5 साल में 1618% रिटर्न, बुधवार को शेयर में आई जोरदार तेजी; निवेशक रखें नजर

Mercury EV-Tech के शेयरों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. स्टॉक 8.5 फीसदी उछलकर 35.55 रुपये तक पहुंच गया. ईवी सेक्टर की यह स्मॉल-कैप कंपनी पिछले 5 साल में 1618 फीसदी का दमदार रिटर्न दे चुकी है, हालांकि अभी यह अपने 52-वीक हाई से नीचे कारोबार कर रही है. एफआईआई ने भी हिस्सेदारी बढ़ाई है.

मल्टीबैगर स्टॉक Image Credit: money9live.com

Multibagger stock: शेयर बाजार में ईवी सेक्टर की एक स्मॉल-कैप कंपनी ने निवेशकों का ध्यान खींचा है. मल्टीबैगर स्टॉक Mercury EV-Tech के शेयरों में 25 फरवरी को जोरदार उछाल देखने को मिला. दिन के कारोबार के दौरान यह शेयर करीब 8.5 फीसदी चढ़कर 35.55 रुपये तक पहुंच गया. हालांकि, इस तेजी के बावजूद स्टॉक अभी भी अपने 52-वीक हाई से काफी नीचे कारोबार कर रहा है. Mercury EV-Tech का शेयर अप्रैल 2025 में 76.93 रुपये के अपने 52-वीक हाई स्तर पर पहुंचा था. इसके बाद इसमें लगातार दबाव देखने को मिला और पिछले महीने यह शेयर 29.95 रुपये के 52-वीक लो तक फिसल गया. मौजूदा स्तर पर यह स्टॉक अपने 52-वीक हाई से करीब 54 फीसदी नीचे है.

5 साल में दिया इतना रिटर्न

पिछले पांच वर्षों में Mercury EV-Tech के शेयर ने करीब 1618 फीसदी का उछाल दर्ज किया है. इसी वजह से इसे शेयर बाजार के चुनिंदा मल्टीबैगर स्टॉक्स में गिना जाता है. हालांकि, शॉर्ट टर्म परफॉर्मेंस की बात करें तो तस्वीर उतनी मजबूत नहीं दिखती. बीते एक साल में यह स्मॉल-कैप स्टॉक करीब 49 फीसदी टूटा है. वहीं, छह महीनों में इसमें 36 फीसदी, तीन महीनों में 18 फीसदी और पिछले एक महीने में करीब 14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. बुधवार को कंपनी का शेयर 4.19 फीसदी की तेजी के साथ 34.09 रुपये पर बंद हुआ.

तिमाही नतीजे और वित्तीय स्थिति

वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में कंपनी के नतीजे मिले-जुले रहे हैं. Mercury EV-Tech ने दिसंबर तिमाही में 25.29 करोड़ रुपये की नेट सेल्स दर्ज की, जबकि इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 0.89 करोड़ रुपये रहा. पूरे नौ महीनों की बात करें तो वित्त वर्ष 26 में अब तक कंपनी की कुल बिक्री 81.86 करोड़ रुपये रही है, जबकि इस अवधि में शुद्ध लाभ 4.22 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.

एफआईआई की हिस्सेदारी बढ़ी

कंपनी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में भी एक अहम बदलाव देखने को मिला है. विदेशी संस्थागत निवेशकों ने दिसंबर तिमाही के दौरान Mercury EV-Tech में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. इस अवधि में एफआईआई ने कंपनी के 14,71,638 शेयर खरीदे. इसके साथ ही दिसंबर तिमाही के अंत में एफआईआई की हिस्सेदारी बढ़कर 2.68 फीसदी हो गई, जो सितंबर 2025 तिमाही के अंत में 1.90 फीसदी थी.

कंपनी का कारोबार

साल 1986 में स्थापित Mercury EV-Tech इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और रिन्यूएबल एनर्जी सेगमेंट में काम करती है. कंपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर, इलेक्ट्रिक कार और इलेक्ट्रिक बसों के निर्माण और ट्रेडिंग से जुड़ी हुई है. इसके अलावा कंपनी इलेक्ट्रिक विंटेज व्हीकल और गोल्फ कार्ट जैसे खास प्रोडक्ट्स भी बनाती है. हॉस्पिटैलिटी और इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए कस्टमाइज्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल सॉल्यूशन देना भी इसके कारोबार का अहम हिस्सा है.

यह भी पढ़ें: ‘ऑर्डर बुक पर नहीं पड़ेगा बड़ा असर’, 126% अमेरिकी ड्यूटी के बीच शेयर धड़ाम होने के बाद बोली Waaree Energies

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.