Dollar Vs Rupee: रिकॉर्ड लो पर पहुंचा रुपया, पहली बार 94 प्रति डॉलर के पार; जानें क्या है एक्सपर्ट की राय?

एनालिस्ट्स का मानना है कि ग्लोबल हालात और जियोपॉलिटिकल तनाव बने रहने से रुपये में कमजोरी का रुख जारी रह सकता है. हालांकि, बीच-बीच में रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से नीचे के स्तर पर सपोर्ट मिल सकता है. आने वाले समय में डॉलर-रुपया 93.60 से 94.40 के दायरे में रह सकता है.

Dollar vs Rupee Image Credit: @AI/Money9live

भारतीय करेंसी में सोमवार को बड़ी कमजोरी देखने को मिली. रुपया पहली बार 94 प्रति डॉलर के स्तर को पार करते हुए 94.03 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ. ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से सेंटीमेंट कमजोर हुआ है. इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को करीब 5,518.39 करोड़ रुपये की नेट बिकवाली की. वहीं देश का विदेशी मुद्रा भंडार भी घटकर 709.759 अरब डॉलर रह गया है, जिसमें एक हफ्ते में 7.052 अरब डॉलर की कमी आई है.

दिनभर दबाव में रहा रुपया

फॉरेक्स मार्केट में रुपया 93.84 पर खुला और पूरे दिन दबाव में बना रहा. आखिर में यह 94 के अहम स्तर को तोड़कर 94.03 पर बंद हुआ. इससे पहले शुक्रवार को भी रुपया 64 पैसे टूटकर 93.53 पर बंद हुआ था, जो उस समय का रिकॉर्ड निचला स्तर था.

क्यों टूटा रुपया?

जानकारों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और FII की बिकवाली ने रुपये पर दबाव बनाया है. इसके अलावा मजबूत डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में तेज गिरावट ने भी कमजोरी बढ़ाई.

आगे क्या रह सकता है ट्रेंड?

एनालिस्ट्स का मानना है कि ग्लोबल हालात और जियोपॉलिटिकल तनाव बने रहने से रुपये में कमजोरी का रुख जारी रह सकता है. हालांकि, बीच-बीच में रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से नीचे के स्तर पर सपोर्ट मिल सकता है. आने वाले समय में डॉलर-रुपया 93.60 से 94.40 के दायरे में रह सकता है.

डॉलर और कच्चे तेल का असर

डॉलर इंडेक्स हल्की मजबूती के साथ करीब 99.78 पर बना हुआ है. वहीं ब्रेंट क्रूड करीब 113 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ट्रेड कर रहा है, जो भारत जैसे आयात करने वाले देश के लिए चिंता का विषय है.

शेयर बाजार में भी बड़ी गिरावट

सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में भी भारी बिकवाली देखने को मिली. सेंसेक्स 1,836.57 अंक यानी 2.46 प्रतिशत गिरकर 72,696.39 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 601 अंक यानी 2.60 प्रतिशत टूटकर 22,512 पर आ गया.

इसे भी पढ़ें- इस मेटल स्टॉक का बड़ा तोहफा: डिविडेंड के जरिए बांटेगी ₹4300 करोड़, जानें कब है रिकॉर्ड डेट?

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.