ट्रंप का एक पोस्ट और 3% से ज्यादा उछला Gift-Nifty, MCX पर चांदी में ₹15000 की जबरदस्त रिकवरी; क्या है मामला?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर सैन्य कार्रवाई टालने के फैसले के बाद बाजार में राहत दिखी. GIFT Nifty करीब 3 फीसदी उछला, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ. गिफ्ट निफ्टी में उछला दर्ज किया गया. जानें क्या है मामला.
Trump Post and Gift Nifty Surges: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बड़े फैसले के बाद वैश्विक बाजारों में तेजी का माहौल देखने को मिला. शाम करीब 5 बजे GIFT Nifty में करीब 3.25 फीसदी तक उछाल दर्ज किया गया. यह तेजी उस वक्त आई जब ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट्स और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को फिलहाल टालने का ऐलान किया.
ट्रंप ने क्या किया पोस्ट?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को खत्म करने के लिए बातचीत जारी है और इसका मकसद पूरी तरह से समाधान निकालना है. उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा वार्ता के सकारात्मक संकेतों को देखते हुए उन्होंने रक्षा विभाग को अगले पांच दिनों तक किसी भी सैन्य कार्रवाई को रोकने के निर्देश दिए हैं. इस फैसले से निवेशकों को राहत मिली है, जिससे बाजार में सकारात्मक रुझान देखने को मिला.
ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया कि सैन्य कार्रवाई पर लगाया गया विराम स्थायी नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से जारी कूटनीतिक बातचीत की प्रगति पर निर्भर करेगा. उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में वार्ता का रुख तय करेगा कि आगे क्या कदम उठाए जाएंगे. दरअसल, यह बयान उस चेतावनी के बाद आया है जिसमें ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान सोमवार शाम तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने की अनुमति नहीं देता, तो उसके पावर प्लांट्स पर हमला किया जा सकता है. वहीं, ईरान ने भी सख्त रुख अपनाते हुए खाड़ी क्षेत्र में नौसैनिक माइंस बिछाने और क्षेत्र के ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाने की धमकी दी है.
गिफ्ट-निफ्टी में तेजी
हालांकि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है, जिससे तनाव में अस्थायी नरमी के संकेत मिले हैं, लेकिन हालात अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं. इस बीच GIFT Nifty में आई 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी यह इशारा कर रही है कि मंगलवार, 24 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में राहत भरी शुरुआत देखने को मिल सकती है. यह खास इसलिए भी है क्योंकि सोमवार को बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी.
गिरावट के साथ बंद हुआ भारतीय शेयर बाजार
सप्ताह की शुरुआत बेहद कमजोर रही, जहां वैश्विक बाजारों में गिरावट के असर से भारतीय बाजार भी बुरी तरह टूट गए. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध, जो अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है, ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. इसके साथ ही कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और रुपये में कमजोरी ने बाजार के सेंटीमेंट को और नकारात्मक बना दिया. नतीजतन, सेंसेक्स 1,836 अंकों यानी करीब 2.46 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 72,696 पर बंद हुआ, जबकि कारोबार के दौरान यह करीब 1,974 अंकों तक टूट गया था. वहीं निफ्टी भी 600 अंकों से ज्यादा गिरकर 22,512 के स्तर पर बंद हुआ, जो बाजार में व्यापक बिकवाली का संकेत देता है.
MCX पर भी तेजी
सोमवार, 23 मार्च को शुरुआती कारोबारी के दौरान मई डिलीवरी वाली चांदी तकरीबन 10 फीसदी तक टूटी थी. लेकिन इस पोस्ट के बाद इसमें दमदार रिकवरी दिखी. खबर लिखे जाने तक (शाम 5:15 तक), चांदी 2.26 फीसदी की गिरावट के साथ 2,21,649 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रहा था. तकरीबन 20,000 रुपये तक की गिरावट वाली चांदी शाम तक 15000 रुपये रिकवर कर 5,123 रुपये लाल निशान पर आ गई.
Latest Stories
हफ्ते भर में इन 3 स्टॉक्स में मिलेगा तगड़ा रिटर्न! Choice Broking ने दी Buy कॉल, रखें शेयरों पर नजर!
सेबी बोर्ड ने FPIs सेटलमेंट के नियमों को दी मंजूरी, हितों के टकराव पर सिफारिशों को भी हरी झंडी
9% गिरा तेल, 3% उछला Gift Nifty! ट्रंप के एक बयान से ग्लोबल मार्केट में बड़ा उलटफेर, ऐसा क्या कह दिया?
