AI इंफ्रा पर भारत का 250 अरब डॉलर का मेगा दांव, 10 साल में 18% CAGR से बढ़ेगा सेक्टर; इन देसी शेयरों पर रखें नजर
भारत तेजी से ग्लोबल AI हब बनने की ओर बढ़ रहा है. 250 अरब डॉलर से अधिक के निवेश कमिटमेंट, गीगावाट-स्तर के डेटा सेंटर प्रोजेक्ट और रिलायंस, अडानी, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज कंपनियों की भागीदारी देश को AI इन्फ्रास्ट्रक्चर का बड़ा केंद्र बना रही है. डेटा सेंटर कैपेसिटी 2035 तक 7 गीगावाट पहुंचने का अनुमान है. इस AI बूम से डेटा सेंटर, पावर, ट्रांसमिशन और ग्रीन एनर्जी सेक्टर की कंपनियों को बड़ा फायदा मिल सकता है.
AI Sector and Investment Horizon: भारत तेजी से दुनिया के उभरते हुए AI हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है. 2026 में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में 250 अरब डॉलर से ज्यादा के इन्वेस्टमेंट कमिटमेंट ने यह बता दिया है कि देश केवल डिजिटल खपत का बाजार नहीं, बल्कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर का ग्लोबल सेंटर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
यह निवेश मुख्य रूप से डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में किया जा रहा है. रिलायंस जियो और अडानी ग्रुप जैसे भारतीय दिग्गजों की बड़ी निवेश योजनाओं ने इस रफ्तार को नई ऊंचाई दी है, जबकि वैश्विक टेक कंपनियां भी भारत में अपनी सबसे बड़ी सुविधाएं स्थापित कर रही हैं.
डेटा सेंटर कैपेसिटी में दमदार बढ़ोतरी
भारत का डेटा सेंटर सेक्टर बड़े विस्तार के दौर से गुजर रहा है. ब्रोकरेज फर्म PL Capital की रिपोर्ट के मुताबिक, देश की डेटा सेंटर कैपेसिटी 2025 में 1.3 गीगावाट से बढ़कर 2026 में 1.7 गीगावाट और 2027 में 2.0 गीगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है. 2030 तक यह क्षमता 4.5 गीगावाट और 2035 तक 7.0 गीगावाट तक पहुंच सकती है. यानी अगले एक दशक में करीब 18.3% CAGR दर दर्ज होने का अनुमान है. यह वृद्धि केवल क्लाउड और डिजिटल सेवाओं की मांग से नहीं, बल्कि AI मॉडल ट्रेनिंग, मशीन लर्निंग, डेटा प्रोसेसिंग और जनरेटिव AI एप्लिकेशन की बढ़ती जरूरत से चलाए जाएंगे. बड़े पैमाने पर ग्रीन एनर्जी बेस्ड डेटा सेंटर पार्क बनाए जा रहे हैं, जिससे भारत लागत और स्थिरता- दोनों मोर्चों पर कंपटेटिव बन सके.
कौन लगा रहा है कितना दांव?
- AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर सबसे बड़ा दांव रिलायंस इंडस्ट्रीज ने लगाया है. कंपनी ने लगभग 110 अरब डॉलर (करीब 10 लाख करोड़ रुपये) 7 वर्षों में निवेश करने की योजना पेश की है. इसका लक्ष्य गीगावाट-स्तर के एआई डेटा सेंटर तैयार करना है, जिनमें से एक प्रमुख प्रोजेक्ट विशाखापत्तनम में प्रस्तावित है.
- अडानी ग्रुप ने भी 100 अरब डॉलर के व्यापक निवेश का खाका रखा है, जिसमें 15 अरब डॉलर का समर्पित एआई कैंपस शामिल है. यह प्रोजेक्ट ग्रीन एनर्जी से संचालित 1 गीगावाट से अधिक क्षमता वाले डेटा सेंटर स्थापित करने पर केंद्रित हैं.
- टाटा समूह और टीसीएस ‘हाइपरवॉल्ट एआई’ जैसे जॉइंट वेंचर (JV) के जरिए लगभग 18,000 करोड़ रुपये (करीब 2.2 अरब डॉलर) का निवेश कर रहे हैं. इनका उद्देश्य एआई-ऑप्टिमाइज्ड डेटा सेंटर विकसित करना है, जो ट्रेनिंग और इंफेरेंस दोनों के लिए उपयुक्त हों.
- माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार के लिए शुरुआती 3 अरब डॉलर का निवेश घोषित किया है, जिसे सिलसिलेवार तरीके से 17.5 अरब डॉलर तक बढ़ाया जा सकता है. अमेजन AWS 12.7 अरब डॉलर तक का निवेश 2030 तक करने की योजना पर काम कर रहा है.
- गूगल ने 15 अरब डॉलर की AI डेटा सेंटर हब प्रोजेक्ट की घोषणा की है, जो साउथ इंडिया में 1 गीगावाट कैपेसिटी के साथ विकसित होगी. इसमें अडानीकॉननेक्स और भारती एयरटेल की साझेदारी भी शामिल है.
