इन 4 कंपनियों ने बनाया ग्रोथ का तगड़ा प्लान, हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का मिल सकता है फायदा; निवेशक रखें नजर

रेलवे सेक्टर में सरकार के रिकॉर्ड कैपेक्स और 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स से Texmaco Rail & Engineering और Jupiter Wagons जैसी कंपनियां चर्चा में हैं. रेलवे नेटवर्क विस्तार, मेट्रो कोच, डेटा सेंटर और रेल इंफ्रा प्रोजेक्ट्स पर इन कंपनियों का बड़ा फोकस है. मजबूत ग्रोथ प्लान और बढ़ते निवेश के चलते ये रेलवे स्टॉक्स निवेशकों के रडार पर बने हुए हैं.

रेलवे स्टॉक Image Credit: money9live.com

Railway Stocks: रेलवे सेक्टर में सरकार के लगातार बढ़ते निवेश और नई परियोजनाओं के ऐलान के बाद इस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनियां निवेशकों के रडार पर आ गई हैं. भारतीय रेलवे को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, क्योंकि यह न केवल यात्री परिवहन बल्कि माल ढुलाई में भी अहम भूमिका निभाती है. केंद्र सरकार अब रेलवे नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए रिकॉर्ड स्तर पर कैपेक्स कर रही है. यूनियन बजट 2026-27 में रेलवे के लिए करीब 2.93 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है.

7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का प्लान

सरकार ने देशभर में 4,000 किलोमीटर से अधिक लंबे सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की है. इस परियोजना में लगभग 16 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा, पूर्व में दनकुनी से पश्चिम में सूरत तक नया डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे ईस्ट-वेस्ट व्यापार को मजबूती मिलेगी. वहीं, पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने के लिए 40 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड रेल कॉरिडोर भी बनाया जाएगा.

Texmaco Rail & Engineering

Texmaco Rail & Engineering देश की बड़ी फ्रेट कार मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल है. कंपनी भारतीय रेलवे के लिए कई प्रकार के हाई-पेलोड और स्टेनलेस स्टील वैगन तैयार करती है. इसके अलावा, कंपनी रेलवे ब्रिज और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए EPC सर्विस भी देती है. equitymaster की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 2030 तक 1,500 करोड़ रुपये के कैपेक्स की योजना पर काम कर रही है. बुधवार को कंपनी का शेयर 0.01 फीसदी बढ़कर 108.93 रुपये पर पहुंच गया है.

Titagarh Rail Systems

Titagarh Rail Systems देश की प्रमुख वैगन और कोच मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में गिनी जाती है. कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता 12,000 वैगन और करीब 300 कोच की है. कंपनी भारत में वैगन निर्माण मार्केट में लगभग 25 फीसदी हिस्सेदारी रखती है. कंपनी इस समय अहमदाबाद मेट्रो के लिए कार बॉडी निर्माण और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के लिए कोच बॉडी प्रोडक्शन पर काम कर रही है.

पश्चिम बंगाल के उत्तरपाड़ा में कंपनी ने इसके लिए नई मैन्युफैक्चरिंग लाइन स्थापित की है. बुधवार को कंपनी का शेयर 3.75 फीसदी बढ़कर 847.20 रुपये पर पहुंच गया है. Titagarh Rail अब एल्यूमिनियम मेट्रो कोच निर्माण क्षमता भी विकसित कर रही है.

RailTel Corporation of India

RailTel भारतीय रेलवे के लिए टेलीकॉम और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस प्रदान करती है. कंपनी का ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क देशभर में 67,956 किलोमीटर रेल ट्रैक और 7,000 से अधिक रेलवे स्टेशनों तक फैला हुआ है. RailTel अब डेटा सेंटर बिजनेस और AI आधारित रेलवे सिग्नलिंग सिस्टम पर तेजी से काम कर रही है. कंपनी देशभर में 102 एज डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है. बुधवार को कंपनी का शेयर 0.08 फीसदी बढ़कर 324.30 रुपये पर पहुंच गया है.

Jupiter Wagons

Jupiter Wagons विभिन्न प्रकार के रेलवे वैगन, व्हीलसेट और ट्रैक सॉल्यूशंस बनाने वाली प्रमुख कंपनी है. कंपनी भारत में 25-टन वैगन निर्माण में प्रमुख मानी जाती है. कंपनी भारत का पहला निजी रेल व्हील और एक्सल फोर्जिंग प्लांट स्थापित कर रही है, जिसके लिए लगभग 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. इस विस्तार से घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ निर्यात कारोबार को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है. बुधवार को कंपनी का शेयर 3.02 फीसदी बढ़कर 298.50 रुपये पर पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें: रिलायंस ने FY27 में तेल बाजार में उतार-चढ़ाव की दी चेतावनी, ग्रोथ के लिए गैस और ग्रीन केमिकल्स पर लगाया दांव

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.