ईरान-इसराइल तनाव ने बाजार पर ढाया कहर, टॉप कंपनियों ने गंवाए ₹2.81 लाख करोड़, बैंक स्टॉक सबसे ज्यादा टूटे
शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई तेज गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी पड़ा. टॉप-10 में से आठ कंपनियों की कुल बाजार पूंजीकरण में करीब ₹2.81 लाख करोड़ की कमी आ गई. इस गिरावट में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को सबसे बड़ा नुकसान हुआ.
शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई तेज गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी साफ दिखाई दिया. टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ की बाजार पूंजीकरण में कुल मिलाकर ₹2.81 लाख करोड़ से अधिक की कमी आ गई. इस गिरावट में सबसे ज्यादा नुकसान State Bank of India को हुआ. बाजार में कमजोरी की बड़ी वजह वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी को माना जा रहा है.
पिछले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में दबाव बना रहा. इस दौरान BSE Sensex करीब 2,368.29 अंक या 2.91 प्रतिशत गिर गया. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वेस्ट एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल ने निवेशकों की धारणा को कमजोर किया.
इन कंपनियों की वैल्यूएशन घटी
सबसे ज्यादा गिरावट स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मार्केट कैप में दर्ज की गई. कंपनी का मार्केट कैप लगभग ₹53,952.96 करोड़ घटकर ₹10,55,567.27 करोड़ रह गया. ICICI Bank की वैल्यूएशन ₹46,936.82 करोड़ घटकर ₹9,40,049.82 करोड़ पर आ गई. वहीं HDFC Bank का मार्केट कैप ₹46,552.3 करोड़ घटकर ₹13,19,107.08 करोड़ रह गया.
इसी तरह Larsen & Toubro के बाजार पूंजीकरण में ₹45,629.03 करोड़ की कमी आई. इसके अलावा Bajaj Finance और Tata Consultancy Services के मार्केट कैप में भी क्रमशः ₹28,934.56 करोड़ और ₹28,492.44 करोड़ की गिरावट आई.
Hindustan Unilever की वैल्यूएशन ₹26,350.67 करोड़ घट गई, जबकि Bharti Airtel का बाजार पूंजीकरण ₹4,732.75 करोड़ कम हुआ.
दो कंपनियों को मिला फायदा
हालांकि इस गिरावट के बीच दो कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी दर्ज की गई. Reliance Industries की वैल्यूएशन ₹14,750.39 करोड़ बढ़कर ₹19,01,583.05 करोड़ हो गई. वहीं Infosys का मार्केट कैप ₹3,459.99 करोड़ बढ़कर ₹5,30,546.54 करोड़ पर पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: वेस्ट एशिया तनाव के डर से विदेशी निवेशकों भागे, चार दिनों में ₹21,000 करोड़ की बिकवाली, गहरा रहा संकट
टॉप-10 कंपनियों की रैंकिंग
मार्केट वैल्यूएशन के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है. इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
