1 महीने में 20% तक टूट चुके हैं HDFC Bank के शेयर, मार्च तिमाही में FIIs ने भी 3% से ज्यादा घटाई हिस्सेदारी
HDFC Bank में विदेशी निवेशकों ने मार्च तिमाही के दौरान 3.62 फीसदी हिस्सेदारी घटाते हुए बड़ी बिकवाली की है. लगातार गिरते शेयर प्राइस और ग्लोबल फैक्टर्स के बीच FIIs का यह कदम बाजार के लिए अहम संकेत दे रहा है, जबकि म्यूचुअल फंड्स ने इस दौरान अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है.

HDFC Bank FIIs Offload Share: पिछले कुछ समय से देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंकों में से एक HDFC बैंक सुर्खियों में शुमार है. कंपनी के अंदर कई फेर-बदल हुए जिसके बाद चर्चा तेज हो गई. इसका सबसे बड़ा असर स्टॉक्स पर देखने को मिला. कंपनी के शेयर काफी ज्यादा टूट चुके हैं. अब शेयर होल्डिंग पैटर्न में भी तब्दीली दर्ज की गई. विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने HDFC Bank से अपनी हिस्सेदारी कम कर दी है. मार्च तिमाही में विदेशी निवेशकों ने बैंक से 3.62 फीसदी शेयर ऑफ लोड कर दिया. ऐसा माना जा रहा है कि बैंक के शेयरों में लगातार आ रहे दबाव की वजह से विदेशी निवेशकों ने ये फैसला लिया है.
क्या है मौजूदा शेयर होल्डिंग पैटर्न?
NSE पर मौजूदा शेयर होल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, मार्च तिमाही में विदेशी निवेशकों ने 47.95 करोड़ शेयर बेच दिए जो तकरीबन 3.62 फीसदी थी. शेयर होल्डिंग पैटर्न में आए बदलाव के बाद HDFC Bank में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी 47.67 फीसदी से घटकर 44.05 फीसदी हो गई. इसी के साथ विदेशी निवेशकों की संख्या भी दिसंबर के 2757 से घटकर मार्च में 2528 हो गए.
शेयर बाजार से भी जा रहे विदेशी निवेशक
मालूम हो कि विदेशी निवेशकों की ओर से हो रही बिकवाली केवल HDFC Bank तक सीमित नहीं है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और तेजी से बढ़ते क्रूड ऑयल को देखते हुए FIIs ने केवल मार्च महीने में 1.22 लाख करोड़ रुपये की बिकवाली की है. इसी के साथ चौथे तिमाही में विदेशी निवेशकों की कुल बिकवाली 1.70 लाख करोड़ रुपये के पास पहुंच गई.
घरेलू निवेशकों ने भी की बिकवाली
विदेशी निवेशकों के साथ-साथ देश का सबसे बड़ा घरेलू निवेशक LIC Life Insurance (LIC) ने भी मार्च तिमाही में बड़े स्तर पर बिकवाली की. DIIs की हिस्सेदारी दिसंबर तिमाही में 4.67 फीसदी थी जो मार्च तिमाही तक घटकर 4.66 फीसदी हो गई. वहीं, दूसरी ओर म्यूचुअल फंड्स ने इस दौरान HDFC Bank में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. मार्च तिमाही में MF ने 2.88 फीसदी हिस्सेदारी बढ़ाते हुए 29.54 फीसदी पर पहुंच गई.
कैसा है HDFC Bank के शेयरों का प्रदर्शन?
सोमवार, 6 अप्रैल को एचडीएफसी बैंक के शेयर 2.68 फीसदी की तेजी के साथ 771 रुपये पर ट्रेड करते हुए बंद हुआ. महीने भर के दौरान इसमें 6.61 फीसदी की गिरावट आई. वहीं, 3 महीने के दौरान स्टॉक का भाव 20 फीसदी तक घट चुका है. 52वीक हाई (1020.50 रुपये) के मुकाबले स्टॉक काफी नीचे ट्रेड कर रहा है. कंपनी का मार्केट कैप 11,56,196 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- इन 2 रेलवे स्टॉक पर Jefferies की रिपोर्ट, एक में 32% तक तेजी की संभावना, दूसरे में 22% गिरावट का अंदेशा; जानें TP
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.