबकि नेट प्रॉफिट बढ़कर 720 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. यह प्रदर्शन कंपनी की ऑपरेशनल क्षमता में सुधार का संकेत देता है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 3.39 फीसदी बढ़कर 4726.30 रुपये पर पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें: NSE IPO पर बड़ी अपडेट, अगले हफ्ते फाइल हो सकता है DRHP, 10 साल बाद लिस्टिंग प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.