HAL या BEL नहीं, ‘भारत के वॉरेन बफेट’ को इन 2 डिफेंस शेयरों पर भरोसा, लगा रखा है ₹1699 करोड़ का दांव

दिग्गज निवेशक नेमिश शाह ने डिफेंस और एयरोस्पेस सप्लाई चेन से जुड़ी कंपनियों LMW और ELGi Equipments पर बड़ा दांव लगाया है. तेजस फाइटर जेट और नौसेना प्रोजेक्ट्स से जुड़ाव के कारण इन शेयरों में तेजी आई है. मजबूत ऑर्डर बुक, कम कर्ज और सरकारी फोकस से निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है.

डिफेंस शेयर Image Credit: AI

भारत के दिग्गज वैल्यू इन्वेस्टर नेमिश शाह, जिन्हें “भारत का वॉरेन बफेट” भी कहा जाता है वह इन दिनों अपने पोर्टफोलियो की दो कम चर्चित लेकिन रणनीतिक कंपनियों को लेकर चर्चा में हैं. डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में बढ़ते सरकारी फोकस के बीच शाह ने HAL या BEL जैसे बड़े नामों के बजाय उन कंपनियों पर बड़ा दांव लगाया है जो फाइटर जेट और नौसेना प्रोजेक्ट्स की सप्लाई चेन में अहम भूमिका निभा रही हैं. आइये जानते हैं कि वे दोनों शेयर कौन से हैं.

Lakshmi Machine Works

Trendlyne के अनुसार, नेमिश शाह के व्यक्तिगत पोर्टफोलियो की वैल्यू करीब 3,234 करोड़ रुपये है और इसमें केवल 5 शेयर शामिल हैं. इनमें सबसे बड़ा निवेश Lakshmi Machine Works (LMW)में है जहां उनकी करीब 8.7% हिस्सेदारी है जिसकी वैल्यू करीब 1,439.2 करोड़ रुपये से ज्यादा की है.

क्या करती है LMW

16,953 करोड़ रुपये मार्केट कैप वाली LMW टेक्सटाइल मशीनरी के साथ-साथ डिफेंस और एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग में भी सक्रिय है. कंपनी HAL की टियर-1 पार्टनर है और तेजस फाइटर जेट के लिए एयर इंटेक मॉड्यूल सप्लाई करती है. HAL को 83 तेजस मार्क-1A जेट बनाने हैं और उत्पादन क्षमता सीमित होने से आउटसोर्सिंग बढ़ने पर LMW को फायदा मिल सकता है. कंपनी का ऑर्डर बुक 2,600 करोड़ रुपये का है, जिसमें 360 करोड़ रुपये एयरोस्पेस से जुड़े हैं। पिछले 5 साल में शेयर 6,150 रुपये से बढ़कर 15,536 रुपये तक पहुंचा है. यानी करीब 150% की तेजी आई है.

ELGi Equipments

Trendlyne के मुताबिक, शाह के पोर्टफोलियो की दूसरी अहम कंपनी ELGi Equipments है जिसमें उनकी 1.7% हिस्सेदारी करीब है जिसकी वैल्यू 260.2 करोड़ रुपये की है. 15,386 करोड़ रुपये मार्केट कैप वाली यह कंपनी दुनिया की छठी सबसे बड़ी एयर कंप्रेसर निर्माता है. कंपनी ने भारतीय नौसेना के लिए 500 बार तक हाई-प्रेशर कंप्रेसर स्वदेशी तौर पर तैयार किए हैं और रूसी सिस्टम को रिप्लेस कर बड़ी सफलता हासिल की है. FY20 से FY25 के बीच कंपनी की बिक्री 1,829 करोड़ से बढ़कर 3,510 करोड़ रुपये और मुनाफा 43 करोड़ से 350 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस दौरान शेयर 168 रुपये से बढ़कर 486 रुपये हो गया. यानी इसमें करीब 190% उछाल दर्ज की गई.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.