रिकॉर्ड डेट नजदीक, Bonus Share देने जा रही ये 2 चर्चित कंपनियां, लिस्ट में टाटा ग्रुप का भी स्टॉक शामिल

1 जून से शुरू होने वाले हफ्ते रिटेल और वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर की दो कंपनियां बोनस शेयर के लिए एक्स-बोनस ट्रेड करेंगी. इनमें एक कंपनी 1:2 के अनुपात में और दूसरी 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर दे रही हैं. आइए इन दोनों शेयरों के बारे में विस्तार से जानते हैं.

बोनस शेयर Image Credit: Freepik

बोनस शेयर निवेशकों के लिए किसी अतिरिक्त लागत के बिना मिलने वाले अतिरिक्त शेयर होते हैं. कंपनियां अपने रिजर्व से मौजूदा शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी करती हैं. इससे शेयरों की संख्या बढ़ती है, बाजार में लिक्विडिटी बेहतर होती है और शेयर की कीमत अधिक किफायती स्तर पर आ जाती है, हालांकि, निवेशक की कुल होल्डिंग वैल्यू में कोई बदलाव नहीं होता. 1 जून से शुरू होने वाले हफ्ते रिटेल और वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर की दो कंपनियां बोनस शेयर के लिए एक्स-बोनस ट्रेड करेंगी. इनमें एक कंपनी 1:2 के अनुपात में और दूसरी 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर दे रही है. आइए जानते हैं इन दोनों शेयरों के बारे में.

Trent Ltd: 1:2 बोनस शेयर का ऐलान

Trent Limited ने 1:2 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की घोषणा की है. इसके तहत निवेशकों को हर 2 मौजूदा शेयरों पर 1 अतिरिक्त पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर मिलेगा. कंपनी ने इसके लिए 4 जून 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है. उदाहरण के तौर पर, यदि किसी निवेशक के पास Trent के 1,000 शेयर हैं, तो उसे 500 अतिरिक्त बोनस शेयर मिलेंगे. इसके बाद उसकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 1,500 शेयर हो जाएगी.

कंपनी का कारोबार

ट्रेंट, टाटा समूह की प्रमुख रिटेल कंपनियों में से एक है. कंपनी Westside, Zudio और Star Hypermarket जैसे ब्रांड्स का ऑपरेट करती है. फैशन, लाइफस्टाइल और ग्रोसरी रिटेल सेगमेंट में इसकी मजबूत मौजूदगी है. खासकर Zudio के जरिए कंपनी ने वैल्यू फैशन सेगमेंट में तेजी से विस्तार किया है.

मार्च तिमाही के नतीजे

वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम 19 फीसदी बढ़कर 5,028 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 4,217 करोड़ रुपये थी. EBITDA 40 फीसदी बढ़कर 911 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 651 करोड़ रुपये था. वहीं नेट प्रॉफिट 26 फीसदी बढ़कर 413 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल यह 312 करोड़ रुपये था. प्रति शेयर आय (EPS) भी 8.95 रुपये से बढ़कर 11.26 रुपये हो गई.

1 जून को बाजार खुलने से पहले कंपनी का मार्केट कैप करीब 1.52 लाख करोड़ रुपये है. हालिया कारोबारी सत्र में शेयर 4,265 रुपये पर बंद हुआ.

Anand Rathi Wealth: 1:1 बोनस शेयर देगी कंपनी

Anand Rathi Wealth Limited ने 1:1 बोनस शेयर जारी करने की घोषणा की है. यानी निवेशकों को प्रत्येक 1 मौजूदा शेयर पर 1 अतिरिक्त शेयर मिलेगा. इस बोनस इश्यू की रिकॉर्ड डेट 3 जून 2026 तय की गई है. अगर किसी निवेशक के पास कंपनी के 1,000 शेयर हैं, तो उसे 1,000 अतिरिक्त बोनस शेयर मिलेंगे और कुल शेयरों की संख्या बढ़कर 2,000 हो जाएगी.

कंपनी का कारोबार

Anand Rathi Wealth की स्थापना 22 मार्च 1995 को हुई थी. यह AMFI-पंजीकृत म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर है और भारत की प्रमुख नॉन-बैंक वेल्थ मैनेजमेंट कंपनियों में शामिल है.

मार्च तिमाही के नतीजे

मार्च 2026 तिमाही में कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम 30 फीसदी बढ़कर 277 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 213 करोड़ रुपये थी. हालांकि EBITDA 6 फीसदी घटकर 83.1 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले 88.7 करोड़ रुपये था. इसके बावजूद कंपनी का नेट प्रॉफिट 41 फीसदी बढ़कर 102 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 72.4 करोड़ रुपये था. EPS भी 8.72 रुपये से बढ़कर 12.31 रुपये हो गया.

1 जून को बाजार खुलने से पहले कंपनी का मार्केट कैप करीब 28,509 करोड़ रुपये है. हालिया कारोबारी सत्र में इसका शेयर 3,434 रुपये पर बंद हुआ.

इसे भी पढ़ें- 1 जून को इन शेयरों पर रहेगी नजर, दिखेगा तगड़ा एक्शन! लिस्ट में Textile Stocks से लेकर Suzlon Energy जैसे दिग्गज

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.