- लार्सन एंड टुब्रो (L&T) एनवीडिया जीपीयू बेस्ड ‘एआई फैक्ट्री’ स्थापित कर रही है, जबकि योट्टा इंफ्रास्ट्रक्चर और एसटीटी जीडीसी जैसे खिलाड़ी भी हाइपरस्केल डेटा सेंटर क्षमता बढ़ा रहे हैं.
- साथ ही, सरकार की ‘IndiaAI Mission’ के तहत 38,000 से ज्यादा GPU कैपेसिटी विकसित करने की दिशा में काम जारी है, ताकि “मेड इन इंडिया” एआई सॉल्यूशंस को किफायती दरों पर मौजूद कराया जा सके.
| कंपनी | कितना निवेश? | अवधि |
|---|---|---|
| Reliance Industries (Jio) | $110 अरब (₹10 लाख करोड़) | 5–7 साल |
| Adani Group | $100 अरब (कुल प्रतिबद्धता), $15 अरब एआई कैंपस | 2026–2035 |
| $15 अरब | 2026–2030 (चरणबद्ध) | |
| Microsoft | $3 अरब (प्रारंभिक), संभावित $17.5 अरब तक | 2–4 साल |
| Amazon AWS | $12.7 अरब | 2030 तक |
| Tata Group / TCS | ₹18,000 करोड़ (~$2.2 अरब) | 5–7 साल |
| AdaniConneX (Adani JV) | $15 अरब (AI कैंपस हिस्सा) | 2026 से आगे |
| Bharti Airtel (Google JV) | $15 अरब प्रोजेक्ट का हिस्सा | 5 साल |
| Yotta Infrastructure | $1 अरब | 2025–2026 |
| SAP Labs India | €80 मिलियन (फेज-1) | 2025 (फेज-1) |
| Larsen & Toubro (L&T) | राशि सार्वजनिक नहीं | प्रगति पर |
किन कंपनियों को मिलेगा फायदा? निवेशक रखें ध्यान
AI और डेटा सेंटर बूम का सीधा फायदा केवल टेक कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा. पावर जेनरेशन, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों को भी बड़ा फायदा हो सकता है.
- डेटा सेंटर से जुड़े संभावित फायदे वाली कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडानी एंटरप्राइजेज (अडानीकॉननेक्स JV), TCS और भारती एयरटेल (Nxtra डेटा सेंटर) शामिल हैं. ये कंपनियां या तो सीधे डेटा सेंटर विकसित कर रही हैं या एआई-आधारित क्लाउड सेवाओं में विस्तार कर रही हैं.
- पावर सेगमेंट में अडानी ग्रीन, अडानी एनर्जी, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, टाटा पावर और JSW एनर्जी जैसी कंपनियां 24×7 ग्रीन और बिजली सप्लाई के जरिए फायदेमंद हो सकती हैं. डेटा सेंटर को निरंतर और भारी मात्रा में बिजली की जरूरत होती है, जिससे लॉन्ग टर्म पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग बढ़ेगी.
| कंपनी | बिजनेस प्रोफाइल |
|---|---|
| Reliance Industries (Jio) | गीगावाट-स्केल डेटा सेंटर, डिजिटल प्लेटफॉर्म |
| Adani Enterprises (AdaniConneX) | हाइपरस्केल डेटा सेंटर JV |
| TCS (HyperVault AI) | आईटी सर्विसेज + AI डेटा सेंटर |
| Bharti Airtel (Nxtra) | डेटा सेंटर + फाइबर नेटवर्क |
| Yotta Infrastructure | हाइपरस्केल GPU क्लाउड |
भारत का AI दशक शुरू!
250 अरब डॉलर से ज्यादा की निवेश कमिटमेंट, गीगावाट-स्तर की डेटा सेंटर योजनाएं, वैश्विक टेक दिग्गजों की भागीदारी और ग्रीन एनर्जी पर जोर- ये सभी संकेत देते हैं कि भारत एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की दौड़ में गंभीर दावेदार बन चुका है. आने वाले वर्षों में यह सेक्टर न केवल डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देगा, बल्कि पूंजी बाजार में भी नए अवसर पैदा करेगा. निवेशकों के लिए यह समय उन कंपनियों पर नजर रखने का है जो डेटा सेंटर, क्लाउड, ग्रीन पावर और ट्रांसमिशन इंफ्रा से जुड़ी हैं. एआई बूम केवल तकनीकी क्रांति नहीं, बल्कि एक व्यापक औद्योगिक बदलाव का संकेत है और भारत इस बदलाव के केंद्र में खड़ा दिखाई दे रहा है.
यह भी पढ़ें- ईरान हमले का असर, IndiGo और SpiceJet समेत एयरलाइन शेयरों में भूचाल, 14% तक गिरावट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
